Saturday 13 June 2015

अब अपनी मांद से निकल कर दहाड़ेगा (!) बॉलीवुड का हीरो

आईपीएल के ख़त्म होने के बाद बॉलीवुड के शेर अपनी माद से निकलने शुरू हो जायेंगे।  अब यह बॉक्स ऑफिस पर बब्बर शेर की तरह दहाड़ मारते हुए, खुद के शेर होने का एहसास कराएँगे।  बॉलीवुड के छोटे बड़े सितारों से मिल कर बनी हिंदी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने को कमर कस चुकी है।  ५ जून से कभी किसी सुपर स्टार की तो कभी मल्टी स्टार कास्ट महँगी फिल्मों का सिलसिला शुरू हो जायेगा। तमाम खान सुरक्षित तारीखों में बाजू फड़का रहे होंगे।  दर्शक बढ़ी टिकट दरों के बावजूद तालियां बजा कर इनकी हौसलाअफज़ाई कर रहा होगा।  आइये डालते हैं एक नज़र अगले कुछ महीनों के बॉक्स ऑफिस के नज़ारों पर -
दिल धड़कने दो- सबसे पहले ५ जून को धड़केगा बॉलीवुड का दिल। डायरेक्टर ज़ोया अख्तर एक बार फिर मल्टीस्टारर फिल्म 'दिल धड़कने दो' ले कर आ रही है। यह एक बर्बाद पंजाबी परिवार की कहानी है। इस मेहरा परिवार के मुखिया कमल मेहरा बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर बने हैं।  उनके परिवार के सदस्यों में प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह और शेफाली शाह के चरित्र शामिल हैं।  इस परिवार को अनुष्का शर्मा, राहुल बोस, फरहान अख्तर और ज़रीना वहाब कुछ ज़्यादा बड़ा बनाते हैं।  क्या दर्शकों का दिल धड़केगा ?
एबीसीडी २- रेमो फर्नांडीज़ की यह सीक्वल फिल्म वरुण धवन और श्रद्धा कपूर के साथ प्रभुदेवा, लॉरेन गोट्लिएब, धर्मेश येलांदे, पुनीत पाठक, आदि १३ डांसिंग सेंसेशन के कारण मल्टीस्टारकास्ट वाली फिल्म बन जाती है।  इस फिल्म का त्रिआयामी प्रभाव दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण हो सकता है।
बजरंगी भाईजान- १७ जुलाई को सबसे अधिक विवादित रूप से चर्चित बॉलीवुड के सुपर स्टार अभिनेता सलमान खान के बजरंगी भाईजान का इम्तिहान होगा।  यह फिल्म एक पाकिस्तानी बच्ची के भारत पहुँच जाने और बजरंगी द्वारा उसे पाकिस्तान पहुंचाने की कहानी है।  फिल्म काफी कुछ 'ग़दर एक प्रेम कथा' से प्रेरित लगती है।  फिल्म में इमोशनल इफ़ेक्ट भी हैं।  सलमान खान इमोशन के मामले में  कच्चे हैं। क्या वह करीना कपूर, नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी और दीप्ति नवल के साथ अपनी १०० करोड़ के आसपास के बजट से बनी इस फिल्म को इतना बिज़नेस दिला पाएंगे कि फिल्म सलमान खान के स्टार स्टेटस को साबित करे? वैसे उनको हिट एंड रन केस में हुई सज़ा उनकी फिल्म को खाद पानी देगी।
दृश्यम- बॉलीवुड के एक दूसरे सुपर स्टार अजय देवगन ने थोड़ा सेफ गेम खेलने की कोशिश की है।  उनकी  निशिकांत कामथ निर्देशित मलयालम फिल्म की रीमेक फिल्म 'दृश्यम' को 'बजरंगी भाईजान' के दो हफ्ते बाद यानि ३१ जुलाई को  रिलीज़ किया जा रहा है।  इस फिल्म में अजय देवगन एक आम आदमी बने हैं, जो अपने परिवार के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। फिल्म में दक्षिण की सफल अभिनेत्री श्रिया शरण उनकी बीवी का किरदार कर रही हैं।  तब्बू ने पुलिस अफसर का रोल किया है।  मलयाली भाषा की 'दृश्यम' मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल फिल्मों में शुमार है।  इसलिए अजय देवगन को निशिकांत कामथ के साथ फिल्म के हिट होने का भरोसा है।
ब्रदर्स- बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद अभिनेता और अलग तरह की हिट फिल्मों के नायक अक्षय कुमार इस साल तीसरी बार दर्शकों के रु-ब-रु होंगे।  उनकी पहली दो फ़िल्में 'बेबी' और 'गब्बर इज़ बैक' हिट रही हैं।  इसलिए करण मल्होत्रा निर्देशित, मार्शल आर्ट्स पर दो भाइयों के संघर्ष की, हॉलीवुड फिल्म 'वारियर' की रीमेक, फिल्म 'ब्रदर्स' के सफल होने की पूरी उम्मीद है।  इस फिल्म में अक्षय कुमार के भाई की भूमिका सिद्धार्थ मल्होत्रा कर रहे हैं। 'ब्रदर्स' के लिए अक्षय कुमार ने अपना वजन १० किलोग्राम तक कम किया था। इस फिल्म की नायिका जैक्विलिन फर्नांडीज़  के अलावा जैकी श्रॉफ की भूमिका भी खास है।  करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस की यह फिल्म क्या १४ अगस्त को इंडिपेंडेंस डे वीकेंड का फायदा उठाने में कामयाब होगी ?
अगस्त में यह भी- अक्षय कुमार की फिल्म के बाद अभिषेक बच्चन, असिन, ऋषि कपूर और सुप्रिया पाठक की उमेश शुक्ल निर्देशित रोड ट्रिप फिल्म 'आल इज़ वेल', कबीर खान निर्देशित सैफ अली खान और कटरीना कैफ निर्देशित एक्शन ड्रामा स्पाई फिल्म 'फैंटम',  विकास बहल निर्देशित शाहिद कपूर और आलिया भट्ट अभिनीत रॉम कॉम फिल्म 'शानदार' भी रिलीज़ होगी।
गांधी जयंती पर टकराव- बड़े सितारों की सेफ वीकेंड की चाहत का नतीजा जॉन अब्राहम की फिल्म 'रॉकी हैंडसम' और अक्षय कुमार की फिल्म 'सिंह इज़ ब्लिंग' का बड़ा टकराव है।  यह दोनों फ़िल्में गांधी जयंती के सेफ वीकेंड २ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही हैं।  रॉकी हैंडसम निशिकांत कामथ की एक्शन फिल्म है।  इस फिल्म में जॉन की नायिका श्रुति हासन हैं।  सिंह इज़ ब्लिंग के निर्देशक प्रभुदेवा हैं।  एमी जैक्सन अक्षय की नायिका हैं। प्रभुदेवा और अक्षय कुमार के हिट राउडी राठोर कॉम्बिनेशन का बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया बिज़नेस करने की पूरी उम्मीद की जा रही है।
जज़्बा- संजय गुप्ता की इस एक्शन फिल्म से ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी वापसी कर रही हैं।  एक महिला वकील की अपनी बेटी को बचाने की दास्तान 'जज़्बा' का निर्देशन संजय गुप्ता ने किया है। इरफ़ान खान, शबाना आज़मी और अनुपम खेर अन्य सितारे हैं। यह फिल्म कोरियाई फिल्म '७ डेज' का रीमेक हैं।
प्रेम रतन धन पायो- सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी इस दिवाली वीकेंड पर दर्शकों को आकर्षित  करने की तैयारी में हैं। सलमान खान की दोहरी भूमिका वाली इस फिल्म को सोनम कपूर और नील नितिन मुकेश  के साथ अनुपम खेर, स्वरा भास्कर, दीपक डोबरियाल, संजय मिश्रा और अरमान कोहली मल्टीस्टार कास्ट फिल्म बना रहे हैं।
घायल वन्स अगेन- सलमान खान की फिल्म प्रेम रतन धन पायो ११ नवंबर को रिलीज़ होगी।  अब तक की खबरों के अनुसार सनी देओल दो दिन बाद खान को चुनौती देंगे।  लेकिन, यहाँ बड़ा सवाल यह है कि क्या सनी देओल की फिल्म को दो दिन बाद ही सही इतनी स्क्रीन्स मिल पाएंगी कि वह सलमान खान को चुनौती साबित हो सके ?
तमाशा- आज तक की खबर है कि इम्तियाज़ अली की रोमांस फिल्म 'तमाशा' २७ नवंबर को रिलीज़ होगी।  इस  फिल्म में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की जोड़ी है।  क्या रॉय और बॉम्बे वेल्वेट की असफलता से घायल रणबीर कपूर को आखिरकार इस साल की पहली हिट फिल्म मिल सकेगी ? वैसे इस फिल्म के अगले साल रिलीज़ होनी की ज़्यादा संभावना है।  लेकिन, अगर रिलीज़ होती है तो क्या रणबीर कपूर का तमाशा बनेगा ?  क्योंकि, अब रणबीर-दीपिका की जोड़ी में वह गरमी नहीं बची।
साल २०१५ का आखिरी तमाशा - बॉलीवुड की निगाहें २०१५ के आखिरी दो हफ़्तों पर लगी होंगी।  इस बार के क्रिसमस वीकेंड पर खान ही काबिज़ हैं, लेकिन यह खान आमिर नहीं शाहरुख़ खान है।  शाहरुख़ खान और रोहित शेट्टी 'चेन्नई एक्सप्रेस' के बाद 'दिलवाले' में फिर साथ हैं।  इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म में शाहरुख़ खान और काजोल की जोड़ी फिर बनाई गई है।  दक्षिण की अभिनेत्री कीर्ति सेनन ने 'दिलवाले' की सेकंड लीड के लिए अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'सिंह इज़ ब्लिंग' छोड़ दी थी।  दिलवाले में कीर्ति सेनन की जोड़ी खान के छोटे भाई बने वरुण धवन के साथ है। कबीर बेदी, विनोद खन्ना, बोमन ईरानी, संजय शर्मा, जॉनी लीवर, मुकेश तिवारी और मुरली शर्मा का फिल्म में जमावड़ा है।  चूंकि, दिलवाले को क्रिसमस वीकेंड में रिलीज़ होना था, इसलिए संजय लीला भंसाली अपनी ऐतिहासिक रोमांस ड्रामा फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' को १८ दिसंबर को रिलीज़ कर रहे हैं।  इस फिल्म में बाजीराव बने रणवीर सिंह के साथ नर्तकी मस्तानी बनी दीपिका पादुकोण रासलीला रचा रही हैं।  उनको फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के बाजीराव की पत्नी काशीबाई के किरदार से चुनौती मिल रही है।  'बाजीराव मस्तानी' के साथ हिट हेरा फेरी फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म 'हेराफेरी ३' रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म में पहले की दो हेरा फेरी फिल्मों की परेश रावल और सुनील शेट्टी जोड़ी के साथ जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन की नई एंट्री हो रही है। क्या नीरज वोरा की यह कॉमेडी फिल्म संजयलीला भंसाली की ऐतिहासिक रोमांस ड्रामा फिल्म को कड़ी चुनौती दे पाएगी ?
२०१५ के आखिरी सात महीने बॉलीवुड के लिए जितने ख़ास हैं, उतने ही सलमान खान, शाहरुख़ खान, सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन के लिए भी ख़ास है।  यह फ़िल्में हिट हुई तो तमाम सफल सितारे ज़्यादा सफल माने जायेंगे, कई नवोदित अभिनेत्रियां अपने पाँव मज़बूती से जमा लेंगी।  दिलचस्प होगा यह जानना कि सलमान खान ४०० करोड़ वर्ल्डवाइड कमा पाते हैं ? क्या दीपिका- रणवीर रोमांस फिर रंग लाएगा ?

No comments:

Post a Comment