Wednesday 20 September 2017

क्या चुक गए हैं बॉलीवुड के स्टार चेहरे ?

इस साल के शुरू में निर्देशक इक़बाल सुलेमान की एक ड्रामा फिल्म आमिर सलमान शाहरुख़ रिलीज़ हुई थी। बॉलीवुड के तीन बड़े सितारों के नामों से बने टाइटल वाली इस फिल्म में बिलकुल नए चेहरे थे।  यह फिल्म ज़्यादातर जगहों पर रिलीज़ ही नहीं हो पाई।  जहाँ भी रिलीज़ हुई वहाँ के बॉक्स ऑफिस आंकड़े बेहद निराशाजनक थे।  फिल्म कुछ हजार में ही सिमट गई।  इस फिल्म को फ्लॉप होना ही था।  लेकिन, साल के पहले शुक्रवार रिलीज़ फिल्म का टाइटल कोई इशारा करता लग रहा था।  यह इशारा था कि बॉलीवुड के तीन सुपर स्टार सलमान खान, आमिर खान और शाहरुख़ खान या कहिये सभी बड़े अभिनेताओं का सितारा अस्त होने जा रहा है।
बॉक्स ऑफिस के बादशाह को झटका
तीन हफ्ते बाद ही पहला इशारा मिल गया।  २५ जनवरी को यानि गणतंत्र दिवस के उपजाऊ वीकेंड में दो बड़ी फ़िल्में हृथिक रोशन की फिल्म काबिल और शाहरुख खान की फिल्म रईस रिलीज़ हुई थी।  अमूमन इस वीकेंड में रिलीज़ फ़िल्में ज़बरदस्त बिज़नेस करती हैं।  इसलिए, कहा जा सकता है कि शाहरुख़ खान ने खुद काबिल से टकराने का मौक़ा पैदा कर दिया था।  बॉलीवुड के दो बड़े सितारों की फिल्मों पर तमाम निगाहें लगी हुई थी।  इनके प्रशंसक दर्शक इस टकराव को दिलचस्पी से देख रहे थे।  इन दोनों ही फिल्मों ने १०० करोड़ क्लब में शामिल होने का सम्मान पाया।  लेकिन, नुकसान दोनों ही  फिल्मों को हुआ।  रईस का बजट ६५ करोड़ का था।  फिल्म के प्रिंट्स और प्रचार में २० करोड़ खर्च हुए।  रईस ने बॉक्स ऑफिस पर १२९ करोड़ का नेट किया।  साफ़ तौर पर बजट और शाहरुख़ खान के कद के लिहाज़ से इतनी कमाई फिल्म को औसत ही साबित करती थी।  इसी तरह से काबिल के निर्माण में ५० करोड़ खर्च हुए थे।  इस फिल्म का १०३ करोड़ का नेट, इसे हिट फिल्मों में शुमार नहीं करता था।  साफ़ तौर पर २०१७ के पहले हफ्ते में ही बॉलीवुड के दो बड़े सितारों को बड़ा झटका लगा था।
अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना ९-९ करोड़
बॉक्स ऑफिस के अगले शिकार हुए अमिताभ बच्चन।  इंडस्ट्री के मेगा स्टार, वन मैन इंडस्ट्री, आदि न जाने कितनी उपाधियों से नवाज़े जाने वाले अमिताभ बच्चन की १२ मई को फिल्म सरकार ३ मई रिलीज़ हुई थी।रामगोपाल वर्मा और अमिताभ बच्चन की निर्देशक-अभिनेता की हिट सरकार फ्रैंचाइज़ी ने बॉक्स ऑफिस पर हमेशा ही उम्दा बिज़नेस किया था।  इसलिए, सरकार ३ के भी बढ़िया बिज़नेस की उम्मीद थी।  इस फिल्म के निर्माण में ३५ करोड़ खर्च हुए थे।  मगर, सरकार ३ ने बॉक्स ऑफिस पर केवल ९.२५ करोड़ का निराशाजनक बिज़नेस किया था।  दिलचस्प तथ्य यह था कि १२ मई को ही आयुष्मान खुराना और परिणीति चोपड़ा की फिल्म मेरी प्यारी बिंदु भी रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म का बिज़नेस भी अमिताभ बच्चन की फिल्म सरकार ३ का  बिज़नेस के बराबर हुआ।  इसके बावजूद सरकार ३ जहाँ फ्लॉप साबित हुई, वही मेरी प्यारी बिंदु को अमिताभ बच्चन की फिल्म के बराबर बिज़नेस करने का संतोष मिला।
बॉक्स ऑफिस पर ट्यूबलाइट साबित हुए सलमान खान
आम तौर पर सलमान खान की फिल्मों को ईदी ज़बरदस्त मिलती है।  २०१७ से पहले तक रिलीज़ सलमान खान की फिल्मों का रिकॉर्ड तो यही बताता है।  इसलिये, सलमान खान की कबीर खान निर्देशित फिल्म ट्यूबलाइट का हॉलिडे क्राउड द्वारा बेसब्री से इंतज़ार इंतज़ार किया जा रहा था।  इस फिल्म के  निर्माण में १०० करोड़ खर्च हो गए थे।  कबीर खान और सलमान खान जोड़ी ने एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान जैसी सुपर डूपर हिट फ़िल्में दी हैं।  इसलिए ट्यूबलाइट की सफलता पर सन्देह का कोई कारण नज़र नहीं आ रहा था।  लेकिन, बॉक्स ऑफिस ने तेवर दिखाए।  ईद वीकेंड किसी काम न आया।  सलमान खान की फिल्म अपना कलेक्शन बमुश्किल तमाम १०० करोड़ से ऊपर रख सकी।  इस फिल्म को नुक्सान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सलमान खान को इस फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर के घाटे की भरपाई करनी पड़ी ।
जब इंडिपेंडेंस वीकेंड नहीं मिला खान को
ट्यूबलाइट से जुड़ा एक दिलचस्प तथ्य।  ट्यूबलाइट में शाहरुख़ खान का कैमिया अपीयरेंस था।  यह कैमिया भी फिल्म को ले डूबा।  शाहरुख़ खान की फिल्म को तो उनका तीसरा अपीयरेंस भी ले डूबा।  शाहरुख़ खान की बतौर नायक साल की दूसरी फिल्म जब हैरी मेट सेजल ४ अगस्त को रिलीज़ हुई।  शाहरुख़ खान ने अपनी फिल्म को इंडिपेंडेंस वीकेंड का फायदा उठाने के लिए रिलीज़ किया था।  इस वीकेंड यानि ११ अगस्त को अक्षय कुमार की फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा की रिलीज़ तय थी।  शाहरुख़ खान को ऐसा लगता था कि अक्षय कुमार घबरा कर अपनी फिल्म की रिलीज़ की तारीख आगे बढ़ा लेंगे।  लेकिन, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दुबारा से शाहरुख़ खान से चोट खाये अक्षय कुमार ने फिल्म की  तारीख बदलने से इंकार कर दिया।  नतीजतन शाहरुख़ खान की फिल्म जब हैरी मेट सेजल ४ अगस्त को रिलीज़ हुई।  शाहरुख़ खान सोचते थे कि उनकी फिल्म पहले रिलीज़ हो कर बड़ी हिट होगी और अक्षय कुमार की फिल्म को नुकसान पहुंचाएगी।  मगर, जब हैरी मेट सेजल बुरी तरह से असफल हुई।  फिल्म के वितरक ने शाहरुख़ खान से अपनी फिल्म को हुए घाटे की भरपाई के लिए दबाव बनाना शुरू का दिया।
बज रही है खतरे की घंटी
बॉलीवुड के सुपर सितारों की बजी पड़ी है।  सलमान खान ट्यूबलाइट और शाहरुख़ खान रईस और जब हैरी मेट सेजल जैसी उनकी प्रतिष्ठा के विरुद्ध फ़िल्में दे चुके हैं।  आमिर खान अभी तक अजेय अभिनेता साबित होते रहे हैं। इस साल आमिर खान की बतौर नायक कोई भी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई है।  उनकी पहली परीक्षा १९ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार से होगी।  यह म्यूजिकल फिल्म एक टीनएजर के इर्दगिर्द घूमती है, जो संगीत में अपना करियर बनाना चाहती है।  निर्माता आमिर खान की इस फिल्म में दंगल गर्ल जायरा वसीम मुख्य किरदार कर रही हैं।  फिल्म में आमिर खान का करैक्टर जायरा की मदद करता है।  सीक्रेट सुपर स्टार दीवाली वीकेंड में रिलीज़ हो रही है।  इसलिए, आमिर खान की फिल्म को बढ़िया बिज़नेस करना ही होगा। लेकिन, उनके आड़े आ रहे हैं अजय देवगन।  उनकी गोलमाल फ्रैंचाइज़ी की फिल्म  गोलमाल अगेन दीवाली वीकेंड पर ही रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म से आमिर खान को कठिन चुनौती मिलेगी।
वंडर वुमन से पिटी बेवॉच प्रियंका चोपड़ा
२ जून को बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प नज़ारा था।  टीवी सीरीज क्वांटिको के बाद प्रियंका चोपड़ा की पहली हॉलीवुड फिल्म बेवॉच रिलीज़ हो रही थी।  आम तौर पर हॉलीवुड की फिल्मों में एशिया  के किसी देश के कलाकार को मार्किट में फायदे के लिहाज़ से लिया जाता है।  ड्वेन 'द डॉक जॉनसन की समुद्र के किनारे घूमने वाले लाइफ गार्ड पर फिल्म बेवॉच में प्रियंका चोपड़ा ने तो फिल्म की मुख्य विलेन का किरदार किया था।  उन्होंने फिल्म में अपनी सेक्सी इमेज को धार देने की भरपूर कोशिश की थी।  ड्वेन जॉनसन को उम्मीद थी कि हिंदुस्तान के बॉक्स ऑफिस पर प्रियंका चोपड़ा फिल्म को हिट बना  देंगी।  लेकिन, पूरी दुनिया की तरह बेवॉच हिंदुस्तान में औंधे मुंह गिरी।  इस फिल्म ने महज ७.९० करोड़ का बिज़नेस किया।  बेवॉच ड्वेन जॉनसन की फिल्म थी।  इसलिए प्रियंका चोपड़ा की कद को आंच नहीं आनी चाहिए थी।  लेकिन, ऐसा हुआ वंडर वुमन के कारण।  हॉलीवुड की पहली वीमेन सुपर हीरो  फिल्म वंडर वुमन ने हिंदुस्तान में तहलका मचा दिया। इसरायली अभिनेत्री गाल गैडोट सुपर हीरो भूमिका वाली फिल्म वंडर वुमन ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर १६.५० करोड़ का बिज़नेस कर जाता दिया कि प्रियंका चोपड़ा क्या किसी भी बॉलीवुड स्टार में इतना दम नहीं कि वह खुद के बूते किसी हॉलीवुड फिल्म को हिट बना दे।
दीवाली वीकेंड में क्या होगा ! क्या शाहरुख़, सलमान और आमिर का सितारा अस्त होने को है? शाहरुख़ खान का स्टारडम खतरे में है।  रईस और जब हैरी मेट सेजल के बाद यह तय हो गया है। क्या आनंद एल राज की फिल्म उन्हें बचा पाएगी ? सलमान खान ट्यूबलाइट जैसी बड़ी फ्लॉप फिल्म दे ही चुके हैं।  उनकी सुपर हिट फिल्म एक था टाइगर की सीक्वल टाइगर ज़िंदा है २२ दिसंबर यानि क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस रिजल्ट सलमान खान का भविष्य तय कर देगा।  लेकिन, उससे पहले सीक्रेट सुपर स्टार आमिर खान को बॉक्स ऑफिस पर दंगल लड़ने को मज़बूर कर रहा है।

No comments:

Post a Comment