Tuesday 19 September 2017

हॉकी खिलाड़ी बनेंगे दिलजीत दोसांझ और तापसी पन्नू

साथिया और बंटी और बबली के बाद लगातार फ्लॉप फ़िल्में दे रहे निर्देशक शाद अली (पिछली फ्लॉप फ़िल्में ओके जानू, किल दिल) एक बायोपिक फिल्म बनाने जा रहे हैं।  यह बायोपिक मशहूर हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के जुझारू जीवन पर आधारित है।  संदीप सिंह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान, फुल बैक और पेनल्टी कार्नर विशेषज्ञ थे।  २२ अगस्त २००६ को वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के कैंप जाने के लिए शताब्दी ट्रेन में बैठे
संदीप सिंह एक एक्सीडेंटल गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल हो गए।  वह लकवाग्रस्त हो कर व्हील चेयर पर आ गए।  उनका हॉकी करियर बिलकुल ख़त्म हो गया।  इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।  उन्होंने दो साल की कड़ी मेहनत के बाद न केवल व्हील चेयर से छुटकारा पाया, बल्कि भारतीय टीम में भी शामिल होने में सफलता हासिल की।  ऐसे जुझारू, साहसी और प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी पर शाद अली की फिल्म में संदीप सिंह का किरदार पंजाबी फिल्मों के सुपर स्टार दिलजीत दोसांझ करेंगे। फिल्म में तापसी पन्नू भी एक
अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी के किरदार में नज़र आएँगी।  इस फिल्म में हॉकी खिलाड़ी की एक भूमिका में भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर बिशन सिंह बेदी के पुत्र अंगद बेदी (पिंक के राजवीर सिंह) को  संदीप सिंह के बड़े भाई के किरदार में लिया गया है। इस फिल्म की शूटिंग अगले महीने से शुरू हो जाएगी।  फिल्म के अगले साल के मध्य में रिलीज़ होने की संभावना है।   

No comments:

Post a Comment