Sunday 4 March 2018

अब परदे पर लड़ा जायेगा पानीपत का युद्ध !

ऐतिहासिक- प्रागैतिहासिक फिल्म खेले हम जी जान से और मोहनजोदड़ो की असफलता के बावजूद, निर्माता-निर्देशक आशुतोष गोवारिकर ने हठ नहीं छोड़ा है।  वह अभी भी ऐतिहासिक फिल्म बनाने में जी जान से जुटे हुए हैं। इस बार उनके कैमरे की जद में, दिल्ली से ९७ किलोमीटर दूर उत्तर में पानीपत के मैदान में १४ जनवरी १७६१ को लड़ा गया पानीपत का तीसरा युद्ध है। यह युद्ध मराठा युद्द्धों और अफगानिस्तान के आक्रमणकारी अहमदशाह अब्दाली की सेना के बीच लड़ा गया था।  आशुतोष गोवारिकर ने जोधा अकबर जैसी सफल ऐतिहासिक-काल्पनिक फिल्म बनाई है।  इसलिए, उनकी इस फिल्म पर निगाहें होंगी ही।  कौन होंगे उनकी फिल्म के कलाकार !  पिछले दिनों यह खबर थी कि आशुतोष गोवारिकर हिट मराठी फिल्म आपला मानुष का हिंदी रीमेक बनाना चाहते हैं।  इस बारे में, उनके करीना कपूर खान से मिलने की भी खबर थी।  लेकिन, अब एक चौंकाने वाली खबर है।  एक वेबसाइट के मुताबिक़, करीना कपूर खान और आशुतोष गोवारिकर के बीच बातचीत हुई थी।  लेकिन, यह आपला मानुष के हिंदी रीमेक के लिए नहीं, बल्कि पानीपत के तीसरे युद्ध पर फिल्म को लेकर थी। इस युद्ध में अर्जुन कपूर और संजय दत्त भी होंगे।  दरअसल, यह युद्ध ही संजय दत्त के किरदार अहमद शाह अब्दाली और अर्जुन कपूर के किरदार मराठा सेना का नतृत्व करने वाले सदाशिवराव भाउ के बीच लड़ा जायेगा। सदाशिव राव महान मराठा योद्धा बाजीराव (इन पर फिल्म बाजीराव मस्तानी बनी थी) के भतीजे थे।  इस युद्ध में वह वीरगति को प्राप्त होते हैं। करीना कपूर सदाशिवराव भाउ की दूसरी पत्नी पार्वतीबाई की भूमिका करेंगी।  की एंड का के बादअर्जुन कपूर और करीना कपूर की यह दूसरी फिल्म होगी। इस साल इन तीन कलाकारों की एक एक फिल्म रिलीज़ होनी है।  करीना कपूर की वीरे दी वेडिंग जल्द रिलीज़ होने वाली है।  संजय दत्त अपनी बायोपिक फिल्म और अर्जुन कपूर संदीप और पिंकी फरार में नज़र आएंगे। 

बॉलीवुड न्यूज़ ४ मार्च - पढ़ने के लिए  क्लिक करें

No comments:

Post a Comment