Wednesday 31 January 2018

कमल हासन के साथ इंडियन २ नयनतारा

कमल हासन के सौजन्य से हिंदी फिल्म दर्शक, दक्षिण की एक अन्य प्रतिभाशाली अभिनेत्री नयनतारा से परिचित हो सकते हैं। नयनतारा तमिल और तेलुगु सिनेमा का एक प्रतिष्ठित और बड़ा नाम हैं। वह दक्षिण के तमाम बड़े अभिनेताओं के साथ फ़िल्में कर चुकी हैं। पिछला साल, उनके करियर के लिहाज़ से काफी अच्छा गया। उनकी फिल्म अरम्म, न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई, बल्कि इस फिल्म में आईएएस ऑफिसर की भूमिका में नयनतारा के अभिनय की प्रशंसा भी हुई। इस साल रिलीज़ फहद फासिल और शिवकार्तिकेयन के साथ उनकी दूसरी फिल्म तमिल सोशल थ्रिलर वेलाइक्करण में भी उनके अभिनय की प्रशंसा हुई। इसी साल, १२ जनवरी को रिलीज़ नंदिमुरी बालकृष्ण के साथ उनकी तेलुगु एक्शन ड्रामा फिल्म जय सिम्हा को  भी ज़बरदस्त सफलता मिली है। तीस करोड़ के बजट में बनी जय सिम्हा अब तक ७७ करोड़ का कारोबार कर चुकी है। इसके जल्द ही १०० करोड़ क्लब में शामिल होने की संभावना है। वह इस समय की सबसे व्यस्त अभिनेत्री हैं। अब कमल हासन भी उनके साथ फिल्म इंडियन २ का निर्माण करने जा रहे हैं। यह फिल्म १९९६ में रिलीज़ कमल हासन, उर्मिला मातोंडकर और मनीषा कोइराला की फिल्म इंडियन की सीक्वल फिल्म है। इंडियन एक स्वतंत्रता सेनानी की कहानी थी, जो भ्रष्ट लोगों को बुरी तरह से मौत की सज़ा देता है। इंडियन २ भी भ्रष्टाचार पर फिल्म होगी। सीक्वल फिल्म में, जहाँ कमल हासन अपनी पिछली फिल्म की भूमिका को आगे बढ़ाएंगे, वहीँ नयनतारा भी एक क्रांतिकारी का किरदार करेंगी, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ कमल हासन के इंडियन किरदार की सहयोगी है। जयललिता की मृत्यु के बाद तमिल राजनीति में एक बार फिर तमिल फिल्म एक्टरों के दबदबे के आसार हैं। रजनीकांत पहले ही कमर कस चुके हैं। कमल हासन भी अपनी राजनीतिक इच्छा का ऐलान कर चुके हैं। वह इंडियन २ के अलावा फिल्म विश्वरूपम २ से अपनी राजनीतिक छवि पुख्ता करने का प्रयास करेंगे।  क्या नयनतारा इसमे उनका साथ देंगी ? इतना तो तय है कि इसी बहाने हिंदी फिल्म दर्शकों का परिचय नयनतारा के साथ भी हो जायेगा। 

No comments:

Post a Comment