Sunday 8 March 2020

Boldness का एहसास कराती बॉलीवुड की अभिनेत्रियां


कभी टॉप पर रही बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित, अब चरित्र भूमिकाओं में नज़र आने लगी हैं। रवीना टंडन अनीता राज, रानी मुख़र्जी, आदि भी अपनी उम्र के अनुरूप भूमिकाये करने लगी है। यह अभिनेत्रियाँ अपने से छोटी उम्र के एक्टर से ठिठोली करती परदे पर अच्छी लगेंगी भी नहीं। उनके हमउम्र खान अभिनेता भी इनके साथ रोमांस करने में हिचकते हैं। ऐसे में बॉलीवुड को नए चेहरों की ज़रुरत है। ज़रुरत ही नहीं, ढेरों नए चेहरे मिल भी रहे हैं बॉलीवुड को। लेकिन, यह नए चेहरे, सिर्फ एक चेहरा भर नहीं। वह अपनी पूर्ववर्ती बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्रियों से कई मायनों में अलग है। बोल्ड एंड ब्यूटीफुल तो हैं ही, प्रतिभाशाली और साहसी भी हैं।

उम्रदराज अभिनेताओं की काजल और रानी
इस साल प्रदर्शित, अजय देवगन की फिल्म तानाजी द अनसंग वारियर में तानाजी मलुश्रे यानि अजय देवगन की रील लाइफ पत्नी सावित्रीबाई मलुश्रे की भूमिका, उनकी रियल लाइफ पत्नी काजोल कर रही थी। काजोल आजकल जब भी परदे पर आती हैं किसी परिपक्व चरित्र भूमिका में ही होती है। अक्षय कुमार की मार्च में रिलीज़ हो रही, रोहित शेट्टी के साथ पहली एक्शन फिल्म सूर्यवंशी में अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की जोड़ी लम्बे समय बाद बन रही है।२००७ में इस जोड़ी ने तहलका मचा दिया था। सैफ अली खान बबली और बंटी २ में नए बंटी बने है, लेकिन उनकी बबली वही पुरानी रानी मुख़र्जी हैं। संजय दत्त के साथ सड़क २ में एक बार फिर सड़क वाली पूजा भट्ट उनकी जोड़ीदार हैं। लाल सिंह चड्डा में टाइटल भूमिका में आमिर खान की रील लाइफ लवर करीना कपूर खान बनी हुई है।

उम्रदराज एक्टरों की कमउम्र अभिनेत्रियाँ
लेकिन,अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब से नज़ारा काफी बदला बदला सा नज़र आता है। उस दिन, सलमान खान की फिल्म राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई भी रिलीज़ हो रही है। इन दोनों ही फिल्मों में फिफ्टी प्लस के अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ उनके रोमांस के तौर पर, कल बॉलीवुड में उतरी छोरियां हैं। बेशक यह युवा अभिनेत्रियाँ अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब और सलमान खान की फिल्म राधे में अपने नायकों के एक्शन और तनाव के क्षणों में अपने ग्लैमर से दर्शकों को थोड़ी राहत पहुंचाएंगी। लेकिन, अपनी दूसरी फिल्मों में वह बिलकुल नए अंदाज़ और नए रूप में भी नज़र आयेंगी।

किअरा अडवाणी- लक्ष्मी बम में अक्षय कुमार के राघव की प्रिया बनी किअरा अडवाणी अपनी प्रतिभा का परिचय अपनी पहले की फिल्मों में दे चुकी हैं। वह बोल्ड और ब्यूटीफुल एक्ट्रेस हैं। वह फिल्म एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी में साक्षी धोनी की भूमिका से दर्शकों की निगाहों में चढी। लस्ट स्टोरीज मे, अपने पति से वैवाहिक सुख न पा सकने वाली बोल्ड भूमिका से किअरा ने हलचल मचा दी। उन्होंने, पिछले साल रिलीज़ दो फिल्मों कबीर सिंह और गुड न्यूज़ में अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों को प्रभावित किया। इस साल वह इंदु की जवानी, शेरशाह और भूल भुलैया २ में नज़र आयेंगी।

दिशा पटनी - लक्ष्मी बॉम्ब के साथ रिलीज़ सलमान खान की फिल्म राधे में नायिका की भूमिका कर रही दिशा पाटनी की पहली फिल्म किअरा अडवाणी के साथ एमएस धोनी ही थी। इस फिल्म में वह धोनी की एक्सीडेंट में मृत प्रेमिका प्रियंका झा की भूमिका कर रही थी। दिशा ने अपनी अभिनय प्रतिभा का एक बार फिर लोहा मनवाया फिल्म बागी २ से। इस फिल्म में वह टाइगर श्रॉफ की नायिका थी। वह भारत में सलमान खान की प्रेमिका की भूमिका कर रही थी। राधे, सलमान खान के साथ उनकी दूसरी फिल्म है। फिल्म केटीना तो उन पर केन्द्रित फिल्म है।

साहसी अभिनेत्रियाँ
अगर युवा अभिनेताओं की बात करें तो उनकी फिल्मों में उनकी नायिका उनकी हमउम्र अभिनेत्रियाँ ही हैं। इस अभिनेताओं की फिल्मों का जैसा फॉर्मेट होता है, उसमे किसी उम्रदराज अभिनेत्री की गुंजाईश भी नहीं होती है। पिछले साल रिलीज़ कार्तिक आर्यन की फिल्म लुका छुपी में उनकी नायिका कृति सेनन थी, जबकि पति पत्नी और वह में अनन्या पाण्डेय और भूमि पेडनेकर उनकी सह अभिनेत्रियाँ थी। कृति सेनन, अनन्या पाण्डेय और भूमि पेडनेकर ने इन फिल्मों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वह बोल्ड भी साबित होती है। कृति सेनन की फिल्म लुका छुपी लिव इन रिलेशनशिप पर बोल्ड फिल्म थी। हाउसफुल ४ में हलकी फुलकी रोमांस भूमिका करने वाली कृति ने फिल्म पानीपत में पारवती बाई की भूमिका में ढल कर दिखाया था। वह आगामी फिल्म मिमी में एक माँ की भूमिका करने से भी परहेज नहीं कर रही। भूमि पेडनेकर ने तो पिछले साल ही सांड की आँख में एक बूढी दादी की भूमिका कर, अपने ग्लैमर को चुनौती दे दी थी। वह इस साल प्रदर्शित भूत द हॉन्टेड शिप में नज़र आई हैं। यह भूमि की प्रतिभा का ही परिणाम था कि फिल्म दुर्गावती में एक भुतहा बंगले में कैद आईएएस की जटिल भूमिका कर रही है। यह फिल्म उन पर ही केंद्रित है।

श्रद्धा कपूर और कंगना रानौत
नया चेहरा न होने के बावजूद श्रद्धा कपूर और कंगना रानौत में आज भी ताज़गी है। उनका अभिनय ताज़ी हवा का झोका जैसा है। श्रद्धा कपूर अपनी हसीना पार्कर, स्त्री, बत्ती गुल मीटर चालू और छिछोरे फिल्म से खुद को हरफनमौला एक्ट्रेस साबित करती है। कंगना रानौत एक ऎसी अभिनेत्री बन गई है जो अपनी भूमिकाओं से दर्शकों का ध्यान खींचती है। फिल्म थलाइवा में वह तमिलनाडु की मुख्य मंत्री जे जयललिता और तेजस में भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट की भूमिका कर रही है। मृणाल ठाकुर ने फिल्म लव सोनिया, सुपर ३० और बाटला हाउस से खुद को संवेदनशील अभिनेत्री साबित किया था। आगामी फिल्मों जर्सी, तूफ़ान और आँख मिचोली से इसे पुख्ता ही करेंगी।

नए चेहरों का जलवा भी
पिछले दो सालों में, कई नए ग्लैमर से भरे चहरे दर्शकों के सामने आये हैं। यह ज़्यादातर चेहरे बॉलीवुड के पुराने सितारों की बच्चियां ही है। लेकिन, उन पर सितारों की बच्चियां का टैग जड़ने से पहले काफी सोचने की ज़रुरत है। यह ग्लैमर से भारी सेक्सी भूमिकाओं के ज़रिये दर्शकों को नही लुभा रही। इनमे अभिनय प्रतिभा है और वह इसी प्रतिभा की बदौलत दर्शकों का प्यार पाना चाहती है। यह कहा जा सकता है कि उन्होंने इसे काफी हद तक पा भी लिया है।



सारा अली खान और जाह्नवी कपूर
यह दोनों अभिनेत्रियाँ स्टारडम से जुड़ी बच्चियां हैं। सारा अली खान की माँ और पिता फिल्म एक्टर हैं। अमृता सिंह ने सनी देओल के साथ फिल्म बेताब से डेब्यू किया था। वह अपनी बिंदास भूमिकाओं के कारण चर्चित होती थी। सैफ अली खान को भी दमदार एक्टर नहीं माना गया। लेकिन उनकी बेटी सारा अली खान इन दोनों से अलग करियर बनाती नज़र आती है। सारा की डेब्यू फिल्म केदारनाथ में, उनकी मन्दाकिनी की भूमिका संवेदनापूर्ण थी। उन्होंने दर्शकों को प्रभावित भी किया था। हालिया रिलीज़ फिल्म लव आज कल बेशक असफल हुई, लेकिन सारा ने अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया। श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने पहली फिल्म धड़क से खुद के अभिनयशील होने की पुष्टि की थी। वह अपनी आगामी फिल्मों से भरोसा जगाती लगती है। उनकी भूमिकाये भिन्न है।गुंजन सक्सेना कारगिल गर्ल में वह भारतीय वायु सेना की फाइटर पायलट की भूमिका कर रही है। रूही अफ्जाना में वह दोहरी टाइटल भूमिकाये कर रही है। इनमे एक भूत है।

राज़ी अलिया भट्ट
नई अभिनेत्रियाँ कैसी भी भूमिकाएं करने को तत्पर है। इसका पहला इज़हार अलिया भट्ट ने ही किया था। महेश भट्ट की इस एक्ट्रेस बेटी ने स्टूडेंट ऑफ़ द इयर के बाद दुल्हनिया सीरीज की दो फिल्मों से खुद की रोमांटिक इमेज बनाई थी। इसे उन्होंने ध्वस्त किया मेघना गुलजार की फिल्म राज़ी से। राज़ी में अलिया ने देश के लिए अपनी ज़िन्दगी दांव पर लगाने वाली सहमत खान की भूमिका की थी। वह आगामी फिल्म गंगुबाई कठियावाडी में महिला गैंगस्टर और कमाठीपुरा के कोठों की मैडम की गंभीर भूमिका कर रही है।

अनन्या पाण्डेय, सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शैख़
इन तीन अभिनेत्रियों में सबसे नवोदित अनन्या पाण्डेय हैं। पिछले साल फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द इयर २ से डेब्यू करने वाली अनन्या पाण्डेय ने पति पत्नी और वह में एक ग्लैमरस स्वार्थी आधुनिका की भूमिका की थी। इन ग्लैमरस भूमिकाओं से भिन्न वह, निर्माता अली अब्बास ज़फर की फिल्म खाली पीली में एक रहस्यमय भूमिका कर रही है। यह काफी अलग किस्म की भूमिका बताई जा रही है। उन्हें पुरी जगन्नाथ की एक्शन फिल्म में अर्जुन रेड्डी एक्टर विजय देवराकोण्डा के साथ अभिनय का मौक़ा मिल रहा है। सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शैख़ का हिंदी फिल्म डेब्यू आमिर खान की फिल्म दंगल में फोगाट बहनों की भूमिका से हुआ था। यह दोनो अभिनेत्रियाँ अनुराग बासु की अपराध एन्थोलॉजी फिल्म लूडो में नज़र आयेंगी। हालाँकि फातिमा सना शैख़ आमिर खान के साथ फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान कर चुकी हैं। लेकिन, करियर के लिहाज़ से ज्यादा सफल सान्या मल्होत्रा है, जो अपने खाते में बधाई हो जैसी सफल फिल्म दर्ज करा चुकी हैं। उनकी आगामी फिल्मों में विद्या बालन के साथ शकुंतला देवी और पगलैट भी शामिल है। फातिमा सना शैख़ की भूत पुलिस और सूरज पे मंगल भारी काफी दिलचस्प भूमिकाओं वाली फ़िल्में हैं।

दूसरी अभिनेत्रियाँ
कुछ दूसरी अभिनेत्रियाँ भी अपनी अभिनय प्रतिभा से प्रभावित कर रही है। इस साल रिलीज़ फिल्म जवानी जानेमन में, उम्रदराज सैफ अली खान की जोडीदार तब्बू थी। लेकिन, दर्शकों का ध्यान खींचा उनकी बेटी की भूमिका में कबीर बेदी की नातिन अलया ऍफ़ ने। निर्माता अलाया को अपनी फिल्म में लेने के लिए बेताब हैं। फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द इयर २ की एक दूसरी नायिका तारा सुतारिया फिल्म मरजावां में एक गूंगी लड़की की भूमिका से दर्शकों को प्रभावित कर पाने में कामयाब होती थी। उनकी आगामी फिल्म तड़प है। इसी तरह से, फिल्म मुक्काबाज़ से जोया हुसैन, शाहरुख़ खान की फिल्म फैन से श्रिया पिलगांवकर, फिल्म पटाखा से राधिका मदान, आदि भी अपनी अपनी फिल्मों से प्रभावित कर चुकी हैं। भविष्य में उनसे कुछ बढ़िया फ़िल्में मिलने की उम्मीद की जा सकती है।

क्यों हैं बोल्ड ?
ग्लैमरहीन और लीक से हटकर भूमिकाये करना सभी अभिनेत्रियों के बस की बात नहीं। प्रियंका चोपड़ा ने द स्काई इज पिंक में एक माँ की संवेदनशील भूमिका से दर्शकों को चकित किया था। छपाक में एसिड हमले की शिकार लड़की की भूमिका के लिए दीपिका पादुकोण ने अपनी ग्लैमरस इमेज को दांव पर लगा दिया था। क्या ऎसी अन्य दूसरी फ़िल्में बॉलीवुड अभिनेत्रियों की ताकत का अंदाज़ा नहीं कराती ?


No comments:

Post a Comment