Friday 27 March 2020

एक विलेन के बाद Mohit Suri की आशिकी


मलंग डायरेक्टर मोहित सूरी, आजकल एक विलेन २ में व्यस्त हैं। मोहित सूरी द्वारा ही निर्देशित २०१४ की हिट फिल्म एक विलेन की सीक्वल फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, श्रद्धा कपूर और रितेश देशमुख के बजाय जॉन अब्राहम, दिशा पटनी, आदित्य रॉय कपूर और तारा सुतारिया फिल्म की स्टार कास्ट में शामिल है। यह फिल्म ८ जनवरी २०२१ को प्रदर्शित की जानी है।

आशिक़ी ३ की कल्पना
अभी इस फिल्म की शूटिंग चल ही रही है कि एक अख़बार की खबर है कि मोहित सूरी आशिकी ३ बनाने जा रहे हैं। यह फिल्म २०१३ में प्रदर्शित फिल्म आशिकी २ की सीक्वल फिल्म है। जबकि, आशिकी २, महेश भट्ट निर्देशित फिल्म आशिकी (१९९०) की बिलकुल नई कहानी के साथ सीक्वल फिल्म थी। आशिकी २, मोहित सूरी के दिल के करीब है। इस फिल्म के कारण मोहित सूरी को मर्डर २ (२०११) के बाद, फिर से मुख्य धारा में ला दिया था। यह फिल्म श्रद्धा कपूर की तीन फ्लॉप फिल्मों के बाद और आदित्य रॉय कपूर की दो फ्लॉप फिल्मों के बाद पहली हिट फिल्म थी। बताते हैं कि एक विलेन २ के शूट के दौरान ही मोहित सूरी के दिमाग में आशिकी ३ की कहानी आकार लेने लगी थी।

सिद्धार्थ बनना चाहते थे विलेन
एक विलेन २ के सन्दर्भ में एक गर्मागर्म समाचार यह है कि मोहित सूरी ने एक विलेन के नायक सिद्धार्थ मल्होत्रा को सीक्वल फिल्म में नहीं लिया था, बल्कि खुद सिद्धार्थ ने इस फिल्म को मना कर दिया था। दरअसल, सिद्धार्थ इस फिल्म को करना चाहते थे। लेकिन, वह चाहते थे कि इस बार वह विलेन बने। क्योंकि, पहली एक विलेन की तमाम सुर्खियाँ फिल्म के विलेन यानि रितेश देशमुख ले उड़े थे।

सिद्धार्थ हो सकते हैं आशिक़
एक विलेन को, सिद्धार्थ द्वारा मना कर दिए जाने के बाद यह खबरें थी कि मोहित सूरी उनसे नाराज़ है। जबकि वास्तविकता यह नहीं है। उसी समय यह साफ़ कर दिया गया था कि सिद्धार्थ एक विलेन में न सही, मोहित सूरी की अगली किसी फिल्म में ज़रूर अभिनय करेंगे। ऐसा लगता है कि यह अगली फिल्म आशिकी ३ हो सकती है। बताया जा रहा है कि मोहित सूरी एक विलेन २ पूरी करने के बाद आशिकी ३ की स्क्रिप्ट लिखेंगे। इस स्क्रिप्ट को लिखते समय उनके दिमाग में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ श्रद्धा कपूर होंगी।

No comments:

Post a Comment