Wednesday 18 March 2020

Manisha Koirala का पारसी स्टाइल मस्का


नेटफ्लिक्स पर, २० मार्च से स्ट्रीम होने जा रही ओरिजिनल फिल्म मस्का में भावनाओं के कई रंग है। यह फिल्म एक पारसी परिवार की है, जिसमे माँ और बेटा का बेहद भावुक रिश्ता है। माँ चाहती है बेटा ईरानी कैफ़े को आगे बढाए। बेटा चाहता है बॉलीवुड में नाम कमाना। इसके लिए चाहे उसे अपना पारिवारिक बिज़नस ही क्यों न छोड़ना पड़े। लेकिन सपने देखना और उनका पूरा होना एक अलग बात है। क्योंकि इसके साथ होती है निराशा और टूटे सपनों का दर्द।

लस्ट स्टोरीज के बाद मस्का
नेटफ्लिक्स की लस्ट स्टोरीज के बाद, मनीषा कोइराला, अब एक बार फिर नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल फिल्म मस्का में ठेठ पारसी माँ डायना की भूमिका में दिखाई देने वाली है। इस फिल्म में प्रीत कमानी उनके बेटे रूमी की भूमिका में हैं। शिरली सेतिया और निकिता दत्ता भी पारसी चरित्र करती नज़र आयेंगी। यह दोनों ही रूमी के जीवन को प्रभावित करती हैं।

कैंसर के बाद मनीषा की वापसी 
कैंसर पर जीत हासिल करने के बाद मनीषा कोइराला अभिनय की अपनी दुनिया को गंभीरता से ले रही हैं। २०१५ में उनकी लम्बे समय से रुकी फिल्म चेहरे अ मॉडर्न डे क्लासिक रिलीज़ हुई थी। उन्होंने २०१६ में कन्नड़ फिल्म से अपनी चुप शुरुआत की। हिंदी फिल्म डिअर माया में उनके अकेली महिला की भूमिका में अभिनय को सराहा गया। २०१८ में नेटफ्लिक्स की अन्थोलोजी फिल्म लस्ट स्टोरीज की अपने पति के दोस्त के साथ विवाहेतर सम्बन्ध रखने वाली अधेड़ महिला की भूमिका से उन्होंने बॉलीवुड में हलचल मचा दी।

एआर रहमान की फिल्म में
राजकुमार हिरानी की फिल्म संजू में नर्गिस की भूमिका से प्रभावित करने वाली मनीषा कोइराला को  नीरज उधवानी निर्देशित फिल्म मस्का के अलावा एआर रहमान की म्यूजिकल फिल्म ९९ सांग्स में भी देखा जा सकेगा। वह एक अमेरिकन कॉमेडी फिल्म इंडिया, स्वीट्स एंड स्पिसस भी कर रही हैं। वह दिबाकर बनर्जी निर्देशित फिल्म फ्रीडम भी कर रही है।


No comments:

Post a Comment