Tuesday 1 September 2020

इमरान हाश्मी की कॉमेडी सब फर्स्ट क्लास


कभी सीरियल किसर के विशेषण से मशहूर इमरान हाशमी थ्रिलर रोमांस फिल्मों के बाद, दर्शकों को हंसाने आ रहे हैं। सच कहा जाए तो वह फिल्म में दर्शकों को लोटपोट कर देंगे। इस फिल्म का नाम सब फर्स्ट क्लास रखा गया है। यह फिल्म आम आदमी के सपनों की कहानी है। इसमे हास्य है, व्यंग्य है और भावुक क्षण भी हैं।

आम आदमी की कहानी -फिल्म अपने और २३ मार्च १९३१: शहीद के सह निर्देशक और लेखक बलविंदर सिंह जांजुआ पहली बार स्वतंत्र फिल्म निर्देशन करने जा रहे हैं। उनकी लिखी और निर्देशित फिल्म सब फर्स्ट क्लास में इमरान हाश्मी एक आम आदमी के रूप में दिखाई देंगे, जो अपनी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। लेकिन, वह ऐसा करते करते ऎसी परिस्थिति में फंस जाता है कि उसे बाहर निकलने का रास्ता नहीं सुझाई देता।

काफी अलग भूमिका -इमरान हाश्मी के लिहाज़ से सब फर्स्ट क्लास मे उनकी भूमिका उनके लिए नए अनुभव के समान है।  क्योंकि, उन्होंने इससे पहले इस प्रकार की कोई फिल्म और चरित्र नहीं किया है। दिलचस्प तथ्य यह है कि सब फर्स्ट क्लास को इमरान हाश्मी से हरी झंडी लॉकडाउन के दौरान मिली। इस फिल्म की स्क्रिप्ट जांजुआ ने इमरान को सुना तो दी थी, लेकिन इमरान इसे और समझना चाहते थे, चरित्र में पैठना चाहते थे। इसलिए लॉकडाउन के दौरान इमरान हाश्मी के निर्देशक बलविंदर के साथ कुछ विडियो सेशन हुए। इसके बाद इमरान हाश्मी ने फिल्म को कुछ सुझावों के साथ हरी झंडी दे दी।

इमरान हाश्मी की चेहरे और मुंबई सागा - इस समय इमरान हाश्मी के लिए दो फ़िल्में काफी महत्वपूर्ण है। निर्देशक रूमी जाफ़री की मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म चेहरे पूरी हो चुकी है। इसमे अमिताभ बच्चन उनके साथ पहली बार कोई फिल्म कर रहे हैं। दूसरी फिल्म संजय गुप्ता निर्देशित और जॉन अब्राहम की मुख्य भूमिका वाली मुंबई सागा है। इस फिल्म में वह पुलिस अधिकारी की भूमिका कर रहे हैं। यह दोनों फ़िल्में लॉकडाउन के बाद प्रदर्शित की जा सकती है।

No comments:

Post a Comment