Saturday 7 April 2018

२०१८ की पहली तिमाही का बॉलीवुड धमाका !

साल २०१८ की पहली तिमाही ने, बॉलीवुड की बांछे खिला दी है। जनवरी से मार्च २०१८ के बीच रिलीज़ मुख्य १६ फिल्मों ने धमाल मचा दिया है। इन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ने इस दशक में सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने का कीर्तिमान बना दिया है। यह कलेक्शन पिछले साल के कलेक्शन के मुकाबले १३ प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है। आइये एक नज़र डालते हैं, इस साल के कलेक्शन और फिल्मों के बारे में, जिनके कारण बॉलीवुड को बॉक्स ऑफिस ने मालामाल कर दिया। 
दशक में सबसे ज्यादा कलेक्शन
इस साल १६ ऎसी फ़िल्में थी, जिनके कारण बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व हलचल मचा दी। चांदी के सिक्के बॉक्स ऑफिस पर खन्न खन्न गिरने लगे। इसकी शुरुआत पद्मावत से हुई थी। बागी २ के रिलीज़ होने तक यह सिलसिला रुका नहीं है। २०१८ में बॉक्स ऑफिस पर, पहली तिमाही में ८६० करोड़ के कलेक्शन का अनुमान ट्रेड पंडितों द्वारा लगाया जा रहा है। यह कलेक्शन पिछले साल के कलेक्शन ७५१ करोड़ से १३ प्रतिशत अधिक हो सकता है।  ख़ास बात यह है कि २०१७ में १८ ऎसी फ़िल्में थी, जिनके कारण बढ़िया कलेक्शन हुआ। लेकिन, यह ७५१ करोड़ तक ही सीमित रहा था। हालाँकि, २०१७ में ७५१ करोड़ का कलेक्शन २०१६ के ५८५.३० करोड़ से २८ प्रतिशत ज्यादा था। दिलचस्प तथ्य यह है कि २०१६ में १६ ऎसी फ़िल्में थी, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर चांदी बरसाई. इस कलेक्शन की ख़ास बात यह थी कि १६ फिल्मों द्वारा किया गया ५८५.३० करोड़ का कलेक्शन, २०१५ में १५ फिल्मों द्वारा किये गए ४१६.३८ करोड़ के कलेक्शन से ४०.५६ प्रतिशत ज्यादा था। बॉलीवुड के लिए २०१५ इस लिहाज़ से बढ़िया नहीं था क्योंकि, २०१४ में २१ ऎसी फ़िल्में रिलीज़ हुई  थी, जिन्होंने पहली तिमाही में ५३४.२० करोड़ की धनवर्षा कर दी थी। बताते चले कि २०१३ में भी २१ ऎसी फ़िल्में रिलीज़ हुई थी, जिन्होंने पहली तिमाही में ५३६.७९ करोड़ का कलेक्शन किया था।  यानि कि २०१३ के मुकाबले २०१४ के कलेक्शन में मामूली कमी आई थी। अगले साल ख़त्म हो रहा चालू दशक जब शुरू हुआ था यानि २०१० की पहली तिमाही में ११ फ़िल्में रिलीज़ हुई थी। इन फिल्मों ने २३७.७५ करोड़ का कारोबार किया था। अगले साल यानि २०११ में सिर्फ ८ फ़िल्में ही अच्छा कारोबार कर सकी थी। इन ८ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर २२६ करोड़ का कलेक्शन किया था, जो २०१० के मुकाबले ४.९४ प्रतिशत कम था। २०१२ में १३ फ़िल्में रिलीज़ हुई थी, जिन्होंने ६७.८९ प्रतिशत ज्यादा कलेक्शन के साथ ३७९.४५ करोड़ का कलेक्शन किया था। 
बॉलीवुड-धमाल मचाने वाली फ़िल्में
बॉलीवुड को १३ प्रतिशत ज्यादा कलेक्शन दिलाने वाली १६ फिल्मों में छः ऎसी फ़िल्में हैं, जिन्होंने बड़ी सफलता हासिल की। इनमे पद्मावत, पैडमैन, बागी २, रेड, हिचकी और सोनू के टीटू की स्वीटी मुख्य फ़िल्में हैं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धनवर्षा की। आइये जानते हैं इन फिल्मों और इनके कलेक्शन के बारे में-
पद्मावत- मेवाड़ की रानी पद्मावती पर संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती बनने के साथ ही विवादों से घिरी रही थी। पद्मावत के बदले नाम से रिलीज़ की इस फिल्म की कहानी रानी पद्मावती (दीपिका पादुकोण) की बलिदान, राणा रतन सिंह (शाहिद कपूर) की वीरता और अलाउद्दीन खिलजी (रणवीर सिंह) की क्रूरता के इर्दगिर्द घूमती थी। अपनी भव्यता, अभिनय की स्वाभाविकता और विवाद के कारण, इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ३००.६२ करोड़ का कारोबार किया। अगर यह फिल्म राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी रिलीज़ हो पाती तो इसका कलेक्शन ४०० करोड़ तक पहुँच सकता था। 
सोनू के टीटू की स्वीट- लव रंजन निर्देशित फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी अपनी अनोखी कहानी और हास्य संवादों और सधी हुई एक्टिंग के कारण दर्शकों का प्यार बटोर पाने में सफल हुई। दर्शकों के कम जाने पहचाने और अपेक्षाकृत छोटे एक्टर कार्तिक आर्यन, नुसरत भरुचा और सनी सिंह अभिनीत इस फिल्म के कलेक्शन को निर्माता द्वारा १०७.५ करोड़ बताया गया। 
बागी २- अपनी पूर्व प्रेमिका के बच्चे को बचाने के लिए खतरों से जूझ जाने वाले रॉनी की एक्शन कथा को दर्शकों द्वारा धमाकेदार शुरुआत दी। फिल्म ने पहले दिन (३० मार्च को) ही २५.१० करोड़ का कलेक्शन किया. टाइगर श्रॉफ के रोनी की भूमिका वाली दिशा पटानी के साथ रोमांस वाली अहमद खान निर्देशित फिल्म ने ६ दिनों में ही १०० करोड़ का कलेक्शन करने का चौंकाने वाला कारनामा किया। ऐसे कारोबार की उम्मीद तो ट्रेड पंडित तक नहीं कर रहे थे। निश्चित रूप से इस फिल्म के बाद टाइगर श्रॉफ नए एक्शन हीरो बन कर उभरेंगे।
हिचकी- माँ बनने के बाद, फिल्मों में वापसी करने वाली रानी मुख़र्जी की हिचकी को दर्शकों द्वारा पसंद किया गया। बात करते समय हिचकी की बीमारी से ग्रस्त रानी मुख़र्जी के किरदार नैना माथुर की कहानी वाली फिल्म के निर्माण में सिर्फ १२ करोड़ खर्च हुए थे। यह फिल्म अब तक ५२.५५ करोड़ का कारोबार कर चुकी है। जबकि, यह फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। इसलिए, इसके कलेक्शन में खासा इजाफा होने की संभावना है। 
रेड - एक ऑफिस, एक हवेली और अजय देवगन, इलीना डिक्रूज़ और सौरभ शुक्ल के अभिनय से सजी इस फिल्म को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया। यह फिल्म एक इनकम टैक्स अधिकारी अमेय पटनायक की साहसिक इनकम टैक्स रेड की सच्ची घटना पर आधारित थी। राजकुमार गुप्ता के प्रभावशाली निर्देशन के कारण फिल्म रेड को देखने के लिए दर्शक मज़बूर हो गए। यह फिल्म भी १०० करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। 
पैडमैन- अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन हालिया कुछ वर्षो में शायद उनकी पहली ऐसी फिल्म होगी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर १०० करोड़ का कलेक्शन नहीं किया। मासिक के दौरान महिलाओं की समस्याओं पर केन्द्रित सामाजिक सन्देश देने वाली अक्षय कुमार, राधिका आप्टे और सोनम कपूर की आर बल्कि निर्देशित फिल्म पैडमैन ७९ करोड़ का सम्मानजनक स्कोर खडा कर पाने में सफल हुई। 
चालू दशक के पहले नौ सालों की पहली तिमाहियों के कलेक्शन पर एक नज़र डाले तो साल दर साल कलेक्शन में बढ़ोतरी ही हुई है। इस तिमाही के गणतंत्र दिवस, होली, हिन्दुओ का नववर्ष, आदि कुछ ऐसे त्यौहार उभरे, जिनमे रिलीज़ फिल्मों को देखने का उत्साह दर्शकों में पैदा हुआ। ख़ास बात यह है कि केंद्र की सत्ता में परिवर्तन के बाद बॉक्स ऑफिस पर उत्साह देखा जाने लगा है। २०१६, २०१७ और २०१८ की पहली तिमाही में नज़र आने वाला वृद्धि प्रतिशत इसका गवाह है। 

फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर - देखने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment