Sunday 24 November 2019

कुछ बॉलीवुड की २४ नवम्बर २०१९


अनीस बज़्मी की  नो एंट्री : छः एक्टर छः डबल रोल १० नायिकाएं
हालाँकि, अनीस बज़्मी निर्देशित २००५ की हिट कॉमेडी फिल्म नो एंट्री के सीक्वल का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन, अनीस बज़्मी की माने तो फिल्म की स्क्रिप्ट बिलकुल तैयार है।  बहुत बढ़िया लिखी गई है।  अनीस ने आजतक ऎसी स्क्रिप्ट नहीं लिखी।  तब फिर फिल्म का ऐलान क्यों नहीं हो रहा है ? दरअसल, अनीस की फिल्म पागलपंथी २२ नवंबर को रिलीज़ होगी।  इस फिल्म की रिलीज़ के बाद, वह २००७ की फिल्म भूल भुलैया के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे।  इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, किआरा अडवाणी और तब्बू अभिनय कर रहे हैं।  भूल भुलैया २ को २२ जुलाई २०२० को रिलीज़ होना है।  इसके अलावा दूसरा बड़ा कारण भी है।  अनीस बज़्मी अपनी सीक्वल फिल्म में नो एंट्री की ओरिजिनल कास्ट को ही लेना चाहते हैं।  ख़ास तौर पर अनिल कपूर और सलमान खान को, जिनके साथ अनीस ने ११ फ़िल्में की हैं।  अनिल कपूर तो खैर उनकी फिल्म पागलपंथी में भी हैं। वह नो एंट्री के सीक्वल में भी काम करना मंज़ूर कर लेंगे।  लेकिन, सलमान खान का क्या ! क्या वह नो एंट्री के सीक्वल में काम करना मंजूर करेंगे ? आड़े आते हैं अनिल कपूर के भतीजे अर्जुन कपूर।  सलमान खान को अनिल कपूर के अर्जुन कपूर का चाचा होने से कोई फर्क नहीं पड़ता।  लेकिन, वह नो एंट्री  के निर्माता बोनी कपूर के बेटे हैं।  अर्जुन कपूर के सलमान खान की पूर्व भाभी मलाइका अरोड़ा से रोमांस करने के कारण, सलमान खान उनसे नाराज़ हैं।  वह कभी भी अर्जुन कपूर के बाप की फिल्म करना नहीं चाहेंगे। बहरहाल, नो एंट्री कब बनेगी और उसके कौन सी स्टारकास्ट होगी, यह बाद की बात है।  फिलहाल तो यह समझ लीजिये कि सीक्वल फिल्म में नो एंट्री की सलमान खान, अनिल कपूर, फरदीन खान, बिपाशा बासु, लारा दत्ता, एशा देओल और सेलिना जेटली में से कितनों के करैक्टर शामिल रहते हैं।  मगर, इतना ज़रूर साफ़ हुआ है कि फिल्म में छह एक्टर होंगे और छहों दोहरी भूमिका में होंगे।  फिल्म में  चार अभिनेत्रियों के बजाय १० अभिनेत्रियां होंगी।  यानि नो एंट्री के दूसरे हिस्से में दोहरा नहीं, कई गुना मजा और मजाक होगा।

म्यूजिक विडियो से नोरा फतेही से टक्कर लेती वैशाली देसाई
मिस इंटरनेशनल वैशाली देसाई का एक वीडियो, प्यार दो प्यार लो आजकल वायरल हो रहा है।  यह वीडियो इस लिए भी वायरल हो रहा है, क्योंकि, इसी गीत के रीमिक्स वर्शन को फिल्म मरजावां में नोरा फतेही पर फिल्माया गया है।  वैशाली देसाई और नोरा फतेही के प्यार दो प्यार लो वीडियो की आपस में तुलना की जा रही है कि किस एक्ट्रेस ने बढ़िया डांस किया है। वैशाली देसाई बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों  के परिवार से हैं।  वह फिल्म निर्माता कीकूभाई देसाई के बेटे फिल्मकार सुभाष देसाई की पोती हैं।  इस लिहाज़ से वह, मनमोहन देसाई की पड़पोती साबित होती है।  पूरा परिवार फिल्म से जुड़ा हुआ था, इसलिए वैशाली का ग्लैमर वर्ल्ड की ओर आकर्षित होना स्वाभाविक था। वैशाली देसाई ने मिस इंटरनेशनल जीतने के बाद विज्ञापन फिल्मों में काम किया।  उन्हें कई प्रतिष्ठित उत्पादों के विज्ञापनों  में काम करने का मौक़ा मिला। वैशाली देसाई की पहली फिल्म न तो कीकूभाई देसाई की थी, न सुभाष देसाई या मनमोहन देसाई की ! उनके लिए चाचा केतन देसाई ने भी फिल्म नहीं बनाई।  वैशाली देसाई को लेकर पहली फिल्म कल किसने देखा बनाई वाशु भगनानी ने।  वाशु ने इस फिल्म का निर्माण अपने बेटे जैकी भगनानी को प्रमोट  करने के लिए बनाया। इस साइंस फिक्शन रोमांस फिल्म के निर्देशक  विवेक शर्मा थे।  विवेक शर्मा ने उस समय तक भूतनाथ जैसी हिट फिल्म का निर्देशन कर लिया था।  लेकिन, कल किसने देखा को किसी ने नहीं देखा।  फिल्म बड़ी फ्लॉप साबित हुई। इस फिल्म के बाद वैशाली देसाई ने तुक्का फिट और सॉलिड पटेलस जैसी फ्लॉप फिल्मों में भी काम किया।  यह सभी फ़िल्में असफल हुई।  इसके बाद कल किसने देखा की नायिका वैशाली देसाई को किसी ने भी फिल्मों में नहीं देखा। वैशाली देसाई का पहला म्यूजिक वीडियो, कुमार सानू के गीत ऐसा न देखों मुझे पर था।  फिर वैशाली ने तीन और वीडियो यूफोरिया के लिए किये।  यह वीडियो सोनिया, मेहफ़ूज़ और रब जाने थे। 

विक्की रजानी के लिए  मनीष गुप्ता की दो सस्पेंस फ़िल्में
फिल्म प्रोड्यसर विकी रजानी को टेबल नंबर २१, फोबिया, आर...राजकुमार, मुन्ना माइकल, आदि  जैसी नवीन विषयों पर फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। अब उन्होंने लेखक-निर्देशक मनीष गुप्ता को सच्ची घटनाओं पर आधारित दो सस्पेंस फिल्मों के लिए साइन किया है।  मनीष ने हालिया रिलीज़ फिल्म सेक्शन ३७५ लिखी थी, जिसे समीक्षकों की सराहना मिली थी।  मनीष, विक्की को युवा, डायनैमिक और दूरदर्शी प्रोड्यूसर मानते है। इसीलिए यह दोनों आने वाले दो सालों में दो अलग फ्रैंचाइज़ी की फ़िल्में करेंगे। एक मिस्ट्री फ्रैंचाइज़ी फिल्म होगी और दूसरी लीगल ड्रामा फ्रैंचाइज़ी। विकी राजानी ने मनीष गुप्ता की लिखी फिल्म धारा ३७५ देखी है। वह फिल्म की मनीष द्वारा लिखी गई कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग से काफी प्रभावित हुए। मनीष ने अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सरकार' की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स लिखे थे। मनीष निर्देशित फिल्म रहस्य देखने के बाद विक्की को मनीष सस्पेंस में मास्टर लगे। विक्की कहते हैं, "मैंने तुरंत उनके इस विज़न का साथ देने का फैसला किया। मैंने अभी अपना नया बैनर फेथ फिल्म्स पी.एल. शुरू किया है, जिसके माध्यम से मैं विभिन्न स्टूडियो और डिस्ट्रीब्यूशन हाउसेस के साथ जुड़ रहा हूं। मनीष की दो फिल्मों में से एक मेरे वर्तमान स्लेट में शूट होने वाली पहली होगी। वैसे मनीष द्वारा लिखित दोनों फिल्मों का स्क्रीनप्ले तैयार है और दोनों फिल्मों के लिए कलाकारों को फाइनल किया जा रहा है। पहली फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू हो जाएगी।"

५४०० प्रिंट्स में रिलीज़ होगी दबंग ३
सलमान खान की दबंग फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म दबंग ३ अगले महीने रिलीज़ होने जा रही है। क्रिसमस की छुट्टियों को ध्यान में रख कर ही इस फिल्म को २० दिसम्बर को रिलीज़ किया जा रहा है।  इस फिल्म को बड़े पैमाने पर, रिकॉर्ड स्क्रीन पर रिलीज़ करने का भी इरादा है। सलमान खान का चुलबुल पाण्डेय दर्शकों द्वारा ५४०० स्क्रीन्स में देखा जा सकेगा। यह बॉलीवुड की सबसे ज्यादा पर्दों पर प्रदर्शित की जाने वाली फिल्म होगी। इससे पहले, पिछले साल दिवाली वीकेंड पर आमिर खान की फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान को हिंदी, तमिल और तेलुगु में ४९५० पर्दों पर रिलीज़ किया गया था। फिल्म दबंग ३ को भी हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में डब कर रिलीज़ किया जाएगा। दबंग ३ को २० दिसम्बर को रिलीज़ होना है। इस समय पूरे भारत में काफी सर्दी पडा करती है। ख़ास तौर पर उत्तर भारत तो काँप रहा होता है। लेकिन, सलमान खान का इरादा अपने प्रशंसकों को गर्म रखने का है और सुबह ज़ल्द जगाये रखने का भी है। आम तौर पर छोटे शहरों में फ़िल्में मैटिनी या नून शो में दिखाई जाती है। सलमान खान मास के नायक हैं। इसलिए वह चाहते हैं कि छोटे शहरों के दर्शकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सिनेमाघरों तक खींच लाया जाए। इसके लिए कोशिश की जा रही है कि दबंग ३, सुबह या दोपहर के शो में ज़रूर दिखाई जाए। इसलिए हो सकता है कि देश के तमाम शहरों में दबंग ३ के शो सुबह ९.३० पर शुरू हो जाए। सलमान खान का इरादा पहले दिन ३६ करोड़ की कमाई करने का है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि दबंग ३ की प्रवेश दरें, ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान की तरह बढ़ाई नहीं जायेंगी। दबंग ३ को दबंग फ्रैंचाइज़ी की प्रीक्वेल फिल्म बताया जा रहा है। इसलिए फिल्म में २० साल के सलमान खान भी देखे जायेंगे। इस युवा सलमान खान के साथ रोमांस करने के लिए महेश मांजरेकर की बेटी सई को लिया गया है। वैसे सलमान खान का दो फिल्म पुराना रोमांस रज्जो यानि सोनाक्षी सिन्हा तो होंगी ही। निर्देशक प्रभुदेवा की इस फिल्म में अरबाज़ खान भी मक्खी की भूमिका में होंगे।

अनन्या पाण्डेय अपनी दूसरी फिल्म में वह !
अस्सी के दशक में गोविंदा की फिल्मों के सह नायक चंकी पांडेय की इस साल तीन बड़ी फ़िल्में साहो, प्रस्थानम और हाउसफुल ४ प्रदर्शित हो चुकी है। चंकी पांडेय इस समय ५७ साल के हैं।  लेकिन, उनकी २० साल की अभिनेत्री  बेटी अनन्या पांडेय की इस साल अभी तक सिर्फ एक ही फिल्म प्रदर्शित हुई है।  टाइगर श्रॉफ और तारा सुतरिया के साथ अनन्या पांडेय छात्र जीवन पर फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर २, १० मई को रिलीज़ हुई है।  इस फिल्म में अनन्या के साथी सितारे टाइगर श्रॉफ और तारा सुतरिया की एक एक फिल्म वॉर और मरजावां प्रदर्शित हो चुकी है।  पहली असफल फिल्म के बावजूद इन दोनों की दूसरी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई हैं।  लेकिन,  दर्शकों को अनन्या पांडेय की दूसरी फिल्म का अभी इंतज़ार ही है। अनन्या पांडेय की दूसरी हिंदी फिल्म पति पत्नी और वह ६ दिसंबर को प्रदर्शित होगी।  इस फिल्म में भी अनन्या को त्रिकोण बैठाना है। फिल्म में नायक कार्तिक आर्यन के अलावा भूमि पेडनेकर भी हैं।  जैसा कि सभी जानते हैं कि अनन्या की यह फिल्म १९७८ में रिलीज़ संजीव कुमार, विद्या सिन्हा और रंजीता कौर अभिनीत कॉमेडी फिल्म की रीमेक है।  १९७८ की फिल्म में संजीव कुमार की पत्नी की भूमिका में विद्या सिन्हा थी और वह रंजीता बनी थी । ६ दिसंबर २०१९ को प्रदर्शित हो रही फिल्म में पति कार्तिक आर्यन की पत्नी भूमि पेडनेकर हैं और उनकी वह अनन्या पांडेय बनी हैं। इस प्रकार से, अनन्या पांडेय की वह की भूमिका काफी ग्लैमरस  है। अनन्या पांडेय अपनी संतुलित देह और सोशल मीडिया पर ग्लैमरस कपड़ों के लिए पहचानी जाती हैं।  अनन्या पांडेय, इस समय निर्माता  अली अब्बास ज़फर की फिल्म खाली पीली में ईशान खट्टर और प्यार ही तो है में कार्तिक आर्यन के साथ कर रही हैं।  यह दोनों फ़िल्में अगले साल रिलीज़ होंगी।
सूर्यवंशी का विलेन मृणाल जैन
रोहित शेट्टी और अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी में एक नए एक्टर की एंट्री हुई है। यह एक्टर है टीवी सीरियल बंदिनी, हिटलर दीदी और उतरन का अभिनेता मृणाल जैन। वह इस फिल्म में विलेन की भूमिका में नज़र आयेंगे। सूर्यवंशी के विलेन की भूमिका, मृणाल के निजी जीवन और सीरियलों जैसी ही है। वह टीवी सीरियल उतरन में टीना दत्ता की इच्छा से बुरा सुलूक ही कर रहे थे। उनकी  पिछले सीरियल नागार्जुन एक योद्धा में शंखचूर्ण और नागार्जुन की भूमिका खल तेवर वाली ही थी। यहाँ तक कि मृणाल जैन की रियल लाइफ भी खलनायक वाली है। बताते हैं कि उनकी पत्नी से नहीं पटती। वह झगड़ा मारपीट करते हैं। घर से उदासीन मृणाल अपनी टीवी सीरियल की अभिनेत्रियों के साथ सम्बन्ध बनाने की कोशिश करते हैं। दो साल पहले एक टीवी एक्ट्रेस वर्षा भवनानी ने मृणाल जैन पर ज़बरदस्ती सम्बन्ध बनाने की कोशिश के लिए पुलिस में शिकायत भी दर्ज की थी। वैसे इस एक्ट्रेस का दावा है कि वह मृणाल से बेहद प्यार करती है। बहरहाल, फिल्म सूर्यवंशी, मृणाल के लिए बड़ा ब्रेक है। वह इससे पहले फ्लॉप फिल्म सत्या २ कर चुके हैं। लेकिंन, सत्या २ में उनकी भूमिका काफी मामूली थी। सूर्यवंशी में वह न केवल रोहित शेट्टी जैसे निर्देशक का साथ पायेंगे, बल्कि उन्हें फिल्म के नायक अक्षय कुमार के अलावा अजय देवगन और रणवीर सिंह के साथ भी स्क्रीन शेयर करने का मौक़ा मिलेगा। सूर्यवंशी की नायिका कटरीना कैफ हैं। सूर्यवंशी अगले साल २७ मार्च को रिलीज़ होगी।

चेहरे में नज़र नही आएगा कृति खरबंदा का चेहरा
राज़ रिबूट (२०१६) से बॉलीवुड में कदम रखने वाली कृति खरबंदा ने दो सालों में गेस्ट इन लंदन, कारवां, वीरे की वेडिंग और यमला पगला दीवाना फिर से जैसी असफल फिल्मे दी है। उनकी फिल्म शादी में ज़रूर आना ही थोडा ठीकठाक गई थी। इस साल से सब कुछ अच्छा होता नज़र आ रहा था। उनकी दोहरी भूमिका वाली कॉमेडी फिल्म हाउसफुल ४ बड़ी हिट साबित हो चुकी हैं। पागलपंथी पिछले शुक्रवार रिलीज़ हुई है। निर्देशक अनीस बज़्मी की अनिल कपूर, जॉन अब्राहम, इलीना डिक्रूज़, अरशद वारसी और पुलकित सम्राट की भूमिका वाली एक्शन कॉमेडी फिल्म पागलपंथी के बड़ी हिट होने की पूरी संभावना है। मगर, इससे पहले ही बुरी खबर आ गई है।  कृति खरबंदा को अमिताभ बच्चन और इमरान हाश्मी की कोर्ट रूम ड्रामा फिल्म चेहरे से निकाल बाहर कर दिया गया है। रूमी जाफरी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में कृति की भूमिका बेहद ख़ास थी। कृति ने फिल्म में अपने हिस्से की काफी शूटिंग पूरी कर भी ली थी। मगर, अब वह फिल्म से बाहर हैं। ऐसा क्या हो गया कि कृति को चेहरे से बाहर कर दिया गया ? सूत्र बताते हैं कि कीर्ति के नखरे इसके ज़िम्मेदार हैं। वह हर समय फिल्म की टीम और प्रबंधन पर टिप्पणियां करती रहती थी। उनकी हर समय कोई न कोई मांग हुआ करती थी। इससे पूरी टीम तंग आ गई थी।  इस पर फिल्म में निर्माता आनंद पंडित और निर्देशक रूमी जाफरी ने निर्णय लिया कि नुकसान सहना ठीक है, लेकिन कृति के नखरे सहना नामंज़ूर है। अब देखिये चेहरे में किस दूसरी एक्ट्रेस का चेहरा शामिल किया जाता है।

No comments:

Post a Comment