Wednesday, 15 October 2025

महाभारत के कर्ण पंकज धीर का देहांत !



बी.आर. चोपड़ा रचित महाकाव्य महाभारत में कर्ण की भूमिका के लिए प्रसिद्ध अभिनेता पंकज धीर का लंबे समय तक कैंसर से जूझने के बाद आज १५ अक्टूबर, २०२५ को देहांत हो गया। वह ६८ वर्ष के थे ।





पंकज धीर का जन्म ९ नवंबर १९५६ को हुआ था।  उनकी फिल्म यात्रा, १९८१ में प्रदर्शित फिल्म पूनम से प्रारम्भ हुई थी। उन्होंने एमएस सथ्यू की कन्नड़ और हिंदी भाषा में प्रदर्शित फिल्म सूखा में अनंत नाग के साथ अभिनय किया था। उन्हें हिंदी फिल्म जीवन एक संघर्ष में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित के साथ काम किया। किन्तु, उन्हें सही अर्थों में पहचान मिली बीआर चोपड़ा की श्रृंखला महाभारत से।  इस सीरीज में कर्ण की भूमिका ने उन्हें अमर कर दिया। 





महाभारत को पूरे दो वर्ष देने के  बाद,पंकज धीर पुनः फिल्मों में वापस लौटे।  उन्होंने, अक्षय कुमार की पहली फिल्म सौगंध में एक खल भूमिका की थी।  इस फिल्म के बाद, वह सलमान खान की सुपरहिट फिल्म सनम बेवफा में भी वह खलनायक थे। पंकज धीर ने सड़क, मिस्टर बांड, जाग्रति, परदेसी, अशांत, आशिक आवारा, आदि ९५ फिल्मों और सीरीज में अभिनय किया।





पंकज धीर ने, अभिनय के अतिरिक्त निर्माण और  निर्देशन के क्षेत्र में भी काम किया। भारत की पहली एडल्ट फिल्म बॉम्बे फैंटसी  के निर्देशक पंकज धीर ही थे। यह उनकी पहली निर्देशित फिल्म थी।  इस फिल्म में के एन सिंह के पुत्र विभूषण सिंह नायक थे।





पंकज धीर अभिनीत फ़िल्में सौदा ज़िन्दगी का, वजूद, विवश, आदि कुछ रील बनने के बाद बंद कर दी गई। पंकज धीर ने, साड्डा मुक्कदर और सीरीज माय फादर गॉड फादर का निर्देशन भी किया।  पंकज धीर ने, गूफी पेंटल के साथ अभिनय अकादमी और शूटिंग स्टूडियो की स्थापना भी की। 





उनके बेटे निकितन धीर दक्षिण की फिल्मों के प्रतिष्ठित और स्थापित अभिनेता है।  

No comments: