निर्देशक महेश मांजरेकर की संजय दत्त को पहला फिल्मफेयर पुरस्कार दिलाने वाले फिल्म वास्तव द रियलिटी (१९९९) की सीक्वल फिल्म हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी तीन साल बाद, २००२ में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म में संजय दत्त रघु (वास्तव के गैंगस्टर) और रोहित (रघु के बेटे की दोहरी भूमिका की थी। जहाँ, वास्तव को बड़ी सफलता मिली थी, वहीँ हथियार बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई थी।
हथियार दिखाती थी कि गैंगस्टर रघु का बेटा रोहित, बचपन से ही पिता के गैंगस्टर होने का ताना झेलते हुए स्वयं भी गैंगस्टर बन जाता है। वह एक बड़ा गैंगस्टर तो बन जाता है, किन्तु, इसके बाद उसका व्यक्तिगत जीवन तनाव से भर जाता है।
फिल्म वास्तव द रियलिटी में जहाँ संजय दत्त की नायिका नम्रता शिरोड़कर थी। वही सह भूमिकाओं में संजय नार्वेकर, शिवजी साटम, रीमा लागू, दीपक तिजोरी, मोहनीश बहल, आदि कलाकार सह भूमिकाओं थे। वही हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी में रोहित की नायिका शिल्पा शेट्टी बन चुकी थी। शरद कपूर, शक्ति कपूर, सचिन खेरडेकर, गुलशन ग्रोवर, आदि के नए चरित्र सम्मिलित हो चुके थे।
यहाँ रोचक तथ्य यह है कि तीन साल पहले निर्मित फिल्म वास्तव के ७.५ लाख के बजट में तीन साल बाद ५० हजार की कमी हुई थी। इसके बाद भी, जहाँ वास्तव ने बॉक्स ऑफिस पर ७.५० लाख के बदले निर्माता को २०.७५ लाख का ग्रॉस दिया था। वही, ७ लाख में बनी हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी का ग्रॉस मात्र ९ लाख ६३ हजार ही हुआ था। इस प्रकार से हिट फिल्म का सीक्वल निर्माता के लिए फ्लॉप साबित हुआ।
हथियार की असफलता का कारण कदाचित यह था कि दर्शकों को कथानक दोहराव वाला लगा था। गैंगस्टर के बेटे के भी गैंगस्टर बनना उन्हें रास नहीं आया था। पिता का परिणाम देख कर वह सीख ले सकता था। दूसरी बात, फिल्म अपना नयापन तो खो ही चुकी थी, निर्देशक संजय मांजरेकर भी चुके हुए लग रहे थे।
इस फिल्म की असफलता का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि हथियार १८ अक्टूबर २००२ को प्रदर्शित हुई थी। इसके एक सप्ताह बाद, निर्देशक अनीस बज्मी की साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म दीवानगी २५ अक्टूबर को प्रदर्शित हुई थी। अजय देवगन अक्षय खन्ना और उर्मिला मातोंडकर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म इतनी सफल हुई और हथियार इतनी बड़ी असफल हुई कि छविगृहों से हथियार को उतार कर दीवानगी को लगाया गया।
हथियार (२००२) की असफलता का एक कारण और भी है। इस फिल्म से १३ साल पूर्व निर्देशक जीपी दत्ता की एक्शन अपराध फिल्म हथियार प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म में, धर्मेंद्र, ऋषि कपूर, अमृता सिंह, संगीता बिजलानी, आशा पारेख, परेश रावल और कुलभूषण खरबंदा के साथ संजय दत्त भी थे। यह फिल्म गॉड फादर से प्रेरित फिल्म थी। फिल्म में डॉन धर्मेंद्र बने थे तथा संजय दत्त भी परिस्थितियोंवश गैंग में शामिल जाते है। इस फिल्म को बड़ी सफलता मिली थी तथा संजय दत्त का अभिनय भी पसंद किया गया था।
जैसा कि हिंदी फिल्मों के साथ होता रहता है, हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी में भी बदलाव हुए थे। पहले फिल्म का नाम प्रतिबिंब था। बाद में इसे बदल कर हथियार हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी कर दिया गया। पहले करीना कपूर को मुख्य भूमिका का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने यह भूमिका अस्वीकार कर दी। इसके बाद, दीया मिर्ज़ा भी बहुत अधिक फीस के कारण फिल्म की नायिका नहीं बन सकी। इस के बाद, सोनाली बेंद्रे मुख्य भूमिका के लिए चुनी गई थीं। किन्तु, अंततः शिल्पा शेट्टी फिल्म में संजय दत्त की नायिका बना दी गई।
एक रोचक तथ्य और। शिल्पा शेट्टी की पहली फिल्म बाजीगर थी। इस फिल्म में शिल्पा की सहेली रेशम टिपनिस बनी थी। रेशम टिपनिस इस फिल्म हथियार में भी शिल्पा शेट्टी की सहेली बनी थी।
जान की बाज़ी १९८५ और मेरा हक़ १९८६ के बाद संजय दत्त ने हथियार में भी दोहरी भूमिका की थी । संजय दत्त इस फ़िल्म में रघु और रोहित की दोहरी भूमिकाओं में नज़र तो आते हैं, लेकिन दोनों के साथ कोई दृश्य नहीं था । ऐसा स्वभाविक था। क्योंकि, रघु तो रोहित के जन्म से पूर्व ही मर चुका था।
कुछ लोगों का तर्क है कि हथियार के प्रदर्शन से पहले ही चैनल ज़ी सिनेमा ने फिल्म के अपने चैनल से प्रसारित होने की घोषणा की थी। ऐसे में, यदि कोई फिल्म टीवी पर प्रदर्शित होनी होती है तो स्वभाविक उसके दर्शक घट हो जायेगे और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रभाव पड़ेगा। किन्तु, इसे भी नकारा नहीं जा सकता कि हथियार वास्तव में कमजोर फिल्म थी, जिसे अंततः असफल ही होना था।
यह महेश मांजरेकर ने गैंगस्टर श्रृंखला में त्रयी अर्थात तीन गैंगस्टर फ़िल्में बनाने की योजना बनाई थी । इन फिल्मों के नाम वास्तव द रियलिटी, हथियार फेस टू फेस विथ रियलिटी और प्रतिबिम्ब द फाइनल ट्रुथ रखा गया था। वास्तव और हथियार के बाद, प्रतिबिम्ब का निर्माण संजय दत्त (तिहरी भूमिका में) के साथ प्रीति जिंटा, जॉन अब्राहम, नाना पाटेकर, अर्जुन रामपाल, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, डैनी डेन्जोंगपा, राहुल देव, इरफान, राकेश बापट, ट्यूलिप जोशी और स्वयं महेश मांजरेकर को लिया गया था। किन्तु, यह फिल्म बंद कर दी गई।
प्रतिबिम्ब के बंद कर दिए जाने के बाद, महेश मांजरेकर ने, सलमान खान के लिए आयुष शर्मा की गैंगस्टर भूमिका वाली फिल्म अंतिम में द फाइनल ट्रुथ टैग लाइन को सम्मिलित किया था। अब यह बात दूसरी है कि सलमान खान की उपस्थिति में भी अंतिम द फाइनल ट्रुथ बॉक्स ऑफिस पर खेत रही।

No comments:
Post a Comment