पीटर शेफर के नाटक एमॅड्यूस १९७९ पर फ़िल्में बनाने का प्रयास हॉलीवुड और बॉलीवुड में समान रूप से प्रारम्भ हो चुका था। यद्यपि, एलेग्जेंडर पुश्किन के १८३० में खेले गए नाटक से प्रेरित एमॅड्यूस पर पहली फिल्म हॉलीवुड ने १९८४ में बनाई थी। इसी नाटक और फिल्म पर निर्माता- निर्देशक विपुल अमृतलाल शाह ने फिल्म लंदन ड्रीम्स का निर्माण और निर्देशन किया था।
लंदन ड्रीम्स के विषय में कुछ रोचक तथ्य जानने से पूर्व एक विशेष बात। हॉलीवुड की १९८४ में बनी फिल्म एमॅड्यूस से पूर्व १९८१ ने, राजकपूर के बाद हिंदी फिल्मों के दूसरे शोमैन सुभाष घई रंगमंचीय नाटक एमॅड्यूस पर आधारित एक फिल्म बनाना चाहते थे। इस फिल्म के लिए, उन्होंने संजय दत्त को एक संगीतकार की भूमिका के लिए अनुबंधित कर लिया था। वह, दूसरे संगीतकार की भूमिका के लिए कुमार गौरव को लेना चाहते थे । किन्तु, कुमार गौरव के पिता राजेंद्र कुमार ने इसके लिए बहुत ज़्यादा कीमत बताई। इस वजह से सुभाष घई ने यह प्रोजेक्ट रद्द कर दिया।
इसके बाद, निर्देशक राजकुमार संतोषी ने एमॅड्यूस पर फिल्म बनाने की कल्पना लंदन ड्रीम्स से एक दशक पहले ही कर ली थी। उनकी इस फिल्म में आमिर खान और शाहरुख खान दो संगीतकारों की भूमिका करते। फिल्म की नायिका के रूप में करीना कपूर को वर्ष २००० में साइन कर लिया गया था। फिल्म का शीर्षक 'रश्क़' था। अनुराग कश्यप, राजकुमार संतोषी की फिल्म 'रश्क' में आमिर खान और शाहरुख खान को लेकर काम करने वाले थे। लेकिन यह फिल्म रद्द कर दी गई।
बताते है कि एक समय राजकुमार संतोषी मुख्य भूमिकाओं के लिए ऋतिक रोशन और अभिषेक बच्चन को लेना चाहते थे। उन्होंने उन्हें साइन भी कर लिया था। लेकिन फिल्म अटक गई और दोनों सितारों ने फिल्म छोड़ दी।
इसके बाद, सुनील दर्शन ने २००७ में बॉबी देओल और उपेन पटेल के साथ फिल्म शाका लाका बूम बूम का निर्माण किया था। इस फिल्म में सेलिना जेटली और कंगना रनौत दो नायिकाएं थी। शाका लका बूम बूम ६ अप्रैल २००७ को प्रदर्शित हुई। सुनील दर्शन निर्देशित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी।
विपुल शाह की फिल्म लंदन ड्रीम्स के दो मित्र सलमान खान और अजय देवगन थे। शाह इस फिल्म को हम दिल दे चुके सनम की सफलता के दृष्टिगत निर्मित कर रहे थे। हम दिल दे चुके सनम के बाद अजय देवगन और सलमान खान दूसरी बार प्रेम त्रिकोण फिल्म में दिखाई दिए थे। हम दिल दे चुके सनम में यह त्रिकोण ऐश्वर्या राय बना रही थी, जबकि लंदन ड्रीम्स में असिन को लिए गया था । उस समय समाचार था कि प्रियंका चोपड़ा २००६ में इस फिल्म के लिए अनुबंधित की गई थी, किन्तु, तारीखों की समस्या के कारण उन्होंने यह फिल्म छोड़ दी थी।
लंदन ड्रीम्स बजट का निर्माण ६३ करोड़ के बजट में किया गया था। यह फिल्म पूरे देश में, १४५० पर्दो पर रिलीज़ हुई थी। फिल्म ने पहले दिन ४ करोड़ ९५ लाख का ग्रॉस किया था। सप्ताहांत १५ करोड़ ४ लाख का हुआ था। किन्तु,इसके बाद फिल्म मुंह के बल गिरी। इस फिल्म का विशुद्ध व्यवसाय २५ करोड़ ६९ लाख २५ हजार का हुआ था। भारत में ग्रॉस ३४ करोड़ ९६ लाख का हुआ था। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस ४१ करोड़ ३१ लाख ८० हजार का था। इस प्रकार से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर विनाशक साबित हुई थी।
लंदन ड्रीम्स की असफलता का कारण फिल्म के नायक अजय देवगन और सलमान खान ही थे। वह किसी कोण से गायक संगीतकार नहीं लगते थे। फिल्म का कथानक भी बड़ा अस्वाभाविक था। दर्शकों ने इस फिल्म के क्लाइमेक्स के कारण फिल्म को सिरे से ख़ारिज कर दिया ।

No comments:
Post a Comment