Sunday 20 October 2019

बॉक्स ऑफिस पर दिवाली के १० साल


इस साल, बॉलीवुड का दीवाली वीकेंड २५ अक्टूबर से शुरू होगा। २५ अक्टूबर को शुक्रवार है और धनतेरस का त्यौहार भी। दीवाली रविवार २७ अक्टूबर को होगी। बॉलीवुड को उम्मीद है कि २५ अक्टूबर को, बाज़ारों में बर्तन खरीदने उमड़ा जन सैलाब, उनकी फिल्म देखने सिनेमाघरों तक भी पहुंचेगा। इसी उम्मीद में इस साल, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर तीन फ़िल्में रिलीज़ हो रही हैं। अक्षय कुमार के साथ बॉबी देओल और रितेश देशमुख की तिकड़ी अपनी गृहलक्ष्मियों पूजा हेगड़े, कृति सेनन और कृति खरबंदा के साथ सिनेमाघरों को हाउसफुल करवाने के ख्याल से पुनर्जन्म से गुथा हास्य हाउसफुल ४ लेकर, दर्शकों को ठहाके लगाने का निमंत्रण दे रहे हैं। दीवाली की लम्बी छुट्टियों वाले माहौल का फायदा उठाने के लिए अनुराग कश्यप के निर्देशन में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर की शार्पशूटर दादियाँ प्रकाशी और चन्द्रो तोमर बुल्स ऑय यानि सांड की आँख में निशाना साध कर दर्शक साधने की उम्मीद कर रही हैं। उत्तर भारत के दर्शकों को इस साल, गुजराती तड़के वाला हास्य भी देखने और सुनने को मिलेगा। गुरुग्राम में जन्मे राजकुमार राव और कूचबिहार बंगाल में जन्मी मौनी रॉय, फिल्म मेड इन चाइना में रघुवीर मेहता और रुक्मिणी मेहता के गुजराती जोड़े में दर्शकों को मीठे गुजराती हास्य का अनुभव कराएंगी। एक ही दिन तीन तीन फ़िल्में ! क्या बॉक्स ऑफिस को इतने दर्शक मिल सकेंगे कि तीनों फिल्मों का खर्चा पानी निकल आये ? मेड इन चाइना के युवा निर्देशक मिखिल मुसले कहते है, “दीवाली का लंबा वीकेंड है। छुट्टियों मनाने के मूड में दर्शक एक हफ्ते में एक से ज्यादा फ़िल्में देखने निकल सकता है।

बॉक्स ऑफिस पर दिवाली और सितारों का जादू 
दीवाली मनाने के मूड में दर्शक पर स्टार का जादू चढ़ा रहता है। दिवाली के त्यौहार में डूबा और छुट्टियों के मूड में रह रहा दर्शक, आम तौर पर दीवाली वीकेंड पर रिलीज़ किसी भी फिल्म को निराश नहीं करता। अब चाहे एक फिल्म रिलीज़ हो या दो या फिर तीन, लेकिन दर्शक इन्हें देखने सिनेमाघर तक जाता ही है। हाँ यह बात दूसरी है कि किसी फिल्म से निराशा मिलने पर उसे बुरी तरह से असफल भी कर देता है। २००७, २००८ और २०१८ के उदाहरण सामने हैं। २००७ में संजय लीला भंसाली ने दो नए चेहरों, कपूर खानदान के ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर तथा अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर को फिल्म सावरिया से दर्शकों के सामने पेश किया था। उस समय तक संजय लीला भंसाली, सलमान खान, अजय देवगन और ऐश्वर्या राय के साथ फिल्म हम दिल दे चुके सनम, शाहरुख़ खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित के साथ देवदास तथा अमिताभ बच्चन और रानी मुख़र्जी के साथ ब्लैक जैसी सुपरहिट फ़िल्में दे चुके थे। मगर, सलमान खान और रानी मुख़र्जी की मेहमान भूमिका वाली फिल्म सांवरिया बॉक्स ऑफिस पर ध्वस्त हो गई। क्योंकि, दर्शकों पर स्टारडम का जादू चढ़ा हुआ था। उन्होंने आज के सुपरस्टार रणबीर कपूर को देखने के बजाय उस समय के सुपरस्टार शाहरुख़ खान और डेब्यू कर रही दीपिका पादुकोण की फराह खान निर्देशित फिल्म ओम शान्ति ओम को देखना पसंद किया। वहीँ, २००८ में भी दो फ़िल्में, अजय देवगन, करीना कपूर, तुषार कपूर, श्रेयस तलपडे और अरसद वारसी की रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म गोलमाल रिटर्न्स तथा प्रियंका चोपड़ा और कंगना रानौत को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाने वाली मधुर भंडारकर की फिल्म फैशन रिलीज़ हुई थी। सितारों से भरी इन दोनों ही फिल्मों को दर्शकों ने देखा।

दीवाली पर सिर्फ एक फिल्म ! 
आम तौर पर, दीवाली वीकेंड पर दो या ज्यादा फ़िल्में रिलीज़ होती रही हैं। लेकिन, २०१३ में पहली बार, हृथिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा, कंगना रानौत और विवेक ओबेरॉय की सुपर हीरो फिल्म कृष ३ सोलो रिलीज़ हुई। इस फिल्म को दर्शकों ने टूट कर देखा। कृष ३ ने पहले दिन २०.४० करोड़ के कारोबार के साथ ५३ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन किया। यह उस साल की चौथी सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म थी। इसके बाद, २०१४ में शाहरुख़ खान की फिल्म हैप्पी न्यू इयर और २०१५ में सलमान खान की फिल्म प्रेम रतन धन पायो सोलो रिलीज़ हुई। २०१६ और २०१७ में सोलो रिलीज़ का सिलसिला थम गया। लेकिन, पिछले साल यानि दीवाली २०१८ में आमिर खान, अमिताभ बच्चन और कैटरीना कैफ की भारी बजट वाली फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान रिलीज़ हुई। इस फिल्म को देखने के लिए दिवाली के जोश में डूबा दर्शक सिनेमाघरों पर टूट पडा। नतीजे के तौर पर फिल्म ने पहले दिन ५२.२५ करोड़ का कीर्तिमान कारोबार कर डाला। अब यह बात दीगर है कि फिल्म इतनी बुरी थी कि अगले दिन ही यह बॉक्स ऑफिस पर ध्वस्त हो गई।

टकराव में फ्लॉप फ़िल्में भी ! 
पिछले दस सालों की दीवाली में प्रदर्शित फिल्मों की बात करें तो बड़े सितारों और बड़े बजट वाली फिल्मों के धमाके ही हुए। अब यह बात दीगर है कि कुछ फ़िल्में धमाकेदार नहीं, फुसफुसा पटाखा साबित हुई। २००९ के दीवाली वीकेंड का भूकंप लाने वाला प्रमाण सामने हैं। २००९ में बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन, संजय दत्त, फरदीन खान, बिपाशा बासु और मुग्धा गोडसे की रोहित शेट्टी निर्देशित कॉमेडी फिल्म आल द बेस्ट फन बिगिन्स प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म की खिलाफत में अक्षय कुमार, संजय दत्त, लारा दत्ता और कटरीना कैफ की बॉलीवुड की पहली अंडरवाटर फिल्म ब्लू तथा प्रेम सोनी निर्देशित सलमान खान, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण और सोहेल खान की फिल्म मैं और मिसेज खन्ना प्रदर्शित हुई थी। उम्मीद यह की जा रही थी कि ११० करोड़ की लागत से बनी अंडरवाटर फिल्म ब्लू दर्शकों को आकर्षित कर पाएगी। लेकिन, बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म को पटखनी मिली ही, सलमान खान भी चारों खाने चित्त जा गिरे। आल द बेस्ट, सब में बेस्ट फिल्म साबित हुई।

अजय देवगन की दीवाली 
सच कहा जाए तो दीवाली वीकेंड अजय देवगन का साबित होता है। उनकी फिल्म गोलमाल रिटर्न्स (२००८) और आल द बेस्ट फन बिगिन्स (२००९) दीवाली वीकेंड पर प्रदर्शित हो कर, सफलता पाने वाली फ़िल्में थी। २०१० की दीवाली ने इसे पुख्ता कर दिया। इस साल अजय देवगन और अक्षय कुमार की फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर आमने सामने थी। रोहित शेट्टी के निर्देशन में अजय देवगन, मिथुन चक्रवर्ती, करीना कपूर, तुषार कपूर, अरसद वारसी और श्रेयस तलपडे की फिल्म गोलमाल ३ को विपुल शाह निर्देशित अक्षय कुमार, ऐश्वर्या राय, नेहा धूपिया और रंधीर कपूर अभिनीत कॉमेडी फिल्म एक्शन रीप्ले से चुनौती फिल्म रही थी। लेकिन, दीवाली का दर्शक अजय देवगन की फिल्म के सिनेमाघरों में ही गया। दीवाली की खुशियाँ मनाता दर्शक अजय देवगन को कितना प्यार करता है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि २०१२ में अजय देवगन और सोनाक्षी सिन्हा की कॉमेडी फिल्म सन ऑफ़ सरदार के मुकाबले में निर्देशक यश चोपड़ा की शाहरुख़ खान, कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा की रोमांस ड्रामा फिल्म जब तक है जान प्रदर्शित हुई थी। हालाँकि, बॉक्स ऑफिस पर जब तक हैं जान वजनदार साबित हुई थी। लेकिन, दर्शकों ने अजय देवगन की सन ऑफ़ सरदार को निराश नहीं किया। इस साल के बाद, अजय देवगन का दीवाली पर वर्चस्व ख़त्म सा हो गया। हालाँकि, पाले भी २०११ में, अजय देवगन के बजाय शाहरुख़ खान, करीना कपूर और अर्जुन रामपाल की सुपर हीरो फिल्म रा.वन प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के सामने हेमा मालिनी निर्देशित ड्रामा फिल्म टेल मी ओ खुदा तथा हिमेश रेशमिया की कॉमेडी फिल्म दमादम प्रदर्शित हुई थी। हालाँकि, रा.वन ने दोनों फिल्मों को काफी अंतर से पछाड़ा था। लेकिन, फिल्म की लागत इतनी ज्यादा थी कि अच्छे बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के बावजूद फिल्म फ्लॉप मानी गई।


अजय देवगन की वापसी 
चार दीवाली बाद, अजय देवगन की सिनेमगारों में वापसी हुई। उनकी खुद द्वारा निर्देशित एक्शन फिल्म शिवाय (२०१६) दीवाली वीकेंड पर प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के मुकाबले में निर्देशक करण जौहर की रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय और अनुष्का शर्मा अभिनीत ऐ दिल है मुश्किल रिलीज़ हुई थी। हालाँकि, शिवाय के मुकाबले ऐ दिल है मुश्किल को ज़्यादा पसंद किया गया। लेकिन, दर्शकों ने अजय देवगन को निराश भी नहीं किया। पहले दिन, जहाँ ऐ दिल है मुश्किल ने बॉक्स ऑफिस पर १३.३० करोड़ का कारोबार किया, वहीँ शिवाय ने पहले दिन १०.२४ करोड़ का कारोबार किया। २०१७ में, एक बार फिर अजय देवगन की फिल्म गोलमाल अगेन मुकाबले में फंसी हुई थी। गोलमाल अगेन के एक दिन पहले आमिर खान की म्यूजिकल ड्रामा फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार रिलीज़ हुई थी। जायरा वासिम की गायिका भूमिका वाली फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार और अजय देवगन के साथ परिणीती चोपड़ा और तब्बू की फिल्म गोलमाल अगेन, दोनों को ही बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली। लेकिन, बॉक्स ऑफिस पर बड़ा आंकड़ा गोलमाल अगेन का ही था।

अक्षय कुमार की हाउसफुल दीवाली !
पिछले दस सालों में, अजय देवगन और अक्षय कुमार की फिल्मों को पसंद करता दीवाली का दर्शक, इस साल अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल ४ का इंतज़ार कर रहा है। आम तौर पर, अजय देवगन की फिल्म के सामने अक्षय कुमार की फिल्मे मात खा जाती है। लेकिन, हाउसफुल ४ के सामने अजय देवगन की कोई फिल्म नहीं है। हाउसफुल फ्रैंचाइज़ी की पहली तीन फिल्मों को सफलता मिली थी। इस साल भी हाउसफुल ४ के बड़ा कारोबार करने की उम्मीद की जा रही है। जहाँ हाउसफुल ४ में बॉलीवुड के नामचीन चेहरों का जमावड़ा है, वहीँ सांड की आँख और मेड इन चाइना को अपने कंटेंट पर भरोसा है। क्या दर्शक इस साल अक्षय कुमार की तीसरी फिल्म को भी पहले की दो फिल्मों की तरह बड़ी सफलता देंगे? जवाब मिलेगा २५ अक्टूबर को। 

No comments:

Post a Comment