Thursday 17 October 2019

Wheel Chair पर नायक !


फिल्म बाईपास रोड की खासियत यह है कि इसका नायक विक्रम कपूर (नील नीतिन मुकेश)  व्हीलचेयर पर बैठा नज़र आता है। उसकी जान खतरे में है। उस पर लगातार हमले हो रहे हैं। उस पर शहर में हो रही हत्याओं का आरोप भी है। उसे इन अपराधों को झुठलाना भी है। ज़ाहिर है कि  व्हीलचेयर पर बैठा नायक या नायिका, फिल्म की कहानी को रहस्य के घेरे में ला सकता है। दर्शक अपनी कुर्सी पर टिका परदे पर आँखे गडाए बैठा रहता है।

सहानुभूतिपूर्ण किरदार
एक अदद व्हीलचेयर कहानी को अहम् मोड़ दे देती है। चरित्र को दर्शकों की सहानुभूति दिला सकती है। यही कारण है कि बड़े छोटे एक्टरों को व्हीलचेयर पर बैठने में संकोच नहीं। फिल्म गुरु में विद्या बालन की मीनू व्हीलचेयर पर बैठ कर ही नायिका ऐश्वर्य राय के हिस्से की सहानुभूति भी बटोर ले जाती है। फिल्म सत्ते पे सत्ता की रंजीता की सीमा सिंह भी व्हीलचेयर के कारण सहानुभूति के केंद्र में रहती है। चांदनी का रोहित यानि ऋषि कपूर व्हीलचेयर पर आ जाने के कारण चादनी से दूरियां बना लेता है। इसी प्रकार से, फिल्म सीता और गीता, खेल, आदि कुछ फिल्मों के किरदार व्हीलचेयर पर नज़र आते हैं। इन सभी को दर्शकों की सहानुभूति मिलती है।

जीतने वाले किरदार
वैसे व्हीलचेयर पर किरदार को दर्शकों की सहानुभूति की ज़रुरत नहीं। वह व्हीलचेयर पर बैठ कर भी परिस्थिति का डट कर मुकाबला कर सकता है और जीत सकता है। निर्देशक शाद अली की पिछले साल प्रदर्शित फिल्म सूरमा में दिलजीत दोसांझ ने हॉकी के ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह की भूमिका की थी। एक दुर्घटना में संदीप सिंह व्हीलचेयर पर आ जाते हैं। इसके बावजूद वह हिम्मत नहीं हारते और हॉकी में वापसी करते हैं। इसी प्रकार से फिल्म गेम ओवर मे तपसी पन्नू की स्वप्ना व्हीलचेयर पर एक कमरे में बंद है। उसे कोई मारना चाहता है। लेकिन, विकलांगता के बावजूद वह हमलावर का सामना करती है।

व्हीलचेयर पर नायक

व्हीलचेयर पर तो अमिताभ बच्चन और हृथिक रोशन भी आये हैं। बिजोय नाम्बियार की फिल्म वजीर में हो रही हत्याओं का शक पंडित ओंकार नाथ धर पर है। लेकिन, वह व्हीलचेयर पर है। तो वह कैसे हत्याएं कर सकता है! अमिताभ बच्चन ने व्हीलचेयर पर बैठे हत्यारे ओमकार नाथ की भूमिका क्या खूब की थी। फिल्म गुज़ारिश में हृथिक रोशन का किरदार एक दुर्घटना में अपने पैर खो बैठता है। फिल्म जीरो में अनुष्का शर्मा ने भी व्हीलचेयर पर बैठी वैज्ञानिक की भूमिका की थी। 

No comments:

Post a Comment