Sunday 17 November 2019

दिलचस्प होता है Hollywood फिल्मों में Voiceover


बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री परिणीती चोपड़ा ने अपने साल लम्बे फिल्म करियर में कभी भी अपनी कजिन प्रियंका चोपड़ा के साथ कोई फिल्म नहीं की थी। लेकिन, अब उन्हें पहली बार यह मौका मिलने जा रहा है। लेकिन, यह कोई बॉलीवुड फिल्म नहीं, बल्कि यह मौका हॉलीवुड की एक एनीमेशन फिल्म में मिलने जा रहा है। परिणीती चोपड़ा, हॉलीवुड फिल्म फ्रोजेन में एना और प्रियंका चोपड़ा जोनस एना की बहन एल्सा की भूमिका करने जा रही है। लेकिन, इन दोनों की स्क्रीन पर यह मौजूदगी सशरीर नहीं, बल्कि आवाज़ के रूप में होगी। यह दोनों कजिन अभिनेत्रियाँ फ्रोजेन की बहनों एना और एल्सा के एनिमेटेड संस्करण का वॉइसओवर करेंगी। बॉलीवुड के इतिहास में दो अभिनेत्री बहनों का रील लाइफ बहनों को आवाज़ देना दिलचस्प उदाहरण बन गया है।

सबसे  नई परिणीति चोपड़ा
लेकिन, विषय यह नहीं कि बॉलीवुड की दो अभिनेत्रियाँ एनीमेशन फिल्म के किरदारों को वॉइसओवर  कर रही हैं। क्योंकि, बॉलीवुड क्या हिंदुस्तानी फिल्मों की कई अभिनेत्रियां और अभिनेता हॉलीवुड फिल्मों के लिए वॉइसओवर कर चुके हैं। विषय यह भी नहीं कि इन दो बहनों के रील किरदार भी बहने हैं। विषय है हॉलीवुड फिल्मों में बॉलीवुड के सितारों का वॉइसओवर। सच्चाई तो यह है कि अब बॉलीवुड के बड़े एक्टर भी, हॉलीवुड के लाइव या एनिमेटेड करैक्टरों को अपनी आवाज़ देने लगे हैं। जबकि, पहले बॉलीवुड इससे परहेज करता था। चोपड़ा बहनों में प्रियंका ने तो पहले भी कुछ हॉलीवुड फिल्मों का वॉइसओवर किया है। मगर, परिणीती चोपड़ा इस क्षेत्र में नवेली हैं।

टीवी एक्टर ने शुरू किया था वॉइसओवर का दौर 
आज जब हम देखते हैं कि हॉलीवुड की बड़े बजट की एक्शन फिल्म हो या विज्ञान फंतासी या हॉरर फिल्म, बॉलीवुड के बड़े सितारों को भी इन फिल्मों के चरित्रों का वॉइसओवर करने में कोई ऐतराज नहीं।  लेकिन, क्या आप जानते हैं कि हॉलीवुड फिल्मों में वॉइसओवर की शुरुआत किसने की ? क्या आप जानते हैं कि जिस वॉइसओवर के लिए बॉलीवुड एक्टर बेताब नज़र आते हैं, उस वॉइसओवर की शुरुआत एक टीवी एक्टर ने की थी ? जी हाँ, टेलीविज़न एक्टर शक्ति सिंह ही ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने सबसे पहले हॉलीवुड फिल्मों के एक्टरों के संवाद हिंदी में बोले यानि वॉइसओवर किया। शक्ति सिंह ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत सीरियल नुक्कड़ के सुरेश के किरदार से की थी। वह क्राइम सीरीज क्राइम पेट्रोल में भिन्न चरित्रों को कर चुके हैं। धार्मिक शो सिया के राम के दर्शक उन्हें महर्षि वाल्मीकि के तौर पर पहचानते हैं। शक्ति सिंह ने, हिंदी दर्शकों का हॉलीवुड की फिल्मों से उन्ही की भाषा में परिचय करवाने वाली फिल्म जुरासिक पार्क में जेफ़ गोल्डब्लम के किरदार डॉक्टर इयान मालकम को आवाज़ दी थी। जुरैसिक पार्क को बड़ी सफलता मिली थी। इस सफलता से, हॉलीवुड को भारतीय बाज़ार की ताकत का अंदाजा हो गया। इसके बाद हॉलीवुड फिल्मों के डब हो कर रिलीज़ होने का सिलसिला चल निकला। वह अब तक ७७ हॉलीवुड फिल्मों में वॉइसओवर कर चुके हैं। उनकी आवाज़ का सबसे ज़्यादा इस्तेमाल विज्ञान फंतासी फिल्मों में निक फरी की भूमिका करने वाले एक्टर शमूएल एल जैक्सन के लिए किया गया शक्ति सिंह, अन्थोनी हॉपकिंस और मेल गिब्सन के फिल्म के किरदारों का भी वॉइसओवर करते रहे हैं।

इन एक्टरों ने किया वॉइसओवर
हॉलीवुड फिल्मों में बॉलीवुड एक्टरों का वॉइसओवर अब आम हो चला है। हिंदी फिल्मों के लगभग सभी सितारों ने हॉलीवुड की डब फिल्मों की गंगा में हाथ धो लिए हैं।  ऐसे कुछ वॉइसओवर की काफी चर्चा हुई।  कुछ की नहीं भी हुई। बहुत कम लोगों  को याद होगा कि अक्षय कुमार साल पहले ही, एक हॉलीवुड फिल्म के लिए वॉइसओवर कर चुके थे।  २०११ में रिलीज़ साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म ट्रांसफार्मर्स: डार्क ऑफ़ मून के ऑटोबोट्स ऑप्टिमस प्राइम का वॉइसओवर  अक्षय कुमार ने किया था।  मार्वेल कॉमिक्स के करैक्टर कैप्टेन अमेरिका पर फिल्म कैप्टेन अमेरिका सिविल वॉर में, बॉलीवुड एक्टर  वरुण धवन ने, क्रिस इवांस के स्टीव रॉजर्स उर्फ़ कैप्टेन अमेरिका का वॉइसओवर किया था।  मुन्ना भाई सीरीज के सर्किट अरशद वारसी ने पाइरेट्स ऑफ़ कॅरीबीयन सीरीज की पांचवी फिल्म डेड मेन टेल नो टेल्स में जोहनी डेप्प के कैप्टेन स्पैरो को अपनी आवाज़ दी थी।  इससे पहले, नाना पाटेकर फिल्म जंगल बुक में शेर खान, अर्जुन कपूर आइस एज कलीजन कोर्स में ब्लू, विवेक ओबेरॉय ने अमेजिंग स्पाइडरमैन के इलेक्ट्रो को अपनी आवाज़ दे चुके हैं  

वॉइसओवर से जुड़े दिलचस्प तथ्य 
कोई चौथाई दशक पहले शुरू हुए हॉलीवुड फिल्मों के बॉलीवुड एक्टरों द्वारा वॉइसओवर के सिलसिले ने दिलचस्प संयोग पैदा कर दिए हैं। बहनों, पिता-पुत्र और कोस्टार्स का वॉइसओवर रोचक जानकारी वाला साबित होता है। हॉलीवुड फिल्म मलेफिसेंट: मिस्ट्रेस ऑफ़ ईविल में अभिनेत्री एंजेलिना जोली एक बुरी रानी मलेफिसेंट की भूमिका कर रही हैं। इस फिल्म के हिंदी संस्करण के लिए एंजेलिना जोली की भूमिका को आवाज़ बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने दी है। इस वॉइसओवर ने, पिछले साल, फन्ने खान की असफलता से गुमनामी में खो गई ऐश्वर्या राय को फिर से सुर्ख़ियों में ला दिया। वॉइसओवर से जुड़े कुछ ऐसे ही संयोगों को जानना दिलचस्प तो है ही।

बॉलीवुड की आवाजों का जमावड़ा: लायन किंग 
डिज्नी की फिल्म लायन किंग एक ऎसी फिल्म थी, जिसके किरदारों को वौइस्ओवर करने के लिए बॉलीवुड के तमाम सितारों का जमावड़ा लगा लिया गया था। जहाँ, शाहरुख़ खान किंग मुफासा और उनके बेटे आर्यन लायन किंग सिम्बा को अपनी आवाज़ दे रहे थे, वहीँ आशीष विद्यार्थी ने फिल्म के विलेन स्कार, श्रेयस तलपडे ने मजाकिया बुद्धिमान मोंगूस तिमोन, संजय मिश्र ने पुम्बा और असरानी ने जाजू को अपनी आवाज़ दी थी। बॉलीवुड के इतने कलाकारों का एक फिल्म में जमावड़ा अभूतपूर्व था।


दूसरी बार अब्बा हुज़ूर के साथ बेटा 
लायन किंग, हॉलीवुड की दूसरी ऐसी फिल्म थी, जिसके लिए बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख़ खान ने, अपने बेटे आर्यन के साथ डबिंग की थी। फिल्म इन्क्रेडिबल्स के बादअब्बा शाहरुख खान और बेटा आर्यन खान ने हॉलीवुड की फिल्म लायन किंग के किरदारों को आवाज़ दी थी। ख़ास बात यह थी कि इस दूसरी फिल्म में भी शाहरुख़ और आर्यन के एनिमेटेड किरदार बाप-बेटा ही थे। लायन किंग में शाहरुख़ खान ने मुफासा और आर्यन ने उसके बेटे सिम्बा को अपनी आवाज़ दी थी।

एक हॉलीवुड फिल्म, पांच वॉइसओवर 
 जॉन फेवरू निर्देशित लाइव-एनिमेटेड सीजीआई फंतासी एडवेंचर फिल्म जंगल बुक, १५ अप्रैल २०१६ को वाल्ट डिज्नी द्वारा पूरी दुनिया में प्रदर्शित की गई थी।  डिज्नी ने अपनी इस महत्वाकांक्षी फिल्म को ज़्यादा  से ज़्यादा दर्शकों तक पहुंचने के लिए हिंदी में डब कर  रिलीज़ करने का फैसला लिया तो इसके लिए बॉलीवुड के पांच बड़े सितारों को फिल्म के एनिमेटेड करैक्टरों को आवाज़ देने के लिए अनुबंधित किया।  इस लिए फिल्म में पाइथन का के मुंह से प्रियंका चोपड़ा, भालू बालू के मुंह से इरफ़ान  खान,भेड़िया रक्षा के मुंह से शेफाली शाह, बघीरा के मुंह से ओमपुरी और शेर खान के मुंह से नाना पाटेकर की आवाज़ निकल रही थी। यहाँ याद दिला दें कि नाना पाटेकर ने १९९० के दशक में दूरदर्शन से प्रसारित होने वाली एनीमेशन जंगल बुक एडवेंचरस ऑफ़ मोगली में भी शेर खान को आवाज़ दी थी।  एंडी सर्किस निर्देशित फिल्म मोगली में अभिषेक बच्चन, माधुरी दीक्षित, करीना कपूर, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ ने एनिमेटेड करैक्टरों के लिए वॉइसओवर किया था। अभिषेक बच्चन ने बघीरा, करीना कपूर ने सांप का, अनिल कपूर ने बालू, माधुरी दीक्षित ने मादा भेड़िया निशा तथा जैकी श्रॉफ ने शेर खान को अपनी आवाज़ दी थी।  

प्रियंका चोपड़ा का अंग्रेजी और हिंदी वॉइसओवर 
२२ नवंबर को रिलीज़ होने जा रही हॉलीवुड फिल्म फ्रोजेन में एल्सा के किरदार को अपने आवाज़ दे रही प्रियंका चोपड़ा के नाम अनोखा कीर्तिमान है। वह इकलौती ऐसी बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने हॉलीवुड की फिल्मों में इंग्लिश में भी वॉइसओवर किया है। जब, प्रियंका चोपड़ा की गायिकी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुनी जा चुकी थी, उसके ठीक बाद प्रियंका चोपड़ा को एक हॉलीवुड फिल्म में वॉइसओवर करने का मौक़ा मिला। यह फिल्म कंप्यूटर एनिमेटेड स्पोर्ट्स कॉमेडी फिल्म प्लेन्स (२०१३) थी।  इस फिल्म के एनिमेटेड जहाज़ों में भारतीय जहाज इशानी को प्रियंका चोपड़ा ने आवाज़ ने दी थी।  लेकिन, यह  वॉइसओवर अंग्रेजी में था। इसके बाद, प्रियंका चोपड़ा ने जंगल बुक और अब फ्रोजेन के लिए वॉइसओवर किया है।

अर्जुन कपूर का मिमिक्री में वॉइसओवर 
अर्जुन कपूर का हॉलीवुड वॉइसओवर डेब्यू कंप्यूटर एनिमेटेड कॉमिक साइंस फिक्शन फिल्म आइस एज कलीजन कोर्स (२०१६) से हुआ था। इस फिल्म में अर्जुन कपूर ने बतख के किरदार को अपनी आवाज़ दी थी। अर्जुन कपूर के इस वॉइसओवर की खासियत यह थी कि अर्जुन ने संवादों को अनिल कपूर, संजय दत्त और अरशद वारसी की आवाज़ों की नक़ल करते हुए बोला था। इससे फिल्म के संवाद काफी दिलचस्प बन गए थे।

इमरान खान और सोनाक्षी सिन्हा की फ़िल्मी जोड़ी 
सोनाक्षी सिन्हा और इमरान खान ने, मिलन लुथरिया निर्देशित फिल्म वन्स अपॉन टाइम इन मुंबई दोबारा में नायक- नायिका की भूमिका की थी। यह फिल्म फ्लॉप हुई। लेकिन, इस जोड़ी को हॉलीवुड की फिल्म में वॉइसओवर करने का मौक़ा ज़रूर मिल गया। २०११ की सुपरहिट फिल्म रियो के सीक्वल रिओ (२०१४) में सोनाक्षी सिन्हा और इमरान खान ने वॉइसओवर किया था। इन दोनों ने, फिल्म के एनीमेशन किरदारों तोता-तोती ज्वेल और ब्लू को आवाज़ दी थी। ब्लू और ज्वेल ब्राज़ील के शहर रिओ डीजेनेरो में अपने तीन बच्चों के साथ रह रहे थे। 

बॉलीवुड के सितारों का हालिया वौइस् ओवर 
२०१६ के बाद, हॉलीवुड की फिल्मों के हिंदी संस्करण में किरदारों को हिंदी आवाज़ देने के लिए बॉलीवुड के लोकप्रिय सितारों को लेने का सिलसिला चल निकला। इस सिलसिले को  बॉलीवुड के कई बड़े एक्टरों का सहयोग भी मिला। ऐसे कुछ वॉइसओवर निम्नलिखित हैं - 

इन्क्रेडिबल्स की इलास्टगर्ल काजोल 
शाहरुख़ खान के साथ कई सुपरहिट फ़िल्में करने वाली नायिका अभिनेत्री काजोल ने भी आखिरकार हॉलीवुड की किसी फिल्म को आवाज़ देना उचित समझा। दिलचस्प तथ्य यह था कि उन्होंने हॉलीवुड के जिस फिल्म के करैक्टर को आवाज़ दी, वह शाहरुख़ खान के वॉइसओवर वाली फिल्म की सीक्वल फिल्म थी। काजोल ने इन्क्रेडिबल्स (२०१८) के हिंदी संस्करण में सुपर पावर रखने वाली हेलेन पर उर्फ़  इलास्टगर्ल को अपनी आवाज़ दी थी। इस फिल्म के पहले भाग में शाहरुख़ खान ने मिस्टर इन्क्रेडिबल के लिए वॉइसओवर किया था।

टाइगर श्रॉफ का प्रिय स्पाइडरमैन
फिल्म फ्लाइंग जट में, सुपरमैन बन कर आसमान में उड़ने और दुनिया को बचाने का मौका टाइगर श्रॉफ को मिला था। इसीलिए, जब स्पाइडरमैन: होमकमिग (२०१७) मेंहॉलीवुड के स्पाइडरमैन को देसी बनाने का समय आया तो टाइगर श्रॉफ उपयुक्त चुनाव समझे गए। इस फिल्म के स्पाइडरमैन के लिए डबिंग करनाटाइगर श्रॉफ के लिए बचपन की यादों को जीने जैसा था। क्योंकि, वह बचपन से ही स्पाइडरमैन के कारनामे देख देख कर बड़े हुए हैं। टाइगर कहते हैं, “यह (स्पाइडरमैन होमकमिंग की डबिंग) मेरे लिए सपना सच करना जैसा हुआ।

रणवीर की तरह मस्तमौला डेडपूल 
गोलियों की रासलीला : राम-लीला, बाजीराव-मस्तानी और पद्मावत के बाद, रणवीर सिंह की इमेज एक मस्तमौला एक्टर के तौर पर बन गई थी। जब, हॉलीवुड के डेडपूल को फिल्म डेडपूल (२०१८) में देसी डेडपूल बनाने के लिए हिंदी संवाद तैयार किये गए तो इन्हें बोलने के लिए रणवीर सिंह ही सबसे अच्छा चुनाव माने गए। क्योंकि, वह अपने अभिनय और व्यवहार से हॉलीवुड के डेडपूल के काफी निकट थे। अब यह बात दीगर है कि रणवीर सिंह की आवाज़ के बावजूद डेडपूल का हिंदी संस्करण उतना सफल नहीं रहा।

बॉलीवुड का शेर, मेन इन ब्लैक इंटरनेशनल 
किसी यूनिवर्सल सब्जेक्ट पर फिल्म में काम करने का फायदा बॉलीवुड के एक्टरों को मिल सकता है। इसे साबित किया था गली बॉय के रैपर शेर सिद्धांत चतुर्वेदी ने। गली बॉय की एमसी शेर की  भूमिका ने सिद्धांत की शोहरत हॉलीवुड के स्टूडियोज तक पहुंचा दी। इसी का नतीजा था कि जब मेन इन ब्लैक इंटरनेशनल भारत में रिलीज़ होने लगी तो इसके क्रिस हेम्सवर्थ के किरदार को आवाज़ देने के लिए सिद्धांत ही उपयुक्त समझे गए। क्योंकि, इस फिल्म के निर्माताओं का मानना था कि क्रिस को आवाज़ वही शेर दे सकता था, जिसकी दहाड़ उसके प्रशंसकों द्वारा सुनी जाए।

No comments:

Post a Comment