Friday 8 November 2019

दीवाना Govinda और मस्ताना Anil Kapoor के साथ John Abraham


एक टीवी प्रोग्राम में, अनिल कपूर ने ऐलान किया कि दीवाना मस्ताना २ बनाई जायेगी। इस फिल्म में पहली दीवाना मस्ताना के अनिल कपूर और गोविंदा तो होंगे ही, जॉन अब्राहम भी होंगे। इस प्रोग्राम में अनिल कपूर ने यह साफ़ नहीं किया कि फिल्म को डायरेक्ट कौन करेगा और इन तीनों की नायिकाए कौन होंगी या नहीं भी होंगी।

२२ साल पहले की दीवाना मस्ताना
डेविड धवन के निर्देशन में रोमांटिक कॉमेडी फिल्म दीवाना मस्ताना २३ सितम्बर १९९७ को प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म में गोविंदा और अनिल कपूर के साथ नायिका की भूमिका जूही चावला ने की थी। यह कॉमेडी त्रिकोण फिल्म थी। प्रयाग राज और अनीस बज्मी की लिखी फिल्म दीवाना मस्ताना को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। ७ करोड़ में बनाई गई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर १४ करोड़ का ग्रॉस ही कर सकी थी। हालाँकि, इस फिल्म की खासियत थी कि फिल्म में पहली बार जूही चावला और सलमान खान ने स्क्रीन शेयर की थी ।

गोविंदा से पहले अनिल कपूर
अनिल कपूर, गोविंदा से वरिष्ठ एक्टर हैं। अनिल कपूर का फिल्म करियर १९७१ में शुरू हुआ था और उनकी बतौर नायक फिल्म वह सात दिन १९८३ में प्रदर्शित हुई थी। जबकि, तीन साल बाद, गोविंदा की पहली फिल्म लव ८६ प्रदर्शित हुई थी। अनिल कपूर और गोविंदा ने अपने लम्बे फिल्म करियर के दौरान सिर्फ तीन फ़िल्में आवारगी, दीवाना मस्ताना और सलाम ए इश्क ही एक साथ की हैं।

अनिल और गोविंदा के साथ जॉन की दूसरी फिल्म
जॉन अब्राहम तो इन दोनों से भी काफी जूनियर है। जॉन अब्राहम का फिल्म करियर २००३ में प्रदर्शित बिपाशा बासु के साथ फिल्म जिस्म से हुआ था। जॉन अब्राहम की इन दोनों के साथ इकलौती फिल्म सलाम ए इश्क ही है। लेकिन, जॉन अब्राहम ने अनिल कपूर के साथ सलाम ए इश्क के अलावा रेस २, शूटआउट एट वडाला और वेलकम बेक भी की हैं। इन दोनों की एक कॉमेडी फिल्म पागलपंथी २२ नवम्बर को प्रदर्शित हो रही है। यह दोनों फिल्म मुंबई सागा में भी काम कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment