Sunday 19 April 2020

एक साहिर लुधियानवी, इतनी गुस्ताखियां !


फिलहाल, निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली ने, फिल्म गीतकार और शायर साहिर लुधियानवी पर फिल्म बनाने का इरादा छोड़ दिया है। वह एक अन्य महिला चरित्र गंगूबाई पर फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी बनाने में मशगूल है। बताते हैं कि संजय लीला भंसाली, पिछले पांच सालों से इस शायर पर फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे थे। इस प्रोजेक्ट को, भंसाली के दिल के काफी करीब भी बताया जा रहा था। बावजूद इसके कि कथित साहिर लुधियानवी बायोपिक के एक्टरों के बारे में अफवाह उड़ती रही, इस प्रोजेक्ट को फिल्म के लेखक और निर्देशक के पंख नहीं लग सके। कुछ ऐसा ही साहिर बायोपिक वाले दूसरे प्रोजेक्ट के साथ भी हुआ। 

प्रोजेक्ट की मनहूसियत
यह प्रोजेक्ट हमेशा से मनहूसियत से घिरा रहा है। शुरू में साहिर लुधियानवी पर फिल्म का निर्माण अर्शी दुआ करने वाली थी। शाहिद कपूर या इरफ़ान खान से साहिर की भूमिका के लिए संपर्क किया गया था। प्रियंका चोपड़ा को अमृता प्रीतम की भूमिका में फाइनल बताया गया था। लेकिन, बाद में प्रियंका ने फिल्म छोड़ दी। साहिर लुधियानवी का परिवार भी इस प्रोजेक्ट के खिलाफ था। फिल्म के एक निर्माता विक्रम मल्होत्रा को यह प्रोजेक्ट फायदेमंद नहीं लगा। बताते हैं कि उस समय निर्माता फिल्म में साहिर और अमृता की भूमिका के लिए फवाद खान और सोनाक्षी सिन्हा को लेना चाहते थे। कहने का मतलब यह कि एक साहिर, गुस्ताखियां कई।

जसमीत रीन की पहली फिल्म
इसे गुस्ताखियां नहीं तो और क्या कहा जाए कि २०१३ में यह ऐलानिया बता  दिया गया कि साहिर पर फिल्म में पंजाबी कवयित्री अमृता प्रीतम की भूमिका करीना कपूर करेंगी।  अलबत्ता, करीना कपूर के साहिर के तौर कोई शाहिद कपूर या इरफ़ान खान नहीं, बल्कि फरहान अख्तर का नाम आया था।इसके बावजूद,  इस प्रोजेक्ट पर आगे काम नहीं शुरू हो सका।  अलबत्ता, इस फिल्म के निर्माता के तौर पर अशी दुआ और निर्देशक के रूप में जसमीत रीन का नाम आया।  यह जसमीत रीन की, बतौर निर्देशक पहली फिल्म होती।

विवाद साथ साथ
जिस समय अशी दुआ, इरफ़ान खान के साहिर के साथ प्रोजेक्ट पर आगे बढ़ रही थी, उन्हें  अमृता प्रीतम के परिवार वालों की तरफ से कानूनी नोटिस  मिला।  क्योंकि, अमृता प्रीतम के परिवार के लोग चाहते थे कि  अमृता प्रीतम को उनकी कविताओं से जाना जाए, न कि उनकी निजी ज़िन्दगी से।  परन्तु फिल्म के निर्माता इस फिल्म को बनाने के लिए आमादा थे।  उन्होंने इरफ़ान खान के साथ प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया।  फिल्म में उनकी अमृता प्रीतम प्रियंका चोपड़ा को बनाया गया।  इससे अमृता प्रीतम के परिवार को खासी निराशा हुई।  अब यह बात दीगर है कि पहले प्रोजेक्ट से प्रियंका चोपड़ा बाहर हुई।  बाद में इरफ़ान खान भी फिल्म से दूर हो गए।

शाहरुख़ बाहर, अभिषेक अंदर
जब साहिर लुधियानवी बायोपिक संजय लीला भंसाली के  पास गई, तब लगा कि अब बात बड़ी तेज़ी से आगे बढ़ेगी। लेकिन, उनके प्रोडक्शन में तो साहिर एक्टर  बदलने का सिलसिला बन गया।  शुरू में ऐसा लगा था कि बायोपिक फिल्म में साहिर की भूमिका इरफ़ान खान या पाकिस्तान के एक्टर फवाद खान करेंगे।  फिर एक दिन यकायक, संजय लीला भंसाली ने अपने प्रिय देवदास एक्टर शाहरुख़ खान को साहिर बनाने का ऐलान कर दिया।  यह वह समय था, जब शाहरुख़ खान जब हैरी मेट सेजल और जीरो में काम कर रहे थे।  उस समय यह भी खबर थी कि शाहरुख़ खान के साहिर की अमृता प्रीतम प्रियंका चोपड़ा होंगी।  हालाँकि, डॉन २ के बाद, शाहरुख़ खान और प्रियंका  चोपड़ा के बीच जो दूरिया बनी थी, उसे देखते हुए ऐसा मुमकिन नहीं लग रहा था।  ऐसा हुआ भी।  जब संजय लीला भंसाली ने साहिर लुधियानवी बायोपिक का टाइटल गुस्ताखियां का ऐलान कर दिया था, उसके बाद ही  शाहरुख़ खान फिल्म से निकल गए।  उनकी जगह अभिषेक बच्चन ने ले ली थी।  हालाँकि, इस खबर की भी पुष्टि नहीं हुई थी।  वैसे अगर यह फिल्म बनती तो अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा ब्लफमास्टर, दोस्ताना और द्रोण के बाद चौथी बार जोड़ी बनाते।

क्यों छोड़ी प्रियंका ने संजय की गुस्ताखियां ?
प्रियंका चोपड़ा ने संजय  लीला  भंसाली की फिल्म गुस्ताखियां छोडने की गुस्ताखी क्यों की ? इसे लेकर दो कहानियां हैं।  पहली तो यह कि प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म को लेकर काफी उत्तेजित थी।  वह फिल्म की अमृता प्रीतम बनना चाहती थी। लेकिन, इसके साथ ही वह फिल्म की निर्माता के तौर पर भी शामिल होना चाहती थी। उन्होंने अपनी यह इच्छा संजय लीला भंसाली को बताई भी थी।  लेकिन, संजय नहीं चाहते थे कि प्रियंका उनके प्रोडक्शन से जुड़े। अपने प्रस्ताव पर संजय का ठंडा रुख देख कर, प्रियंका चोपड़ा की फिल्म के प्रति रूचि ख़त्म हो गई। उन्होंने संजय लीला भंसाली से बता दिया कि वह किसी ऎसी फिल्म में काम करना नहीं चाहेंगी, जिसमे वह लीड नहीं होंगी। दूसरी कहानी यह है कि हालाँकि, प्रियंका चोपड़ा की हिंदी फिल्म जय गंगाजल असफल हो गई थी। लेकिन, अमेरिकी सीरीज क़्वान्टिको ने उन्हें दुनिया भर में मशहूर कर दिया था।  उन्हें हॉलीवुड की कुछ फ़िल्में भी ऑफर हो रही थी। इस समय तक, वह हॉलीवुड की दो फ़िल्में पूरी भी कर चुकी थी। इसलिए उन्हें अब  बॉलीवुड में कोई  दिलचस्पी नहीं रह गई  थी।  वह बॉलीवुड को समय नहीं दे सकती थी।

दीपिका पादुकोण की गुस्ताखी
यह वह समय था, जब भंसाली के कैंप से एक के बाद एक, अफवाहें फ़ैल रही थी।  प्रियंका के फिल्म से निकल जाने के बाद, गुस्ताखियां की अमृता प्रीतम संजय लीला भंसाली फिल्मों की लीला, मस्तानी और पद्मावती दीपिका पादुकोण के बनने की खबर आई।  जिस प्रकार से, संजय लीला भंसाली और दीपिका पादुकोण के बीच केमिस्ट्री बन गई थी, उससे ऐसा लगता था कि दीपिका पादुकोण संजय लीला भंसाली की लगातार चौथी फिल्म गुस्ताखियां में दूसरी बार अभिषेक बच्चन के साथ जोड़ी बनाएगी।  इन दोनों की पहली एक साथ फिल्म,   आशुतोष गोवारिकर निर्देशित खेले हम जी जान से थी।  पद्मावत २०१८ में रिलीज़ हुई और   भंसाली के साथ दीपिका की लगातार तीसरी हिट फिल्म साबित हुई।  इसके बावजूद गुस्ताखियां के ऐलान के बजाय दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी का ऐलान हुआ।

अभिषेक बच्चन का साहिर
संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन में, अभिषेक बच्चन के साहिर बनने का एपिसोड लम्बे समय तक चला।  खबर थी कि अभिषेक बच्चन ने  गुस्ताखियाँ का साहिर बनने के लिए तैयारियां तेज़ कर दी थी। इसके लिए वह अपने पिता अभिनीत और साहिर के लिखे गीतों वाली फिल्मों के गीतों को खूब सुन रहे थे। कभी कभी और त्रिशूल ऎसी ही फ़िल्में थी।  संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन में ख़ास बात यह थी कि इस फिल्म के निर्देशक के तौर पर जसमीत रीन अंतिम थी।  अलबत्ता,  अभिषेक की नायिकाएं बदल रही थी।  एक वक़्त तो दीपिका के बाद ऐश्वर्या राय बच्चन के अमृता प्रीतम बनने की अफवाह भी उड़ने लगी थी।  परन्तु गुलाब जामुन की तरह फिल्म गुस्ताखियां में भी यह जोड़ी बन नहीं सकी। इसके बाद, भंसाली के कैंप में तापसी पन्नू की एंट्री की खबर भी उड़ी।  तापसी पन्नू ने अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म मनमर्ज़ियाँ की थी।  परन्तु, यह खबर तापसी के पीआर की कारस्तानी साबित हुई।

विराम से पहले 
गुस्ताखियां पर विराम लगाने से पहले की खबर यह थी कि संजय लीला भंसाली को अपनी गंगूबाई आलिया  भट्ट में अमृता प्रीतम भी दिखती है।  उन्हें लगता था कि आलिया भट्ट अब काफी  परिपक्व हो चुकी है।  संजय ने आलिया भट्ट के साथ गंगूबाई पर काम करने के दौरान उनमे ग्रोथ होते देखी थी। उन्हें ऐसा लगता था कि आलिया भट्ट  में अब किरदार समझने की इतनी  अच्छी समझ विक्सित हो चुकी है कि वह साहिर की अमृता को परदे पर पूरी संजीदगी से उतार सकती है।  सूत्रों का कहना था कि खुद आलिया भट्ट भी साहिर बायोपिक को करना चाहती हैं।  

तीन अभिनेत्रियों ने ठुकराई बायोपिक
संजय लीला भंसाली की गुस्ताखियां बनेगी ? क्या आलिया भट्ट ही फिल्म की अमृता प्रीतम होंगी ?यहाँ यह ध्यान रखना होगा कि आलिया भट्ट संजय लीला भंसाली की पहली पसंद नहीं थीं। संजय  इस भूमिका के लिए प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा और दीपिका पादुकोण को अप्रोच कर चुके थे । परिणीति चोपड़ा ने तो प्रियंका के इंकार को देखते हुए फिल्म से किनारा कर लिया था। तीनों ही एक्ट्रेसेज ने यह कह कर ऑफर ठुकरा दिया कि यह रोल दमदार नहीं है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जब गुस्ताखियां बनेगी, तब क्या भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी आलिया को इस फिल्म में अपनी भूमिका दमदार नज़र आएगी !

साहिर पर सीरीज !
अगले साल, ८ मार्च २०२१ को साहिर लुधियानवी  की जन्मशती है। इस मौके को मनाने के लिए रैनबॉक्स स्टूडियोज का इरादा साहिर लुधियानवी  पर एक वेब सीरीज बनाने का है। इसके उन्होंने किताब साहिर लुधियानवी द पीपलस पोएट के पटकथा रूपांतरण के अधिकार लेखक अक्षय मनवानी से खरीद लिए है।  अब  देखने वाली बात होगी कि साहिर की जन्मशती पर कोई फिल्म रिलीज़ हो या न हो, रैनबॉक्स की यह सीरीज प्रसारित होगी या नहीं !

No comments:

Post a Comment