Friday 30 August 2019

गैंगस्टर फिल्म मुंबई सागा से वापसी करेगी Kajal Aggerwal


एक तरह से कहा जा सकता है कि गैंगस्टर फ़िल्में बनाने में माहिर निर्देशक संजय गुप्ता वापसी कर रहे हैं।  संजय गुप्ता की  पिछली गैंगस्टर फिल्म शूटआउट एट वडाला २०१३ में प्रदर्शित हुई थी।  इस फिल्म के बाद, संजय ने एक्शन थ्रिलर फ़िल्में जज़्बा और काबिल बनाई। अब वह गैंगस्टर फिल्म मुंबई सागा से वापसी कर रहे हैं।  खास बात यह है कि इस फिल्म से दक्षिण की फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल अग्रवाल भी वापसी की कोशिश में हैं।

नेपोटिस्म के बीच काजल 
इस समय दक्षिण की कई अभिनेत्रियां बॉलीवुड में ज़ोरआजमाइश कर रही हैं।  नेपोटिस्म के शिकार बॉलीवुड की फिल्मों में, दक्षिण की अभिनेत्रियों के लिए कठिन स्थिति है।  लेकिन, कुछ ख़ास तरह की फिल्मों में उनके लिए भी काफी मौके हैं।  शायद ऐसे ही किसी मौके को तलाश करने के लिए काजल अगरवाल  एक बार फिर वापसी के प्रयास में हैं।

सीक्वल में काजल नहीं करीना क्यों ? 
काजल अग्रवाल की, क्यों हो गया न की असफलता के बादपहली वापसी काफी सफल साबित हुई थी। अजय देवगन के साथ, रोहित शेट्टी के पुलिस यूनिवर्स की पहली फिल्म सिंघम (२०११)  ने ज़ोरदार सफलता हासिल की थी।  इस सफलता के बाद, रोहित शेट्टी ने अजय देवगन को फिर बाजीराव सिंघम बनाया, लेकिन काजल अग्रवाल की काव्या भोसले को, करीना कपूर की अवनि कामत से बदल दिया।  यह काजल के लिए बड़ा झटका था।

इकलौती फ्लॉप फिल्म का खामियाज़ा 
सिंघम के दो साल बाद, काजल अग्रवाल की अक्षय कुमार के साथ फिल्म स्पेशल २६ (२०१३) से वापसी हुई।  यह वापसी भी सुपरहिट हुई थी।  मगर, काजल अग्रवाल को मार गई दो लफ़्ज़ों की कहानी।  रणदीप हूडा के साथ, इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से असफल हो जाने का जितना खामियाज़ा काजल अग्रवाल को उठाना पड़ा, उसका पासंग भी फिल्म के नायक रणदीप हूडा को नहीं हुआ।

मुंबई सागा में 
अब छह साल बाद, काजल अग्रवाल की बॉलीवुड में वापसी होने जा रही है।  काजल अग्रवाल को, संजय गुप्ता ने अपनी गैंगवार फिल्म मुंबई सागा की स्टार कास्ट में शामिल कर लिया है।  यह फिल्म जॉन अब्राहम की भूमिका के इर्दगिर्द घूमने वाली है।  काजल अग्रवाल की भूमिका जॉन अब्राहम के साथ रोमांटिक है।

बड़ा सवाल 
लेकिन, बड़ा सवाल यह है कि सिंघम और स्पेशल २६ जैसी हिट फिल्मों की नायिका काजल अग्रवाल को जॉन अब्राहम के अलावा इमरान हाश्मी, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, प्रतीक  बब्बर,गुलशन ग्रोवर, रोहित रॉय, समीर सोनी और अमोल गुप्ते जैसी दिग्गज पुरुष स्टारकास्ट के साथ छोटी भूमिका करके क्या हासिल होगा ? मगर उम्मीद पर तो दुनिया जीती है।  

No comments:

Post a Comment