Wednesday 8 January 2020

फ्लॉप फिल्मो के बावजूद बॉलीवुड के Rajkumar (Rao) !


राजकुमार राव के लिए, २०१९ फ्लॉप फिल्मों का साल कहा जा सकता है। वास्तविकता तो यह है कि राजकुमार राव, स्त्री से पहले और उसके बाद से लगातार फ्लॉप फिल्मों से जूझ रहे हैं। २०१९ में उनकी रिलीज़ तीन फ़िल्में एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा, जजमेन्टल है क्या और मेड इन चाइना बॉक्स ऑफिस पर धूल फांक गई। २०१८ में स्त्री से पहले और बाद ओमेर्ता और फन्ने खान तथा लव सोनिया और ५ वेडिंग्स को दर्शकों का टोटा रहा।

बॉलीवुड के राजकुमार !
हिट स्त्री के अलावा लगातार ७ फ्लॉप फिल्मों के बावजूद राजकुमार राव, बॉलीवुड फिल्मों के राजकुमार साबित हो रहे हैं। उनके पास फिल्मों के ढेर हैं। २०२० में उनकी, एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट समेत कम से कम पांच फ़िल्में रिलीज़ होंगी। रमेश सिप्पी की वापसी फिल्म शिमला मिर्ची, जो २०१५ में पूरी हो जाने के बावजूद रिलीज़ नहीं हो सकी थी, रिलीज़ हो चुकी है ।

राजकुमार राव की छलांग
निर्देशक हंसल मेहता के वह आँख के तारे बने हुए हैं। हंसल निर्देशित फिल्म तुर्रम खान का नाम अब छलांग हो गया है। इस छोटे शहर की सामजिक हास्य फिल्म छलांग मे, राजकुमार राव अपनी  लव सेक्स और धोखा एक्ट्रेस नुसरत भरुचा के साथ हैं।

लूडो का स्त्री-रूप
अनुराग बासु की फिल्म लूडो में उनका स्त्री रूप पिछले दिनों ही रिलीज़ हुआ है।  इसके बाद दर्शकों में फिल्म के प्रति उत्सुकता है। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, आदित्य रॉय कपूर, सान्या मल्होत्रा, फातिमा सना शैख़ और पंकज त्रिपाठी भी हैं।

प्रियंका चोपड़ा के साथ 
वह दिनेश विजन की हॉरर फिल्म रूही अफ़ज़ा में जाह्नवी कपूर के दूल्हे बने नज़र आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन हार्दिक मेहता कर रहे हैं। राजकुमार राव का पहला हॉलीवुड प्रोजेक्ट द वाइट टाइगर ख़ास है। नेटफ्लिक्स के लिए इस फिल्म का निर्देशन रामिन बहरानी कर रहे हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी पहली बार बन रही है।

No comments:

Post a Comment