Thursday 30 August 2018

प्रियंका चोपड़ा के साथ ही बनेगी विशाल की फिल्म

सैफ अली खान, शाहिद कपूर और कंगना रनौत के साथ द्वितीय विश्वयुद्ध की पृष्ठभूमि पर फिल्म रंगून को मिली बड़ी असफलता से बौखलाए विशाल भरद्वाज के लिए बड़ी राहत की बात यह है कि उनकी आगामी फिल्म पटाखा के प्रोमोज को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।

दो बहनों के आपसी रिश्तों को दर्शाने वाली फिल्म पटाखा में टीवी एक्ट्रेस राधिका मान के साथ दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा हैं।

इस फिल्म के ट्रेलर में इन दो रील लाइफ बहनों के बीच की नोकझोंक ने, दर्शकों मे फिल्म के प्रति दिलचस्पी पैदा कर दी है।

इसलिए, अब विशाल भरद्वाज ने एक बार फिर पंख फड़फड़ाने शुरू कर दिए हैं। वह ऊंची उड़ान भरने की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने, इस बात की पुष्टि की है कि वह प्रियंका चोपड़ा के साथ एक फिल्म बनाएंगे। 

कुछ महीनों पहले ही प्रियंका चोपड़ा और विशाल भरद्वाज के एक साथ काम करने की खबरें थी।  

लेकिन, प्रियंका चोपड़ा द्वारा निक जोनास से कथित शादी के लिए सलमान खान की फिल्म भारत छोड़ देने के बाद, उन तमाम निर्माताओं को निराशा हुई थी, जो इस क्वांटिको स्टार को लेकर फिल्म बनाना चाहते थे।

इसके बाद ही प्रियंका चोपड़ा के विशाल भरद्वाज और संजय लीला भंसाली की फिल्म न करने की ख़बरे भी सुर्ख हुई थी।

लेकिन, पटाखा के एक इवेंट्स में विशाल भरद्वाज ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म बनाने के लिए तैयार है।

यह फिल्म भी विशाल की पहले की तमाम फिल्मों की तरह, विलियम शेक्सपियर के नाटक ट्वेल्फ्थ नाईट पर आधारित है।

पत्रकारों से बातचीत में  विशाल भारद्वाज ने कहा, "प्रियंका मेरे साथ फिल्म करना चाहती हैं।  हम दोनों ने पहले भी (७ खून माफ़ और कमीने) साथ काम किया है।  उम्मीद है कि हम अगले साल फिल्म शुरू कर देंगे।"

यहां बताते चलें कि जब पटाखा छुरियां हुआ करती थी, तब फिल्म का निर्देशन विशाल भरद्वाज के सहायक हनी त्रेहन कर रहे थे। लेकिन, क्रिएटिव डिफरेंसेस के कारण, विशाल ने हनी को हटा कर फिल्म की कमान खुद सम्हाल ली थी।

राधिका मदान, सान्या मल्होत्रा, विजय राज़ और सुनील ग्रोवर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म पटाखा २८ सितम्बर को रिलीज़ हो रही है।

काँटा लगा गर्ल शेफाली ज़रीवाला की वापसी - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment