Sunday 26 August 2018

क्या 'भारत' छोड़ कर पछता रही है प्रियंका चोपड़ा ?

प्रियंका चोपड़ा, जैतून की टहनियां हाथ में पकड़े बेतहाशा हिला रही हैं। वह समझौते के लिए बेकरार नज़र आ रही हैं। लेकिन, कोई भी उनकी टहनियों को नहीं देख रहा। भारत में उनके लिए कोई जगह नहीं है। क्या प्रियंका चोपड़ा ने बेवक़्त अपने करियर को बड़ी चोट पहुंचा दी थी।

क्या शादी के लिए छोड़ी भारत ? 
पिछले महीने, २७ जुलाई को प्रियंका चोपड़ा के यकायक भारत छोड़ने का ऐलान हुआथा।  यह कहना उपयुक्त होगा कि निर्देशक अली अब्बास ज़फर ने प्रियंका चोपड़ा की तरफ से यह ऐलान किया था।  अली अब्बास ज़फर की ट्वीट से ऐसा लगता था कि प्रियंका चोपड़ा अपने प्रेमी निक जोनास से शादी करने के लिए भारत छोड़ रही हैं। अली अब्बास ज़फर ने  ट्वीट कर, उन्हें सुखी पारिवारिक जीवन की बधाइयां भी दी थी। हालाँकि, उस समय भी भारत के निर्माताओं में से एक अतुल अग्निहोत्री ने उसी समय अपनी नाराज़गी ज़ाहिर कर दी थी। क्योंकि, प्रियंका चोपड़ा ने अपने परिवार के ज़रिये खुद ही इस फिल्म में काम करने की इच्छा ज़ाहिर की थी। ऐसे में उनका निक जोनास का हवाला देकर, भारत की शूटिंग शुरू होने के १० दिन पहले, फिल्म छोड़ना किसी के गले नहीं उतारा था।  क्योंकि, शादी जैसी बातें तो काफी पहले ही तय हो जाती हैं।  जब प्रियंका चोपड़ा को शादी ही करनी थी तो उन्हें भारत में काम करने की इच्छा ही नहीं ज़ाहिर करनी चाहिए थी।

काऊबॉय निंजा वाइकिंग की साशा के लिए ! 
लेकिन, प्रियंका चोपड़ा ने, सलमान खान की फिल्म ऐन मौके पर इसलिए नहीं छोड़ी कि उन्हें शादी करनी थी। दरअसल, प्रियंका चोपड़ा की बात, डिज्नी की फिल्म काऊबॉय निंजा वाइकिंग के लिए चल रही थी। वर्ल्ड वॉर जेड के डायरेक्टर मार्क फोस्टर निर्देशित फिल्म काऊबॉय निंजा वाइकिंग में मुख्य भूमिका क्रिस प्राट कर रहे थे। क्रिस प्राट, जुरैसिक वर्ल्ड सीरीज से विश्व विख्यात हो चले थे।वह फिल्मे में मुख्य किरदार कर रहे थे।  प्रियंका चोपड़ा इस किरदार की निजी पायलट और बॉडीगार्ड साशा की भूमिका कर रही थी। काऊबॉय निंजा वाइकिंग के सामने भारत कहीं नहीं टिकती थी।  क्रिस प्राट की यूनिवर्सल अपील के सामने सलमान खान भी कहीं नहीं ठहरते थे। उस पर, सलमान खान की लगातार दो फ़िल्में ट्यूबलाइट और रेस ३ बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम हुई थी। जबकि, काऊबॉय निंजा वाइकिंग जैसी बड़ी फिल्म में प्रियंका चोपड़ा की भूमिका बेहद ख़ास थी। इससे उनकी यूनिवर्सल इमेज बन जाती।

सितारों का जमघट बन गई थी भारत ! 
एक बात और भी ! बेशक, प्रियंका चोपड़ा, फिल्म भारत में सलमान खान की पत्नी की भूमिका कर रही थी।  लेकिन, इस फिल्म में सितारों का जमघटा बढ़ता जा रहा था।  तब्बू, सुनील ग्रोवर, कैटरीना कैफ और दिशा पाटनी के बाद नोरा फतेही को भी शामिल कर लिया गया था। कोई गारण्टी नहीं थी कि अगली बार किसी नए चहरे की फिल्म में एंट्री नहीं हो जायेगी। सलमान खान ने तो ऐन मौके पर फिल्म रेस ३ में, जैक्विलिन फर्नॅंडेज़ की मौजूदगी के बावजूद डेज़ी शाह को फिल्म में शामिल कर, जैक्विलिन की भूमिका को हल्का बना दिया था। ऐसे में प्रियंका चोपड़ा को लगा कि इतने सारे सारे एक्टरों की भीड़ में उनके करने के लिए बचा ही क्या होगा। वह बॉलीवुड में अपना मुक़ाम बनाने के बजाय, करियर के इस मोड़ पर भी सलमान खान की फिल्म की नायिका बन कर रह जाएंगी।एक थ्योरी यह भी है कि  यह सब देख कर, प्रियंका चोपड़ा ने भारत को  अलविदा कहना ठीक समझा। 

खिसियाए सलमान खान 
सलमान खान को खिसियाने वाली बात यह हुई कि प्रियंका चोपड़ा ने भारत (फिल्म) को अलविदा कहा था, लेकिन, भारत (देश) अलविदा नहीं कहा था।  वह, सलमान खान की फिल्म छोड़ कर, शोनाली बोस की फिल्म द स्काई इज पिंक कर रही थी। हालाँकि, इस फिल्म में, प्रियंका  चोपड़ा माँ की भूमिका कर रही थी। फिल्म में उनके पति फरहान अख्तर बने थे। सलमान खान को यह नागवार गुजरा।  सलमान खान को फरहान अख्तर के पिता जावेद अख्तर से ख़ास खुन्नस है।  जावेद अख्तर की लगाईं-बुझाई के काऱण ही, अमिताभ बच्चन और सलमान खान के पिता सलीम खान के बीच दुराव पैदा हो गया था। सलीम खान को, मिस्टर इंडिया में अमिताभ बच्चन के बजाय अनिल कपूर से संतोष करना पड़ा था। पाठक ध्यान देंगे तो पाएंगे कि सलमान खान ने निर्माता फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट की कोई भी फिल्म नहीं की है।  हालाँकि, फरहान कई बार चाहते रहे थे कि सलमान खान उनकी फिल्म में काम करें।

क्या काऊबॉय निंजा वाइकिंग बंद ? 
अब इसे प्रियंका का दुर्भाग्य कहा जाए या ईश्वरीय न्याय, प्रियंका चौपड़ा की हॉलीवुड फिल्म काऊबॉय निंजा वाइकिंग' जो अगले साल २८ जून को रिलीज़ होनी थी, को यूनिवर्सल द्वारा हॉलीवुड फिल्म  रिलीज़ कैलेंडर से यकायक खींच लिया गया। पता चला कि फिल्म अनिश्चितकाल तक के लिए टाल दी गई है। प्रियंका चोपड़ा को, पहला बड़ा झटका देने वाली फिल्म काऊबॉय निंजा वाइकिंग, फिल्म के नायक क्रिस प्राट के लिए दूसरा बड़ा झटका थी।  क्रिस को पहला झटका, गार्डियनस ऑफ़ द गैलेक्सी के डायरेक्टर जेम्स गन को उनके तीसरे गैलक्सी प्रोजेक्ट से निकाल दिए जाने पर लगा था।

लवरात्रि के लिए ओलिव ब्रांच 
इस ज़ोर के झटके से, प्रियंका चोपड़ा बिल्ला गई थी।  अब न तो उनके पास हॉलीवुड की कोई फिल्म थी और न ही उनसे निक से शादी करते बन रहा था।  हालाँकि, बॉलीवुड में सिद्धार्थ रॉय कपूर और रोनी स्क्रूवाला जैसे प्रोडूसर उनके साथ थे, लेकिन सलमान खान से पंगा भारी था। हालाँकि, प्रियंका चोपड़ा ने भारत छोड़े जाने के बाद मौन धारण कर लिया था। उन्होंने सलमान खान के परिवार की प्रतिक्रिया के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। इसी समय, प्रियंका चोपड़ा को सलमान खान के साथ समझौता करने का एक मौक़ा मिल गया।  सलमान खान के होम प्रोडक्शन तथा सलमान खान के बहनोई आयुष शर्मा की बतौर नायक फिल्म लवरात्रि का ट्रेलर जारी हुआ। यह ट्रेलर सलमान खान ने ही जारी किया था।  प्रियंका चोपड़ा ने इस ट्रेलर को देखते ही अपनी हॉलीवुड हैट से ओलिव ब्रांच निकाल कर, लवरात्रि की ट्वीट पर डाल दी।  उन्होंने आयुष को शुभकामनायें दी।  प्रियंका चोपड़ा को उम्मीद थी कि सलमान खान पिघल जायेंगे और तत्काल प्रियंका की जैतून की टहनी लपक लेंगे।  लेकिन, नाराज़ सलमान खान नेवजनी चुप्पी साध ली।  उन्होंने  ऐसा व्यक्त ही नहीं होने दिया कि प्रियंका चोपड़ा नाम की किसी लड़की ने भी उनकी फिल्म पर ट्वीट किया है।

प्रियंका की चुनौती या समर्पण ? 

जब प्रियंका चोपड़ा ने भारत छोड़ी थी तब यह कहा जा रहा था कि प्रियंका चोपड़ा ने पुरुष प्रधान बॉलीवुड को बड़ा झटका दिया था। उन्हें, कंगना रनौत की तरह, मर्द एक्ट्रेस का खिताब भी दे दिया गया था। खुद कंगना रनौत ने भी प्रियंका चोपड़ा की प्रशंसा की थी। चूंकि, प्रियंका चोपड़ा शोनाली बोस  की फिल्म कर रही थी। इसलिए ऐसा समझा जाने लगा था कि प्रियंका चोपड़ा भी किसी शाहरुख़ या सलमान खान के बिना अपना बॉलीवुड करियर बनाएंगी। यह कुछ वैसा ही था,जैसे कंगना रनौत कर रही हैं।  लेकिन, लवरात्रि के ट्रेलर पर अपनी समझौते के लिए बेकरारी दिखा कर प्रियंका चोपड़ा ने खुद की आत्मसमर्पण वाली मुद्रा में पेश कर दिया है।  लेकिन, सलमान खान पिघलने वाले नहीं। शाहरुख़ खान ने प्रियंका से पहले ही किनारा कर लिया है। अगले दो तीन साल तक आमिर खान की फिल्में प्रियंका को नहीं मिल सकती।  क्या अक्षय कुमार प्रियंका चोपड़ा को सहारा देंगे ? वक़्त बताएगा कि प्रियंका का आत्मसमर्पण पुरुष प्रधान और नेपोटिस्म वाली इंडस्ट्री को कितना पिघला पायेगा ?

मैं खुद से गुस्सा भी हो रहा था - बॉबी देओल- पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment