Sunday 27 January 2019

सितारों की भीड़ में, बिछुड़े सितारों का मिलन !


शेली चोपड़ा धर की रोमांस ड्रामा फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा में सितारों की भीड़ जमी नज़र आती है। फिल्म में, पहली बार रियल लाइफ पिता- बेटी अनिल कपूर (Anil Kapoor) और सोनम कपूर (Sonam Kapoor) रील लाइफ में भी पिता-पुत्री की भूमिका में हैं। इस फिल्म में, इन दोनों के अलावा राजकुमार राव (Rajkumar Rao), जूही चावला (Juhi Chawla), ब्रिजेन्द्र काला, मधुमालती कपूर, सीमा पाहवा और दक्षिण की एक्ट्रेस रिजायना कैसांद्रा (Regina Cassandra) ख़ास भूमिकाओं में हैं। फिल्म में पहली बार, राजकुमार राव और सोनम कपूर की जोड़ी बन रही है। लेकिन, दर्शकों के लिए खास होगा, एक जोड़ी का मिलन। यह जोड़ी है अनिल कपूर और जूही चावला की। अनिल कपूर ने जूही चावला से बेनाम बादशाह से शुरुआत करते हुए अंदाज़, लोफर, दीवाना मस्ताना, झूठ बोले कौवा काटे, कारोबार: द बिज़नस ऑफ़ लव और सलाम ए इश्क जैसी फिल्मों में रोमांस का इजहार किया था। अब यह जोड़ी १२ साल एक बार फिर परिपक्व रोमांस की सुगंध बिखेरते नज़र आ रहे हैं तो दर्शकों में इसे देखने की उत्सुकता तो है ही।

१८ साल बाद अनिल कपूर- माधुरी दीक्षित 
निर्देशक इंद्रकुमार (Indra Kumar) की धमाल फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म टोटल धमाल से, अजय देवगन (Ajay Devgan) पहली बार धमाल सीरीज में एंट्री करने जा रहे हैं। इस फिल्म मे कोई १५ सितारे हैं। रितेश देशमुख, अरशद वारसी, आशीष चौधरी, जावेद जाफ़री, जोनी लीवर, संजय मिश्र, विजय पाटकर, बोमन ईरानी, सुदेश लहरी, निहारिका रायजादा, पितोबश त्रिपाठी और एषा गुप्ता जैसे सितारों के बीच चाँद जैसे खिलेंगे  अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित। निर्देशक इंद्रकुमार की ही फिल्म बेटा में अनिल कपूर के साथ दिल धक् धक् करने लगा जैसा गीत गा कर, युवा दिलों की धड़कन बन गई माधुरी दीक्षित लम्बे समय बाद अनिल कपूर के साथ जोड़ीदार हैं। प्रयागराज की फिल्म हिफाज़त से शुरुआत करने वाली अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने एन चंद्रा की फिल्म तेज़ाब से तेजाबी रोमांस कर सनसनी फैला दी थी. इस फिल्म के बाद यह जोड़ी राम लखन, परिंदा, कन्हैया, प्रतिकार, जमाई राजा, बेटा, खेल, ज़िन्दगी एक जुआ, पुकार, आदि फ़िल्में की। इन दोनों की पिछली फिल्म लज्जा थी, जो २००१ में प्रदर्शित हुई थी। इस लिहाज़ से, अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी पूरे १८ साल बाद फिर साथ नज़र आयेगी।


पच्चीस साल बाद कलंक
निर्माता करण जौहर की, अभिषेक वर्मन निर्देशित फिल्म ड्रामा पीरियड रोमांस फिल्म कलंक में कुणाल खेमू, मुकेश ऋषि, मीरा चोपड़ा, हितेन तेजवानी, किअरा अडवाणी और कृति सैनन के अलावा वरुण धवन और अलिया भट्ट की हिट जोड़ी के साथ सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर की जोडी पहली बार बनाई गई है। लेकिन, तमाम निगाहें, इन सितारों की भीड़ के बीच दो सितारों को खोजेगी। यह सितारे हैं खतरों के खिलाडी, इलाका, कानून अपना अपना, थानेदार, साजन, खल नायक, साहिबान और महानता की संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की रोमांटिक जोडी। कभी इस जोडी का रोमांस शादी की अफवाहों तक पहुंचा था. लेकिन, बॉम्बे बम ब्लास्ट में संजय दत्त का नाम आने के बाद माधुरी दीक्षित ने उनसे किनारा कर लिया। बताते हैं कि माधुरी के रवैये से संजय दत्त इतना नाराज़ थे कि वह इस फिल्म में माधुरी के साथ जोड़ी नहीं बनाना चाहते थे। लेकिन, करण जौहर के समझाने पर वह २५ साल बाद कलंक करने को तैयार हुए।


प्रियतमा या बहन होगी तब्बू !
अफवाह थी कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने, सलमान खान के साथ फिल्म भारत ऐन मौके पर इस लिए छोड़ दी कि फिल्म में सितारों की भीड़ बढती जा रही थी। सुनील ग्रोवर, जैकी श्रॉफ, आशिफ शैख़, मानव विज, सतीश कौशिक और कुमुद मिश्र के साथ तब्बू, दिशा पटनी, नोरा फतेही और करिश्मा ईरानी की फीमेल स्टारकास्ट शामिल कर ली गई थी। प्रियंका चोपड़ा के जाने के बाद कैटरीना कैफ को सलमान खान की नायिका बना दिया गया. लेकिन, दर्शकों में यह देखने की उत्सुकता है कि जीत, बीवी नंबर १, हम साथ साथ है और जय हो की तब्बू, भारत में सलमान खान के साथ किस भूमिका में हैं ?



मिशन मंगल पर अक्षय-विद्या की भूल भुलैया
जगन शक्ति निर्देशित फिल्म मिशन मंगल की कहानी २०१३ में इसरो के वैज्ञानिकों द्वारा मगंल में अपना यान भेजने के घटनाक्रम पर फिल्म है। बताते हैं कि इस लॉन्चिंग में भारत की महिला वैज्ञानिकों की अहम् भूमिका थी। इस फिल्म में संजय कपूर, सरमन जोशी, कीर्ति कुल्हारी, सोनाक्षी सिन्हा, नित्या मेनन और तपसी पन्नू को देखते समय हिंदी फिल्म दर्शक अक्षय कुमार और विद्या बालन के किरदारों की पड़ताल करना चाहेगा। हे बेबी, भूल भुलैया और थैंक्यू जैसी फिल्मों को साथ करने के बावजूद, कभी भी रोमांस को महत्व न देने वाले अक्षय कुमार और विद्या बालन, मिशन मंगल में किस मिशन को आजमा रहे होंगे।


अजय देवगन से कहेंगे तब्बू दे दे प्यार दे
निर्माता लव रंजन की, आकिव अली निर्देशित फिल्म दे दे प्यार दे में सलमान खान और शाहरुख़ खान का कैमिया बताया जा रहा है। फिल्म में जिमी शेरगिल, अलोक नाथ, हुसैन दलाल और एंजेला क्रिस्लिंज्की की स्टार कास्ट के साथ अजय देवगन, राकुल प्रीत सिंह और तब्बू का रोमांटिक ट्रायंगल हैं। लेकिन इस ट्रायंगल में अजय देवगन और तब्बू का एंगल कुछ ख़ास है। तब्बू के साथ अजय देवगन की रोमांटिक जोड़ी पहली बार फिल्म विजयपथ में बनी थी। इस फिल्म के बाद, दोनों ने हकीकत और तक्षक में अभिनय किया। अब तक्षक के २० साल बाद यह दोनों फिर साथ आ रहे हैं। देखने वाली बात होगी कि यह पुराने जोड़ीदार राकुल प्रीत सिंह के साथ कैसा ट्विस्ट जमाते हैं।


अक्षय के साथ फिल्म से इंकार
साजिद नाडियाडवाला की फिल्म हाउसफुल ४ का हाउस सितारों की भीड़ से फुल है। फिल्म में बॉबी देओल, रितेश देशमुख, राणा दग्गुबती, निकितिन धीर, चंकी पाण्डेय, बोमन ईरानी, शरद केलकर, जोनी लीवर, राजपाल यादव और प्रदीप रावत के साथ दो कृति, सैनन और खरबंदा और एक पूजा हेगड़े हैं। यहाँ, दर्शकों में उत्सुकता होगी, शाहरुख़ खान की फिल्म दिलवाले के लिए अक्षय कुमार की फिल्म सिंह इज ब्लिंग छोड़ देने वाली कृति सनन की जोड़ी कितनी जमती है।


तानाजी अजय देवगन साथ सुनील और सैफ
तानाजी द अन्सुंग वारियर में अजय देवगन के साथ सैफ अली खान और सुनील शेट्टी को देखना दिलचस्प होगा। अजय देवगन और सुनील शेट्टी ने दिलवाले, सर उठा के जियो, क़यामत, एलओसी कारगिल, ब्लैकमेल, टैंगो चार्ली और कैश में साथ काम किया था। एक्शन फिल्मों में इन दोनों की जोडी खूब जमी थी। अजय देवगन और सैफ अली खान, जहाँ फिल्म कच्चे धागे में दोस्त थे, वही ओमकारा में इन दोनों के बीच गहरी अदावत थी। फिल्म तानाजी में भी, सैफ अली खान का किरदार जय सिंह, अजय देवगन के तानाजी का दुश्मन है। इस लिहाज़ से यह देखना रोचक होगा कि सुनील शेट्टी और अजय देवगन क्या धुआधार एक्शन कर रहे होंगे ?


खुदा गवाह है नागार्जुन और अमिताभ बच्चन का ब्रह्मास्त्र
दर्शकों में ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर और अलिया भट्ट की नई जोडी को देखने की जितनी उत्सुकता होगी, उससे कहीं ज्यादा उत्साह एक मर्दानी जोड़ी को देखने का होगा। इस फंतासी फिल्म में अमिताभ बच्चन और नागार्जुन ने फिल्म खुदा गवाह और अग्नि वर्षा साथ साथ की थी।  खुदा गवाह में इन दोनों की जोड़ी काफी चर्चित हुई थी। लेकिन, दोनों ही फ़िल्में हिट नहीं हुई।  नागार्जुन भी साउथ की फिल्मों तक सीमित हो गए।  अब वह १७ साल बाद अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म कर रहे हैं तो उनकी भूमिका काफी ख़ास है। इसलिए इस जोड़ी का भी ब्रह्मास्त्र देखना दिलचस्प होगा।


पानीपत में विधाता के संजय दत्त और पद्मिनी कोल्हापुर

आशुतोष गोवारिकर की फिल्म पानीपत में अर्जुन कपूर सदाशिव राव भाऊ और संजय दत्त अहमदशाह अब्दाली युद्धरत नज़र आयेंगे। इस फिल्म में पद्मिनी कोह्लापुरे गोपिका बाई की भूमिका में है, जो अपने बेटे विश्वास राव को पेशवा बनाना चाहती है। पद्मिनी कोल्हापुरे और संजय दत्त के किरदारों का फिल्म में इतना ही सम्बन्ध है कि गोपिका के बेटे विश्वास राव की मौत पानीपत का युद्ध लड़ते हुए अब्दाली की सेना के हाथों हो गई थी। लेकिन, कभी फिल्म विधाता, बेकरार, दो दिलों की दास्तान और क़ुरबानी रंग लायेगी में इन दोनों ने रोमांटिक किरदार किये थे। क्या पानीपत में संजय दत्त और पद्मिनी कोल्हापुरे के टकराव का कोई दृश्य होगा। 

चाचा भतीजा की पागलपंथी 
अनीस बज़्मी निर्देशित कॉमेडी फिल्म पागलपंथी के अनिल कपूर और जॉन अब्राहम ने फिल्म सलाम ए इश्क, रेस २ और शूटआउट एट वडाला में साथ काम किया था। इन फिल्मों में दोनों के किरदारों के बीच दोस्ताना नहीं था। रेस २ और शूटआउट एट वडाला में तो यह दोनों एक दूसरे के जानी दुश्मन थे। अलबत्ता, २०१५ की फिल्म वेलकम बेक में दोनों के हास्य किरदार थे। 

No comments:

Post a Comment