Thursday 8 August 2019

एक शुक्रवार ४ फ़िल्में मुश्किल में अभिनेत्रियां


एक शुक्रवार को चार फ़िल्में रिलीज़ हो रही हों तो इन फिल्मों की नायिका अभिनेत्रियां मुश्किल में आ जाती हैं। एक तो कैमरा नायक पर जमा रहता है।  अपेक्षाकृत कम मौका मिलता है कुछ कर दिखाने का। ज़्यादातर अंग प्रदर्शन।  ऐसे में अगर, एकाधिक नायिका वाली फिल्म हो तो अभिनेत्रियों का मुश्किल में आना स्वाभाविक है।

मुश्किल में चार अभिनेत्रियां
अब राजीव एस रुइया की हॉरर थ्रिलर फिल्म मुश्किल फियर बिहाइंड यू को ही लीजिये।  इस फिल्म के नायक रजनीश दुग्गल और कुणाल रॉय कपूर हैं।  इनके साथ चार अभिनेत्रियां  रोमांटिक, सेक्सी और डरावनी भूमिका कर रही हैं।  नाज़िया हुसैन, शफ़क़ नाज़पूजा बिष्ट और अर्चना शास्त्री को सीमित समय में वह सब कुछ करना है, जो एक हॉरर फिल्म की नायिका करती हैं।  नाज़िया हुसैन की पहचान संजय दत्त की भांजी होना है। शफ़क़ नाज़ टीवी सीरियल अभिनेत्री हैं।  महाभारत (२०१३)  में कुंती की भूमिका कर चुकी हैं। मुश्किल, पूजा बिष्ट की पहली फिल्म है।  अर्चना शास्त्री एक एक तेलुगु और हिंदी हॉरर फिल्म में अभिनय कर चुकी हैं।  अब है न मुश्किल में नायिका ?

चरित्र अभिनेताओं से घिरी समीक्षा और निवेदिता
किसी फिल्म अभिनेत्री के लिए, उसका काम तब मुश्किल हो जाता है, जब उसे सशक्त एक्टरों की भीड़ में  घिर जाना पड़ता है।  शेखर सिरिन की फिल्म चिकन करी लॉ में बलात्कार की शिकार एक विदेशी महिला को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत निवेदिता भट्टाचार्य को फिल्म में आशुतोष राणा, मकरंद देशपांडेय और ज़ाकिर हुसैन जैसे सशक्त और स्थापित  अभिनेताओं का सामना करना पड़ रहा  है।  कुछ ऐसे ही चक्रव्यूह में फंसी नज़र आ रही हैं प्रणाम की समीक्षा सिंह।  हालाँकि, वह दक्षिण की फिल्मों की पॉपुलर अभिनेत्री हैं।  लेकिन, उन्हें प्रणाम में राजीव खंडेलवाल जैसे सशक्त अभिनेता के साथ साथ अतुल कुलकर्णी, विक्रम  गोखले, अभिमन्यु सिंह और अनिरुद्ध दवे की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

खुद के लिए चुनौती
इस लिहाज़ से जबरिया जोड़ी की परिणीति चोपड़ा किसी चुनौती से सुरक्षित नज़र आती हैं।  फिल्म में उनके नायक  सिद्धार्थ मल्होत्रा है। अपारशक्ति खुराना और संजय मिश्रा हंसाने की जद्दोजहद में परिणीति को चुनौती साबित नहीं होते।  जबरिया जोड़ी में परिणीति चोपड़ा के लिए खुद परिणीति ही चुनौती है। क्योंकि, वह आजकल अपनी फिल्मों से अधिक कजिन प्रियंका चोपड़ा और उनके अमेरिकी पति के साथ से पहचानी जा  रही हैं।  

No comments:

Post a Comment