Tuesday 19 June 2018

३०० करोड़ की रेस को तरसेगी रेस ३ !

सलमान खान को उनके प्रशंसक दर्शकों ने ईद दे दी।

पूरी तरह से बकवास और कमज़ोर फिल्म रेस ३ ने वीकेंड में ही १०० करोड़ का कारोबार कर लिया।

रेस ३ ने पहले दिन, प्री ईद को २९.१७ करोड़ (कुछ ट्रेड के लोग इसे २८ करोड़ ही मान रहे हैं) का कारोबार किया। यह आंकड़ा भी उम्मीद से कम था।  उम्मीद ३२-३३ करोड़ की थी।

इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि ईद के दिन सलमान खान को, उनके प्रशंसक ईदी देंगे।

हुआ भी यह।

सलमान खान के प्रशंसक सिनेमाघरों में उमड़ पड़े।  रेस ३ ने जेट की रफ़्तार पकड़ी।  फिल्म का दूसरा दिन ३८.१४ करोड़ का हुआ।

हर किसी को उम्मीद थी कि रेस ३ वीकेंड में ही १०० क्लब में शामिल हो जाएगी।  अगर ऐसा न होता तो सलमान खान की इमेज को बड़ा झटका लगता।

मगर, रेस ३ ने बॉक्स ऑफिस पर ३९.१६ करोड़ का कारोबार कर १०० करोड़ क्लब में प्रवेश कर लिया।

फिल्म, तीन दिनों में ही १०६.४७ करोड़ का आंकड़ा तय कर लिया।

वीकेंड में यानि ईद के रविवार को, रेस ३ का शनिवार के मुक़ाबले सिर्फ १ करोड़ ज़्यादा कमाना इस बात का संकेत था कि रेस ३ की रेस सुस्त हो रही है।  सलमान खान की बॉक्स ऑफिस पर रेस रफ़्तार खोने लगी है।  इसका नतीज़ा पहले वीक डेज में सामने आया।

किसी फिल्म के बढ़िया कारोबार के  लिहाज़ से वीक डेज ख़ास होते हैं।

अगर, बहुत ज़्यादा गिरावट नहीं आती तो फिल्म लम्बी रेस का घोड़ा साबित होती है।

हालाँकि, रेस ३ ने वीक डेज के पहले दिन सोमवार को १४.२४ करोड़ का बड़ा कारोबार किया।

लेकिन, साथ ही यह बड़ी गिरावट भी थी।

सलमान खान की फिल्म ने पहले दिन के मुक़ाबले ५१.१८ करोड़ की कमी दिखाई।  यह एक भारी गिरावट थी।  क्योंकि, यह रविवार के कलेक्शन के लिहाज़ से लगभग ५५ प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट थी।

इसका मतलब यह हुआ कि रेस ३ की दर्शकों पर पकड़ छूट गई थी।  इसका एक मतलब यह भी था कि ईद में उनके प्रशंसक दर्शकों ने उन्हें ईदी दे दी थी।  अब फिल्म में इतनी दम नहीं बची थी कि असामान्य गिरावट को रोक सके।

अब मंगलवार यानी आज क्या होगा ?

अगर आज भी ऎसी ही गिरावट देखी गई।  यानि फिल्म का कारोबार दहाई से इकाई पर आया तो समझ लीजिये कि रेस ३ को २०० करोड़ क्लब में शामिल होने के लाले लग जायेंगे।

क्योंकि, २९ जून से सलमान खान के अच्छे दोस्त संजय दत्त पर बायोपिक फिल्म संजू रिलीज़ हो रही है।

इस फिल्म में, संजय दत्त की भूमिका, सलमान खान के दुश्मन रणबीर कपूर कर रहे हैं।

ऐसा लगता है कि खान अभिनेताओं का जादू थम चुका है।

सलमान खान तो नॉन-एक्टर स्टार हैं।  एक्टिंग उनके बस का रोग नहीं।  वह एक बने बनाये खांचे पर ही फिल्म कर पाते हैं।  इस खांचे से वह जैसे ही हटते हैं, उनकी फ़िल्में ट्यूबलाइट हो जाती हैं।

अन्यथा, ईद जैसे वीकेंड की कृपा से यह लोग १००, २०० और ३०० करोड़ के क्लब में शामिल हो जाते हैं।

लेकिन, ५०० करोड़ क्लब में शामिल हो पाना इन जैसे बाहुबली बॉलीवुड एक्टर्स के बस की बात नहीं।

बहरहाल, फिलहाल तो आप यह समझ लीजिये कि रेस ३ सलमान खान की दो हफ्ते तक ही जीवित रहने वाली फिल्म बनने जा रही है। इसका ३०० करोड़ क्लब में शामिल होना सपना देखने के सामान होगा।

अगर यह फिल्म सॅटॅलाइट राइट, आदि बहुत से राइट्स बेच कर १३० करोड़ से ज़्यादा नहीं कमा ले जाती तो अपना नाम फ्लॉप फिल्मों में लिखवा लेती। 


श्रीराम राघवन की आयुष्मान खुराना के साथ अन्धाधुन ! - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment