Thursday 28 June 2018

क्या संजू बनाएगी रणबीर कपूर को २०० करोड़ क्लब का हीरो ?

यह तो तय हो गया है कि सलमान खान की फिल्म रेस ३, २०० करोड़ क्लब तक भी नहीं पहुँच पाएगी।  हालाँकि, रेस ३ अपने निर्माताओं के लिए मोटे फायदे की रेस साबित होती है। तमाम राइट्स बेच कर इस फिल्म के निर्माताओं ने कई गुना फायदा बटोर लिया है। सलमान खान की स्टार पावर की वजह से यह फिल्म पहले तीन दिनों में ही, १०० करोड़ क्लब तक भी पहुच गई।  लेकिनइसकी कहानी अगर बढ़िया होती तो....!
रणबीर के स्टारडम की परीक्षा 
अब किन्तु-परन्तु का मौक़ा नहीं। चालू हफ्ता काफी ख़ास है।  सलमान खान के स्टारडम के बाद, रणबीर कपूर के स्टारडम का इम्तिहान होगा।  इस वीकेंड पर, २९ जून को रणबीर कपूर की संजय दत्त की भूमिका वाली फिल्म संजू रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म में संजय दत्त मुख्य किरदार कर रहे हैं। फिल्म की, छोटी-बड़ी भूमिकाओं में कई दूसरे एक्टर भी हैं।  लेकिन, तमाम फोकस रणबीर कपूर के किरदार पर ही है। जहाँ तक बॉक्स ऑफिस का सवाल है, संजय दत्त की फ़िल्में अब चलती नहीं।  तो क्या उनके किरदार पर बनी फिल्म चलेगी ?

रील में रियल लाइफ 
बात, संजय दत्त की रील लाइफ की नहीं है। यों समझिये संजू एक कहानी है। एक एक्टर की, जो नशेड़ी था, जो जेल गया, जो टॉप पर भी पहुंचा। इस कहानी में कई रंग हो सकते हैं। बेशक यह सारे रंग संजय दत्त की कहानी में है। लेकिन, संजू को तो एक फिल्म की कहानी की तरह देखना होगा।संजू में, संजय दत्त की उतार चढ़ाव से भरी ज़िन्दगी है।  उनका नशे में डूबना, स्टारडम पाना और फिर तत्काल ही देशद्रोह के अपराध में जेल जाना। एक व्यक्ति  के जीवन के इतने रंग ! क्या ट्विस्ट एंड टर्न वाली हिंदी फिल्मों के लिहाज़ से यह कहानी बढ़िया नहीं ? 

रणबीर के एक्टर की परीक्षा 
संजय दत्त की इस रियल लाइफ को परदे पर कोई संजय दत्त नहीं कर रहा।  संजय दत्त का रियल में भोगा हुआ, रणबीर कपूर रील में भोगेंगे।  वह परदे पर  संजय दत्त के जीवन के उतार-चढ़ाव को जियेंगे। यह रणबीर कपूर के अभिनय की परीक्षा होगी।  इसमें कोई शक नहीं कि रणबीर कपूर आज की पीढ़ी के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेता है। वह इसे पहली फिल्म सावरिया से लेकर राजनीति, बर्फी, तमाशा, ऐ दिल है मुश्किल, जग्गा जासूस, आदि फिल्मों तक, बार बार साबित कर चुके हैं। संजू में उन्हें अपनी प्रतिभा फुख्ता करने का एक और मौक़ा है।

दिखानी होगी बॉक्स ऑफिस पर पकड़ 
उनकी बॉक्स ऑफिस पर पकड़ भी है।  उनकी पिछली फ़िल्में इसकी गवाह है कि रणबीर की फिल्मों का पहला दिन ज़ोरदार होता है।  उनकी टॉप १० की फिल्मो में, सबसे कम कलेक्शन करने वाली तीन फ़िल्में अनजाना अनजानी (८ करोड़), जग्गा जासूस (८.५७ करोड़) और बर्फी (९.२० करोड़) भी दर्शक जुटा ले जाती हैं।  उनकी सात फिल्मों ने १० करोड़ से ज़्यादा का कारोबार किया है। उनकी फ्लॉप फिल्म बेशर्म ने बॉक्स ऑफिस पर सबसे अधिक २१.५६ करोड़ का इनिशियल जुटाया था। ये जवानी है दीवानी ने पहले दिन १९.४५ करोड का इनिशियल मिला।  रणबीर कपूर की १० करोड़ से ज़्यादा का इनिशियल जुटाने वाली पांच फिल्मों में ऐ दिल है मुश्किल (१३.३० करोड़), रॉकस्टार (११ करोड़), तमाशा (१०.८७ करोड़), रॉय (१०.४० करोड़) और राजनीति (१०.२१ करोड़)  के नाम शामिल है।

रणबीर कपूर की दोहरी परीक्षा !
रणबीर कपूर की कड़ी परीक्षा है।  वह एक ऐसे सितारे हैं, जिसे हर फिल्म में दोहरी परीक्षा देनी होती है।  पहली परीक्षा उनके अभिनय की होती है।  कैसा अभिनय किया है ! कितना जी पाए हैं अपना किरदार ! अब यह बात दीगर है कि रणबीर कपूर इस परीक्षा में हमेशा सफल होते रहे हैं। वह जिस शिद्दत से बेशर्म का बकवास सा किरदार कर ले जाते हैं, उसी महारत से वह बर्फी के हकलाने वाले बर्फी को कर ले जाते हैं।  इतना गहरा और संवेदनशील अभिनय रणबीर के बस की ही बात है। इसके अलावा उन्हें बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी परीक्षा देनी पड़ती है।  बतौर नायक, अपने करियर की १७ फिल्मों में, १० करोड़ से ज़्यादा का इनिशियल देने वाली सात  फ़िल्में देने वाले रणबीर कपूर से बॉक्स ऑफिस को कुछ ज़्यादा की चाहत होती है। उन्हें एक अदद हिट फिल्म की सख्त ज़रुरत है। वह ये जवानी है दीवानी के बाद से बेशर्म, रॉय, बॉम्बे वेलवेट, तमाशा और जग्गा जासूस जैसी असफल फिल्म दे चुके हैं।  रणबीर कपूर की सबसे अधिक कारोबार करने वाली फिल्म ये जवानी है दीवानी ही थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस अपर १९० करोड़ का नेट किया था।  क्या संजू अपने खाते में नए आंकड़े या नया क्लब  पाएंगे ?

२०० और ३०० करोड़ क्लब के राजकुमार !
संजूरणबीर कपूर को बढ़िया इनिशियल दिला सकती है।  संजू, रणबीर कपूर के खाते में नया क्लब ऐड कर सकती है।  इस फिल्म से २०० करोड़ की उम्मीद की जा रही है। यह संभव हो सकता है।  क्योंकि, रणबीर कपूर के साथ संजू के निर्देशक राजकुमार हिरानी हैं।  राजकुमार हिरानी ने बॉलीवुड के २०० करोड़ और ३०० करोड़ के क्लब बनाये हैं। उनकी फिल्मों ३ इडियट्स ने २०० करोडिया और पीके ने ३०० करोड़ क्लब बनाया था। संजू को बड़े पैमाने पर रिलीज़ किया जा रहा है। संजू को देश में ४००० प्रिंट्स में रिलीज़ किया जा रहा है। इस साल रेस ३ के बाद, यह सबसे ज़्यादा स्क्रीन हैं।  विदेश में, ६५ देशों में फिल्म को १३०० से ज़्यादा स्क्रीन पर रिलीज़ किया जाएगा। स्क्रीन्स की इतनी बड़ी संख्या रणबीर कपूर की किसी फिल्म के लिए अभूतपूर्व है ही, राजकुमार हिरानी की फिल्म के लिए भी। ऐसी दशा में भी, क्या राजकुमार हिरानी की फिल्म संजू को २०० करोड़ क्लब में जगह बनाने में सफलता हासिल नहीं हो सकेगी ?  


हॉलीवुड फ़िल्में देख कर कॉमेडी करेगी कृति खरबंदा- देखने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment