Monday 29 July 2019

अब ९ अगस्त को बनेगी जबरिया जोड़ी


निर्माता एकता कपूर (Ekta Kapoor) ने, अपनी फिल्म जबरिया जोड़ी (Jabariya Jodi) को २ अगस्त के बजाय ९ अगस्त को रिलीज़ करने का फैसला किया है।  इस प्रकार से, सिद्धार्थ मल्होत्रा (Siddharth Malhotra) और परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) की जबरिया जोड़ी अब एक हफ्ते बाद सिनेमाघरों में बनती नज़र आएगी।

जबरिया जोड़ी को एक हफ्ते बाद रिलीज़ करने का फैसला समझ से बाहर है।  जबरिया जोड़ी का प्रचार जम कर किया जा रहा था।  फिल्म के आइटम सांग जिला हिलेला ने  दर्शकों को हिलाना भी शुरू कर दिया था।  ऎसी दशा मे, सिर्फ पांच दिन पहले ऐसा फैसला लेने का एक ही काऱण नज़र आता है कि एकता कपूर अपनी दो फ़िल्में लगातार हफ्ते में रिलीज़ नहीं होने देना चाहती थी। लेकिन, एकता कपूर तो शातिर निर्माता है।  क्या उन्हें इस स्थिति की जानकारी पहले से नहीं थी ?


संभव है कि एकता कपूर का यह फैसला, फिल्म जजमेंटल है क्या (Judgemental Hai Kya) को एक हफ्ते का फायदा पहुंचाने के लिए हो।  क्योंकि, जजमेंटल है क्या को दर्शक पसंद करने लगे हैं।  यह फिल्म एक दूसरे खुले वीकेंड में कुछ ज़्यादा कमाई कर सकती है।  मगर पेंच यह है कि २ अगस्त को सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) की फिल्म खानदानी शफाखाना (Khandaani Shafakhaana) रिलीज़ हो रही है।  गुप्त रोगों का इलाज़ करने वाले शफाखाना  चलाने वाली बेबी बेदी यानि सोनाक्षी सिन्हा को कुछ बालिग़ शब्द बोलते देखना, दर्शकों के लिए थ्रिल की मानिंद हो सकता है।  


जहाँ तक जबरिया जोड़ी को ९ अगस्त को रिलीज़ होने के फायदे की बात है, ऐसा कोई फायदा होते नज़र नहीं आ रहा।  ९ अगस्त को राजीव खंडेलवाल (Rajeev Khandelwal) की एक्शन थ्रिलर फिल्म प्रणाम (Pranaam) के अलावा रजनीश दुग्गल (Rajneesh Duggal) की हॉरर फिल्म मुश्किल फियर बिहाइंड यू (Mushkil Fear behind You) रिलीज़ हो रही है।  एक्शन, थ्रिलर और हॉरर फिल्मों का एक बड़ा दर्शक वर्ग है।  रजनीश  दुग्गल हॉरर फिल्मों के हीरो के तौर पर मशहूर है।  राजीव खंडेलवाल की फिल्मों को देखना अलग अनुभव वाला होता है।


क्या सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की कुछ ख़ास सफल नहीं जोड़ी राजीव खंडेलवाल और रजनीश दुग्गल की फिल्मों का मुक़ाबला कर पाएगी ? इसी सवाल के जवाब में जबरिया जोड़ी की सफलता या असफलता का रहस्य छुपा हुआ है।  

No comments:

Post a Comment