Sunday 21 July 2019

Luv Ranjan की फिल्म में Deepika Padukone क्यों ?


सुपर हिट फिल्म ये जवानी है दीवानी और सुपर फ्लॉप फिल्म तमाशा की, दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की जोड़ी, फिर बनने जा रही है। यह दोनों, लव रंजन की अनाम फिल्म में अजय देवगन के साथ नज़र आयेंगे। अजय देवगन और रणबीर कपूर ने पिछली बार, प्रकाश झा की राजनीतिक ड्रामा एक्शन फिल्म राजनीति में काम किया था। लेकिन, दीपिका पादुकोण पहली बार अजय देवगन के साथ काम कर रही हैं। 

इस ऐलान के साथ ही थोड़े विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। दीपिका पादुकोण बड़ी बोल्ड एक्ट्रेस मानी जाती है। वह महिला अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज़ बुलंद करती रहती हैं। वह अपने वस्त्रों या क्लीवेज पर निशाना बनाने वाली पत्रिकाओं को निशाने पर लेने में नहीं चूकती। ऎसी बोल्ड एंड ब्यूटीफुल दीपिका का लव रंजन के साथ फिल्म करना गले नहीं उतर रहा। लव रंजन पर उनकी एक सहायक ने मीटू का आरोप लगाया था। वह अभी इस आरोप से बरी भी नहीं हुए है। यह बात दीगर है कि अजय देवगन और रणबीर कपूर जैसे अभिनेता उनके साथ फिल्म करने को तैयार हुए। लेकिन सवाल दीपिका पादुकोण का है। उनकी बोल्डनेस का क्या हुआ !

मीटू का आरोप, राजकुमार हिरानी पर भी लगा था। लेकिन, रणबीर कपूर ने हिरानी के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। क्योंकि, राजकुमार हिरानी की फिल्म संजू से उनके करियर में बड़ा बदलाव आया है। इसके अलावा राजकुमार हिरानी ने आगे भी रणबीर कपूर के साथ फिल्म करने की ख्वाहिश व्यक्त की थी। रणबीर कपूर किसी भी दशा में यह मौका छोड़ना नहीं चाहेंगे। इसलिए उनका लव रंजन को लेकर ख़ामोशी रखना स्वाभाविक है।

अजय देवगन तो इन दोनों से बहुत आगे हैं। जब नाना पाटेकर और साजिद खान पर मीटू का आरोप लगा था, उस दौरान एक इंटरव्यू में अजय देवगन ने कहा था कि आरोप लगाना और साबित होना, दो अलग अलग बाते हैं। अगर किसी पर आरोप साबित हो गया है तो उसके साथ काम करना ठीक नहीं। लेकिन, इन्ही अजय देवगन ने, साबित आरोप वाले अभिनेता अलोक नाथ के साथ फिल्म दे दे प्यार दे की थी। उन्होंने उस समय, इसका यह कह कर बचाव किया था कि अलोक नाथ का हिस्सा, आरोप लगाने से पहले अगस्त में ही शूट हो गया था।

आम तौर पर लव रंजन की फ़िल्में नारी चरित्र को अच्छी रौशनी में नहीं दिखाती। उनकी प्यार का पंचनामा और इसकी सीक्वल फिल्म तथा सोनू के टीटू की स्वीटी इसका प्रमाण हैं कि इनमे नुसरत भरुचा का चरित्र एक कुटिल और धोखेबाज़ औरत का दिखाया गया था। दीपिका पादुकोण ने ऐसे लव रंजन की फिल्म में अपनी भूमिका में ऐसा क्या देखा होगा?

No comments:

Post a Comment