Sunday 5 July 2020

कुछ बॉलीवुड की ०५ जुलाई २०२०


क्या टेनेट खोलेगी भारत लॉकडाउन ?
डार्क नाइट डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलान की फिल्म टेनेट, अमेरिका में सिनेमाघर खुलने के बाद रिलीज़ होने वाली हॉलीवुड की पहली फिल्म होगी।  पहले इस फिल्म को १२ जुलाई से पूरी दुनिया में प्रदर्शित किया जाना था। लेकिन, फिर वार्नर ब्रदर्स ने फैसला किया कि नोलान की ही सुपरहिट फिल्म इन्सेप्शन पहले रिलीज़ की जाएगी। टेनेट की प्रदर्शन की तारीख़ ३१ जुलाई कर दी गई। लेकिन, विश्व में सिनेमाघरों के खुलने की स्थिति को देखते हुए टेनेट को १२ अगस्त को वर्ल्डवाइड रिलीज़ करने का मन बनाया गया है। ऐसे में यह सोचा जा रहा है कि क्या भारत में भी सिनेमाघर १२ अगस्त से पूरी तरह से खुलने जा रहे हैं। ऐसा संभव भी था। क्योंकि, सिनेमा चेन्स ने अपनी पूरी तैयारी कर रखी है। मगर, फिल्म प्रदर्शन की मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, गुजरात, आदि में जिस प्रकार से कोरोना पीड़ितों की संख्या बढती ही जा रही है, शक की पूरी गुंजाईश है कि सरकार सिनेमाघरों को खुलने की अनुमति देगी। संभव है कि अगले एक महीने में स्थिति में सुधार हो तथा सिनेमाघर नए ढब और प्रदर्शन शैली के साथ खुलने शुरू हो जाए।
संदीप वंगा के गैंगस्टर रणबीर कपूर
तेलुगु फिल्म डायरेक्टर संदीप रेड्डी वंगा ने, सिर्फ दो फ़िल्में बनाई हैं। २०१७ में रिलीज़ फिल्म अर्जुन रेड्डी का हिंदी रीमेक कबीर सिंह २०१९ में प्रदर्शित हुई।  दोनों ही फिल्मों को बड़ी सफलता मिली। अब वह बतौर निर्देशक अपने करियर की तीसरी और दूसरी हिंदी फिल्म बनाने जा रहे हैं। कबीर सिंह के नायक शाहिद कपूर थे। लेकिन, उनकी तीसरी निर्देशित फिल्म के नायक दूसरे कपूर यानि रणबीर होंगे। कबीर सिंह, नाटकीय प्रेम कथा थी। लेकिन, निर्माता मुराद खेतानी के साथ उनकी यह फिल्म भरपूर एक्शन फिल्म होगी। इस गैंगस्टर फिल्म का टाइटल डेविल बताया जा रहा है रहा है। इस टाइटल के साथ सलमान खान की एक फिल्म भी बनाई जानी थी। फिल्म किक में सलमान खान का चरित्र देवी प्रसाद डेविल ही कहलाता था। हालाँकि, इस डेविल टाइटल की अभी पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन, इस फिल्म में पहली बार रणबीर कपूर एक्शन और गैंगस्टर भूमिका में नज़र आएंगे।अभी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम किया जा रहा है। लॉकडाउन के बाद बाकी के विवरण का ऐलान किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया में सिम्बा की दहाड़ !
दुनिया के तमाम देशों में महामारी के बाद, सिनेमाघरों के खुलने का सिलसिला शुरू हो गया है। कनाडा के बाद न्यूज़ीलैण्ड के सिनेमाघर खुले। २ जुलाई से ऑस्ट्रेलिया में सिनेमाघर खुलने जा रहे हैं। न्यूज़ीलैण्ड में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली पहली फिल्म रोहित शेट्टी के निर्देशन में अजय देवगन अभिनीत हॉरर कॉमेडी गोलमाल अगेन थी। ऑस्ट्रेलिया में भी सिनेमा का आगाज़ हिंदी फिल्म से होने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में रिलीज़ होने वाली पहली हिंदी फिल्म भी निर्देशक रोहित शेट्टी की ही होगी। एक बार फिर, इस फिल्म में भी अजय देवगन होंगे। पर उनकी भूमिका मेहमान की होगी। यह फिल्म है रणवीर सिंह और सारा अली खान की एक्शन फिल्म सिम्बा। सिम्बा २८ दिसम्बर २०१८ को भारत में रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म के निर्माण में ८० करोड़ खर्च हुए थे। फिल्म ने अब तक ४०० करोड़ का ग्रॉस कर लिया है। यह, सारा अली खान की पहली फिल्म होती, लेकिन, कोई एक महीना पहले केदारनाथ रिलीज़ हो गई। दो साल बाद, सिम्बा की दहाड़ ऑस्ट्रेलिया में सुनाई दे रही है। क्या सिम्बा रणवीर सिंह की दहाड़ ऑस्ट्रेलिया के बॉक्स ऑफिस को दर्शकों से भर देगी ?  
सलमान खान की लुलिया प्रेम सोनी की लैला मंजू
पिछले दो तीन सालों से, सलमान खान की चेली-कम-प्रेमिका के तौर पर बॉलीवुड में छाई रहने वाली रोमानियाई मॉडल लुलिया वेंतुर का बॉलीवुड डेब्यू, प्रेम आर सोनी की ही म्यूजिकल रोमांस फिल्म लैला मंजू से होने जा रहा है। अंग्रेजी में इस फिल्म का टाइटल लैला मजनू होने का भ्रम पैदा करता है। कई माध्यमों में लुलिया को लैला मजनू की तरह ही स्पेल किया गया। लेकिन, वास्तव में यह फिल्म लैला मंजू है। यह फिल्म दो आदमियों के एक लड़की को आकर्षित करने की संगीतमई प्रतियोगिता है। लैला मंजू की भूमिका लुलिया ही कर रही हैं। इस फिल्म में उनका साथ शशांक व्यास, अभिमन्यु तोमर और नेहल चुडासमा दे रही हैं।  फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर, इसके गीत-नृत्य से भरपूर फिल्म होना साबित करता है। शुरू में लुलिया का डेब्यू प्रेम आर सोनी की फिल्म राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला से होने की बात कही जा रही थी। अब चूंकि, लैला मंजू पूरी हो चुकी है, राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला को डिब्बा बंद कर दिया गया है।
बहुमुखी प्रतिभा के नमित दास
नमित दास अच्छे एक्टर हैं, इसे जानना है तो उनकी वेक अप सिड से लेकर पटाखा तक, भिन्न जॉनर की भिन्न चरित्रों वाली फ़िल्में देखे। उन्होंने हर चरित्र को स्वाभाविक ढंग से जिया है। हॉट स्टार पर हालिया रिलीज़ सीरीज आर्या में वह, सुष्मिता सेन के चरित्र के समान्तर चरित्र कर रहे हैं। इस चरित्र में भिन्न शेड हैं। नमित इन्हे आसानी से निभा ले जाते हैं। नामित ने करीब डेढ़ दर्जन नाटक किये हैं। कहा जाए तो उनके करियर की शुरुआत ही नाटकों से हुई थी। नाटकों से वह टीवी सीरियलों में गए। उन्होंने आर्या के अलावा ज़ी५ के लिए दो डिजिटल सीरीज टेबल नंबर २ और अभय की हैं। वह बीबीसी १ के लिए मीरा नायर की वेब सीरीज अ सूटेबल बॉय भी कर रहे हैं। अब उनकी एक गायिकी प्रतिभा भी सामने आई है।  उन्होंने क्वारंटाइन के दौर में मदन मोहन के संगीतबद्ध गीत ज़रुरत है को पॉप शैली में परिवर्तित कर पेश किया है। इस गीत के वीडियो में नामित दास की गायिकी और गायिकी के साथ भावाभिनय की अभिव्यक्ति होती है। वैसे नमित को गायन प्रतिभा अपने पिता से मिली है। नमित के पिता चन्दन दास मशहूर शास्त्रीय गायक है।
सोनी लाइव पर डिजिटल अनदेखी
ऐसा लगता है कि डिजिटल प्लेटफार्म सोनी लाइव पर क्राइम रियलिटी शो जैसे कार्यक्रम स्ट्रीम होते नज़र आयेंगे। सोनी लाइव का ओरिजिनल शो अनदेखी उत्सुकता पैदा करने वाला क्राइम थ्रिलर शो है। १० जुलाई से स्ट्रीम होने जा रहे इस शो का निर्देशन आशीष आर शुक्ला ने किया है। यह शो वास्तविक अपराध घटनाओं पर आधारित होगा। इस शो की झलक में किसी शादी में नाचती लड़कियों के बीच कुछ लोग डांस करते और फायर करते नज़र आते हैं। इसी में एक गोली नर्तकी के माथे को चीर कर निकल जाती है। इस प्रकार की एक घटना चार साल पहले भटिंडा में घटी थी। इस सीरीज में प्रमुख भूमिकाये हर्ष छाया, दिब्येंदु भट्टाचार्य, अंकुर राठी, सूर्य शर्मा, अंचल सिंह, अभिषेक चौहान, अयन जोया, अपेक्षा पोरवाल और संदीप सेन की है। ख़ास बात यह है कि इस शो में संवाद मेरे डैड की दुल्हन के डैड वरुण बडोला ने लिखे हैं। वरुण बडोला को सीरीज योर ऑनर में काशी की भूमिका में काफी सराहा गया है।

No comments:

Post a Comment