Tuesday 14 July 2020

पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन की पायरेट Margot Robbie


मशहूर पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन सीरीज का महिला संस्करण बनाया जा रहा है। यह महिला पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन फिल्म, इस सीरीज की बनाई जा रही रिबूट फिल्म के अलावा है। फीमेल पाइरेट्स ऑफ़ कॅरीबीयन में प्रमुख भूमिका के लिए मार्गोट रॉबी को लिया गया है। इस फिल्म की कहानी बर्ड ऑफ़ प्रे और बंबलबी की लेखिका क्रिस्टीना हॉडसन लिखेंगी।

हर्ले क्विन से मार्गोट रॉबी
मार्गोट ऑस्ट्रेलियाई मूल के हॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री हैं। अगर भारतीय दर्शकों को उन्हें हॉलीवुड की किसी फिल्म से याद करना है तो उन्हें सुसाइड स्क्वाड की डॉक्टर हरलीन क्विंजेल उर्फ़ हर्ले क्विन को याद करना होगा। डीसी कॉमिक्स की किताबों में जोकर की प्रेमिका हर्ले क्विन का चरित्र बुरा किस्म का है। इस चरित्र को दर्शकों द्वारा डीसी कॉमिक्स की सुपर हीरो फिल्म बर्ड्स ऑफ़ प्रे में देखा गया होगा।

नई कहानी नए चरित्र
डिज्नी की इस लोकप्रिय फ्रैंचाइज़ी फिल्म के बारे में अधिक जानकारी तो नहीं है। परन्तु, इस फिल्म में मार्गोट की भूमिका जोहनी डेप के जैक स्पैरो की तरह होगी। हालाँकि, फिल्म अभी शुरूआती दौर में है। परन्तु, यह ज़रूर बताया जा रहा है कि मार्गोट की फिल्म जैक स्पैरो की पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन की स्पिन ऑफ फिल्म नहीं होगी। यह नई कहानी वाली नए चरित्रों की कथा होगी।

सफल फ्रैंचाइज़ी फिल्म
पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन, डिज्नी की सबसे सफल फ्रैंचाइज़ी फिल्म सीरीज है। इस सीरीज के अंतर्गत बनाई गई पांच फिल्मों ने दुनिया के बाज़ार में ४.५ बिलियन डॉलर का कारोबार किया है। इसलिए डिज्नी द्वारा पाइरेट्स सीरीज का विस्तार करना सही फैसला लगता है। अब देखने की बात होगी कि मार्गोट रॉबी का किरदार जोहनी डेप के जैक स्पैरो की यादगार बन पाता है!

No comments:

Post a Comment