Wednesday 19 February 2020

Mani Rathnam की फिल्म में Aishwarya Rai Bachchan और Vikram


जिस दौरान, तमिल फिल्म निर्देशक मणि रत्नम, रोजा के बाद बॉम्बे के निर्माण में व्यस्त थे, उस दौरान उन्होंने एक बातचीत में पत्रकारों से कहा था कि वह कल्कि कृष्णामूर्ति के काल्पनिक ऐतिहासिक उपन्यास पोंनियिन सेलवन पर फिल्म का निर्माण करना चाहते हैं। वह इस फिल्म को बड़े पैमाने पर बड़े बजट से बनाना चाहते थे। उस समय तक उनकी फिल्म रोजा का हिंदी संस्करण हिंदी बेल्ट के दर्शकों को प्रभावित कर चुका था।  इसलिए मणि रत्नम अपनी फिल्म को अखिल भारतीय स्टार कास्ट के साथ बनाना चाहते थे। लेकिन, बड़े बजट, तरीखों की समस्या और एक के बाद एक फिल्मों के निर्देशन में व्यस्त हो जाने के कारण मणि रत्नम अपना यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ा सके।

पहला शिड्यूल थाईलैंड में पूरा 
अब यह प्रोजेक्ट काफी आगे निकल चुका है। मणि ने, इस फिल्म का पहला शिड्यूल थाईलैंड में पूरा कर लिया गया है। अब इस फिल्म की बाकी की शूटिंग भारत में ही होगी। फिलहाल, पोंनियिन सेलवन नाम से जानी जाने वाली यह फिल्म १०वी और ११वी शताब्दी के चोल साम्राज्य के पतन पर केंद्रित है। यह चोल राजा अरुलमोझीवर्मन के पतन की कहानी है। चोल राज परिवार के पेरिया पजूवेत्तारियर की पत्नी नंदिनी सत्ता की भूखी है तथा वह चोल साम्राज्य के पतन के लिए षड़यंत्र रचती है।

कई भाषाओँ में रिलीज़ 
हिंदी के अलावा, दूसरी कई भारतीय भाषाओँ में प्रदर्शित की जाने वाली इस फिल्म में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने पहचाने सितारों को शामिल किया गया है। थाईलैंड के शूट मे  हिस्सा लेने वाले ऐश्वर्या राय बच्चन, विक्रम, कार्ति, तृषा और जयम रवि के अलावा बॉलीवुड की अभिनेत्री शोभिता धुलिपला को भी स्टारकास्ट में शामिल किया गया है। बाद में कुछ दूसरे नाम भी फिल्म से जोड़े जाएंगे।

रावण के बाद विक्रम और ऐश्वर्या 
इस फिल्म से जुड़े दो नाम हिंदी दर्शकों के लिए दिलचस्प होंगे। फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य षड्यंत्रकारी नंदिनी की भूमिका कर रही है। तमिल एक्टर विक्रम, फिल्म में राजकुमार आदित्य करिकालन की भूमिका कर रहे हैं। ऐश्वर्या के विक्रम के साथ काफी दृश्य बताये गए हैं। विक्रम और ऐश्वर्या राय बच्चन दस साल बाद किसी फिल्म में साथ आ रहे हैं। २०१० में प्रदर्शित मणि रत्नम की ही फिल्म रावण में इन दोनों कलाकारों ने साथ काम किया था।

२०२१ में पहला पार्ट 
पोंनियिन सेलवन को कई भारतीय भाषाओँ में डब कर, दो भागों में प्रदर्शित किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग इस साल पूरी हो जाएगी। इसके बाद, २०२१ में पहला पार्ट रिलीज़ किया जाएगा। अभी फिल्म की रिलीज़ की तारीख़ का ऐलान नहीं हुआ है।   

No comments:

Post a Comment