Sunday 28 June 2020

युवा सितारों का बॉक्स ऑफिस पर जलवा !

इस साल बॉक्स ऑफिस पर युवा अभिनेताओं के दमखम का अंदाज़ा नहीं लग पाया है। पिछले साल, वॉर के बाद, टाइगर श्रॉफ की एक्शन फिल्म बागी ३, बॉक्स ऑफिस पर ६ मार्च २०२० को प्रदर्शित हुई थी। अभी इस फिल्म को रिलीज़ हुए दो हफ्ते भी नहीं हुए थे कि कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के बाद, फिल्म को सिनेमाघरों से उतार लिया गया।  ८५ करोड़ में बनी यह फिल्म १३५ करोड़ का ग्रॉस ही कर सकी। वरुण धवन की फिल्म कुली नंबर १ तो रिलीज़ ही नहीं हो सकी, क्योंकि १ मई को देश के सारे सिनेमाघर बंद कर दिए गए थे। रणवीर सिंह की क्रिकेट पर फिल्म '८३ इस साल रिलीज़ होनी है। कार्तिक आर्यन की दो फ़िल्में भूल भुलैया २ और दोस्ताना २ निर्माण के भिन्न चरणों में हैं। इनमे से कोई फिल्म इस साल प्रदर्शित हो सकती है। सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म शेरशाह के ओटीटी प्लेटफार्म से स्ट्रीम होने की खबर है। जबकि, आयुष्मान खुराना की फिल्म गुलाबो सिताबो अमेज़न प्राइम वीडियो पर १२ जून से स्ट्रीम हो रही है। विक्की कौशल की कोई फिल्म इस साल रिलीज़ हो पाएगी, कहा नहीं जा सकता है। उनकी फिल्म भूत पार्ट १ हॉन्टेड शिप भी डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रसारित हो रही है।
किसमे कितना है दम
ऐसे में अगर युवा सितारों के दमखम का अंदाजा लगाना है तो उनकी पहले की फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को ही खंगालना होगा। किसी सितारे की बॉक्स ऑफिस पर दर्शक खींच लाने की क्षमता का अंदाज़ा उसकी फिल्म के पहले दिन के कारोबार से लगाया जाता है। इसलिए बॉलीवुड के युवा सितारों टाइगर श्रॉफ, वरुण धवन, रणवीर सिंह, सिद्धार्थ मल्होत्रा, कार्तिक आर्यन, आयुष्मान खुराना और विक्की कौशल, जिन पर बॉलीवुड का सुनहरा भविष्य टिका हुआ है, के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का विश्लेषण उपयुक्त होगा।
टाइगर श्रॉफ - टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड के युवा एक्शन स्टार माने जाते हैं। उनकी पहले दिन सबसे ज़्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म वॉर (२ अक्टूबर २०१९) थी, जिसने पहले दिन ५३.३५ करोड़ का कारोबार किया था। मगर, ध्यान रहे कि वॉर, टाइगर श्रॉफ की सोलो हिट फिल्म नहीं थी।  वास्तव में यह फिल्म तो हृथिक रोशन की थी। इस लिहाज़ से टाइगर की सोलो फिल्मों पर नज़र डालें तो बागी २ का २५.१० का कलेक्शन सबसे दमदार है। वॉर के बाद, रिलीज़ उनकी फिल्म बागी ३ (१७ करोड़) भी पहले दिन इतना बढ़िया कलेक्शन नहीं दे पायी थी।
वरुण धवन- अपनी बढ़िया कॉमेडी, एक्शन और ठीकठाक अभिनय के बलबूते वरुण धवन युवाओं के पसंदीदा अभिनेता माने जाते हैं। उनकी दो फिल्मों दिलवाले और कलंक ने २१ करोड़ का कारोबार किया है।  कलंक ने पहले इन २१.६० करोड़ का कारोबार किया। लेकिन, यह दोनों फ़िल्में सितारों से भरी फ़िल्में थी। दिलवाले में शाहरुख़ खान नायक थे। कलंक में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, आदि सितारों की भीड़ जुटी थी। इस लिहाज़ से उनकी सोलो फिल्मों पर निगाहें डाले तो १६.१० करोड़ के कलेक्शन के साथ जुड़वा २ उनकी पहले दिन सबसे ज़्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म मानी जा सकती है।
रणवीर सिंह- हालाँकि, रणवीर सिंह ने संजय लीला भंसाली और  दीपिका पादुकोण के साथ तीन फ़िल्में  गोलियों की रास लीला : राम- लीला, बाजीराव- मस्तानी और पद्मावत बड़ी हिट फ़िल्में मानी जाती है। लेकिन, पहले दिन के कारोबार के लिहाज़ से २०.७२ करोड़ के  कलेक्शन के साथ एक्शन फिल्म सिम्बा अव्वल है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा- सिद्धार्थ मल्होत्रा पर बॉक्स ऑफिस सबसे कम भरोसा करता है। एक समय, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने एक के बाद पांच फ्लॉप फ़िल्में बार बार देखो, अ जेंटलमैन, इत्तफ़ाक़, ऐयारी और जबरिया जोड़ी दी थी। लेकिन, इनके ठीक बाद रिलीज़ फिल्म मरजावां ने १६.७२ करोड़ का पहला दिन निकाल कर बॉलीवुड को चौंका दिया था।
कार्तिक आर्यन- हालाँकि, कार्तिक आर्यन ने सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी १०० करोड़ का कारोबार करने वाली फिल्म है। लेकिन, उनकी लव आजकल के अलावा किसी भी फिल्म ने दहाई में ओपनिंग नहीं ली थी। लव आजकल का पहले दिन का कारोबार १२ करोड़ था। 
आयुष्मान खुराना- युवा पीढी के सबसे भरोसेमंद अभिनेताओं में आयुष्मान खुराना का ट्रैक रिकॉर्ड इस लिहाज़ से बढ़िया है कि उनकी कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर घाटा नहीं खाती।  उन्होंने शुभ मंगल सावधान, अंधाधुन, बधाई हो और आर्टिकल १५ जैसी हिट फ़िल्में दी है। लेकिन, पहले दिन १२.४ करोड़ का सबसे अच्छा कारोबार करने वाले फिल्म ड्रीम गर्ल है।
विक्की कौशल - हालाँकि, विक्की कौशल ने सुपर हिट राज़ी और ब्लॉकबस्टर उरी द सर्जिकल स्ट्राइक दी है। लेकिन, उनके प्रशंसकों को जान कर आश्चर्य होगा कि उनकी किसी भी फिल्म ने दहाई में ओपनिंग नहीं ली है। उनकी सबसे अच्छी ८.२० करोड़ की ओपनिंग लेने वाली फिल्म उरी थी।
इन युवा सितारों में बॉलीवुड का राजकुमार कौन
बॉलीवुड के युवा सितारों ने बॉक्स ऑफिस पर भरोसे की ईमारत बनानी शुरू कर दी है। लेकिन, इनमे बॉक्स ऑफिस का राजकुमार किसे माना जाए ? इन सात अभिनेताओं में सबसे वरिष्ठ रणवीर सिंह है। उन्होंने २०१० में फिल्म बैंड बाजा बारात से शुरुआत की थी। वह १२ फ़िल्में कर चुके हैं। उनकी दो दो फ़िल्में ब्लॉकबस्टर, सुपरहिट और हिट हैं। फ्लॉप फिल्मों की संख्या सिर्फ २ है। इसके बाद कार्तिक आर्यन ने २०११ में प्यार का पंचनामा से करियर की शुरुआत की। उनके नाम कोई भी ब्लॉकबस्टर फिल्म दर्ज नहीं है। अब तक ९ फ़िल्में कर चुके कार्तिक आर्यन ने दो-दो सुपरहिट और हिट फ़िल्में दी हैं। उनकी चार फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं। वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर (२०१२) से एक साथ शुरुआत की थी। यह दोनों अब तक क्रमशः १३ और ११ फ़िल्में कर चुके हैं। इन दोनों के खाते में कोई ब्लॉकबस्टर फिल्म दर्ज नहीं है। वरुण धवन ने ४ हिट और ५ सेमी हिट फ़िल्में दी हैं। उनकी सिर्फ २ फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं। इस लिहाज़ से, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फ्लॉप की भरमार कर रखी है। उनकी दो फ़िल्में सेमी हिट, एक हिट और ३ औसत है तथा ५ फ़िल्में फ्लॉप हुई है। आयुष्मान खुराना का फिल्म डेब्यू २०१२ में विक्की डोनर से हुआ। उनकी  १४ फ़िल्में प्रदर्शित हो चुकी हैं। उनकी ४ फ़िल्में सुपरहिट, २-२ हिट और सेमी हिट तथा ३ औसत फिल्म दे चुके हैं। उनकी फ्लॉप फिल्मों की संख्या भी ३ ही है। टाइगर श्रॉफ २०१४ में हीरोपंथी से फिल्मों में आये। उन्होंने अब तक प्रदर्शित ८ फिल्मों में एक ब्लॉकबस्टर, एक सुपरहिट, एक हिट और दो सेमी हिट फिल्मे दी है। उनकी तीन फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं। विक्की कौशल ने फिल्म मसान (२०१५) से डेब्यू किया। उनकी अब तक की सात फिल्मों में एक एक ब्लॉकबस्टर और सुपरहिट रही है। उनकी ५ फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं। इस विवरण से प्रशंसक अंदाज़ा लगा लें कि कौन बॉक्स ऑफिस का राजकुमर है !

No comments:

Post a Comment