Tuesday 4 August 2020

सुशांत से अक्षय कुमार तक वाणी कपूर

वाणी कपूर का फिल्म करियर, २०१३ में रिलीज़ रोमकॉम फिल्म शुद्ध देसी रोमांस से सुशांत सिंह राजपूत और परिणीती चोपड़ा के साथ शुरू हुआ था। जहाँ, सुशांत और परिणीती का करियर इस फिल्म के बाद रफ़्तार पकड़ने लगा, वही वाणी कपूर को दूसरी हिंदी फिल्म के लिए तीन साल प्रतीक्षा करनी पड़ी। वाणी कपूर की दूसरी फिल्म बेफिक्रे २०१६ में रिलीज़ हुई। यह फिल्म ज़बरदस्त फ्लॉप हुई।
दुरुस्त आई वाणी
लेकिन, ऐसा लगता है कि वाणी कपूर की देर आयद दुरुस्त हुई है। सुशांत के साथ पहली फिल्म करने वाली वाणी ने रणवीर के साथ फ्लॉप फिल्म दी, ज़रूर। लेकिन, वापसी दुरुस्त की। उनकी तीसरी फिल्म वॉर थी, जो २०१९ में प्रदर्शित हुई थी। दो नायकों हृथिक रोशन और टाइगर श्रॉफ वाली इस फिल्म में वाणी कपूर के जोडीदार हृथिक रोशन थे। सोने पर सुहागा यह हुआ कि वॉर साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। हालाँकि, वॉर में वाणी कपूर की भूमिका काफी छोटी थी। लेकिन, वह इस भूमिका में भी प्रभाव छोड़ पाने में कामयाब हुई थी।
वॉर के बाद कामयाबी
इस कामयाबी का नतीजा सामने है। सुशांत सिंह राजपूत और रणवीर सिंह के साथ फ़िल्में करने वाली वाणी कपूर के करियर में नया मोड़ वास्तव में वॉर के बाद ही आया। आदित्य चोपड़ा ने, अपनी खालिस एक्शन फिल्म शमशेरा में रणबीर कपूर की नायिका वाणी कपूर को बना दिया। करण मल्होत्रा के निर्देशन में इस फिल्म में रणबीर कपूर और संजय दत्त की भूमिका डकैतों की बताई जा रही है।
शमशेरा और बेल बॉटम
वाणी कपूर की सफलता का रथ यही आ कर नहीं रुक रहा। कभी छः साल में तीन फ़िल्में कर सकने वाली वाणी कपूर ने अब रणबीर कपूर के साथ शमशेरा के बाद, अक्षय कुमार के साथ स्पाई फिल्म बेल बॉटम भी पा ली है। इस फिल्म की शूटिंग अगस्त से यूके में शुरू हो सकती है।

No comments:

Post a Comment