Tuesday 11 August 2020

बोनी कपूर की बॉम्बे गर्ल नहीं हेलेन है जाह्नवी कपूर !


इस साल, बोनी कपूर ने अपनी बेटी जाह्नवी कपूर को मुख्य भूमिका में लेकर बॉम्बे गर्ल बनाने का ऐलान किया था। लेकिन, वर्तमान परिस्थिति में बॉम्बे गर्ल का आगे बढ़ना मुमकिन नहीं लग रहा है। इसलिए यह फिल्म होल्ड में डाल दी गई है।
बॉम्बे गर्ल नहीं हेलेन
लेकिन, अपनी बेटी को बॉम्बे गर्ल नहीं बना सके बोनी कपूर, अब उन्हें हेलेन बनाना चाहते हैं। यह हेलेन, सलमान खान की सौतेली माँ नहीं, बल्कि एक फिल्म का नाम है। बोनी कपूर ने मलयालम फिल्म हेलेन के हिंदी रीमेक के अधिकार खरीद लिए है। इसी हिंदी रीमेक में जाह्नवी कपूर हेलेन की भूमिका में होंगी।
जीने के लिए जद्दोजहद
मलयालम फिल्म हेलेन, २०१९ में रिलीज़ सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म की मुख्य चरित्र हेलेन एक चिकन हब में काम करती हैं। एक दिन धोखे से उसका मेनेजर, उसे फ्रीजर रूम में बंद कर देता है। हेलेन को -१८ डिग्री सेंटीग्रेड के फ्रीजर रूम में रहते हुए, खुद को जीवित रखना है। इस जद्दोजहद में वह अपना पाँव तोड़ बैठती है। इसके बावजूद, उसकी जीने के लालसा मौत पर भारी पड़ती है। उसे पांच घंटे बाद जिंदा निकाल लिया जाता है।
२३ साल की अन्ना और जाह्नवी
जाह्नवी कपूर हिंदी रीमेक में हेलेन की भूमिका करेंगी। मलयालम फिल्म में इस भूमिका को अभिनेत्री अन्ना बेन ने किया था। यह अन्ना बेन की दूसरी फिल्म थी। इत्तफाक की बात है कि जाह्नवी कपूर और अन्ना बेन २३ साल की ही है। अलबत्ता, जाह्नवी कपूर की अब तक दो फ़िल्में धड़क और घोस्ट स्टोरीज रिलीज़ हो चुकी है। वॉर फिल्म गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल १२ अगस्त को नेटफ्लिक्स से स्ट्रीम होगी।
मानवीय संवाद
फिल्म हेलेन की सबसे ख़ास बात थी मानवीय संवाद। हेलेन को जीवित बचाने में मॉल का चौकीदार ख़ास भूमिका निभाता है, क्योंकि वही बताता है कि अन्ना मॉल से बाहर नहीं निकली थी। जब अन्ना का पिता उससे पूछता है कि तुम्हे यह कैसे समझ में आया कि अन्ना मॉल से बाहर नहीं गई तो चौकीदार बताता है कि वह जब भी बाहर निकलती थी तो उसे देख कर मुस्कराती ज़रूर थी। हेलेन की एक मुस्कराहट ने उसका जीवन बचा लिया।


No comments:

Post a Comment