Thursday 20 June 2019

बॉक्स ऑफिस पर फ़क़ीर और कबीर !


इस हफ्ते, किसी फिल्म के रिलीज़ होने से पहले का जश्न तो नहीं मनाया जा रहा। लेकिन, पिछले हफ्ते वाला सन्नाटा भी नहीं है। इस हफ्ते कबीर और फ़क़ीर आमने सामने होंगे। बेशक कहानी में फंसते फंसाते और उलझन से निकलते। डॉक्टर कबीर सिंह बने शाहिद कपूर और फ़क़ीर अजातशत्रु बने धनुष क्या गुल खिला पाते हैं, इसी पर ट्रेड की निगाहें होंगी। लेकिन, ध्यान रहे कि बेशक कबीर और फ़क़ीर के बीच एक तीसरी फिल्म फंसते फंसाते भी है, लेकिन मैदान कबीर सिंह के लिए बिल्कुल खाली है, क्योंकि द एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ़ द फ़क़ीर फ्रेंच इंग्लिश फिल्म है, जो तमिल में भी रिलीज़ हो रही है। 


अजातशत्रु उर्फ़ अज बने धनुष
निर्देशक केन स्कॉट की फिल्म द एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ़ द फ़क़ीर की कहानी मुंबई से ब्रुसेल्स, रोम और पेरिस तक फैली है। इस फिल्म के अजातशत्रु या अज, तमिल फिल्म सुपरस्टार और हिंदी फिल्म राझना के नायक धनुष हैं। इस फिल्म की भाषा फ्रेंच, इंग्लिश और तमिल है। लेकिन, फिल्म में हिंदी बोलों वाले गीत भी खूब है और बॉलीवुड डांसिंग भी। इसलिए भाषा न समझ पाने वाले दर्शक भी फिल्म का मज़ा ले सकते हैं।


शराबी डॉक्टर कबीर सिंह शाहिद कपूर
रंगून और बत्ती गुल मीटर चालू जैसी असफलता के बाद, शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह रिलीज़ हो रही है। तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी के हिंदी रीमेक में, शाहिद कपूर ने बहुत ज़ल्द आपा खो देने वाले शराबी सर्जन कबीर सिंह की भूमिका की है। फिल्म के ट्रेलर से शाहिद कपूर छा जाते हैं। फिल्म में उनका रोमांस किअरा अडवाणी बनी हैं। अर्जुन रेड्डी पर तमिल में आदित्य वर्मा भी बनाई जा रही है। कबीर सिंह का निर्देशन अर्जुन रेड्डी के संदीप वंगा ने ही किया है।


क्या होगा रागिनी का करिश्मा ? 
एक अंतर्राष्ट्रीय फिल्म और एक बड़ी हिंदी फिल्म के बीच फंसी लगती है, निर्देशक अमित अगरवाल की कॉमेडी ड्रामा रोमांस फिल्म फंसते फंसाते। इस फिल्म में नायक-नायिका अर्पित चौधरी और करिश्मा शर्मा हैं। करिश्मा शर्मा टीवी एक्ट्रेस हैं तथा उन्होंने प्यार का पञ्चनामा २ और होटल मिलन जैसी फ़िल्में की हैं। लेकिन, वेब सीरीज रागिनी एमएमएस रिटर्न्स की रागिनी की कामुक भूमिका ने उन्हें पहचान दी है। इस फिल्म में भी वह इसी खासियत के साथ मौजूद हैं। 

No comments:

Post a Comment