Wednesday 26 June 2019

R Madhavan के निर्देशक की रॉकेट्री


हिंदी फिल्म दर्शकों का, आर माधवन से पहला परिचय, निर्देशक गौतम मेनन की फिल्म रहना है तेरे दिल में में दिया मिर्ज़ा के नायक के तौर पर हुआ था।  हालाँकि, वह इस फिल्म के पांच साल पहले, सुधीर मिश्रा की फिल्म इस रात की सुबह नहीं में एक क्लब सिंगर के तौर पर नज़र आये थे।

रहना है तेरे दिल में हिट हुई। इसके बाद, माधवन ने हिंदी की रंग दे बसंती, गुरु और दिल्ली हाइट जैसी फ़िल्में की।  कंगना रनौत के साथ फिल्म तनु वेड्स मनु और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स में माधवन की जोड़ी खूब जमी और फिल्म खूब चली।  माधवन ने हिट फ़िल्में ही नहीं दी, आमिर खान जैसे बॉलीवुड सुपरस्टार के साथ रंग दे बसंती और ३ इडियट्स में रंग जमा दिया।

इसके बावजूद, वह कभी भी बॉलीवुड के बड़े अभिनेताओं में शुमार नहीं किये गए।

अब हिंदी दर्शकों का माधवन से नया परिचय होने जा रहा है।  वह अब दर्शकों के सामने बतौर निर्देशक पेश होने जा रहे हैं।  फिल्म रॉकेट्री : द नाम्बी इफ़ेक्ट का निर्देशन आर माधवन कर रहे हैं।  इस फिल्म में वह इसरो के वैज्ञानिक नाम्बी नारायणन की भूमिका भी करेंगे।

यह फिल्म उस घटना पर आधारित है, जिसमे केरल पुलिस द्वारा इसरो के एक वैज्ञानिक को जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।  पिछले साल ही, सर्वोच्च न्यायलय ने इस वैज्ञानिक को न्याय दिया। रॉकेट्री द नाम्बी इफ़ेक्ट इसी वैज्ञानिक की संघर्ष कथा है।

इस फिल्म में, फिल्म अभिनेत्री सिमरन ने नाम्बी की पत्नी की भूमिका की है।  माधवन और सिमरन ने २००१ और २००२ में के बालाचंदर और मणिरत्नम की फिल्मों में नायक-नयिका की भूमिका की थी। सिमरन ने, सावन कुमार टाक की फिल्म सनम हरजाई से हिंदी फिल्म डेब्यू किया था।  उनकी पिछली रिलीज़ हिंदी फिल्म युवा (२००४) थी। इस प्रकार से, सिमरन १५ साल बाद हिंदी फिल्म दर्शकों के सामने होंगी।

रॉकेट्री द नाम्बी इफ़ेक्ट हिंदी, अंग्रेजी  और तमिल में रिलीज़ की जाएगी।  इस फिल्म की शूटिंग भारत के अलावा प्रिंसटन, स्कॉटलैंड, फ्रांस और रूस में हुई है।  रॉकेट्री द नाम्बी इफ़ेक्ट अगले साल रिलीज़ होगी।

No comments:

Post a Comment