Monday 18 December 2017

मिलाप ज़वेरी की फिल्म में पूजा हेगड़े का हाथ युद्ध

नवंबर  में यह ऐलान किया गया था कि जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई निर्माता निखिल अडवाणी निर्देशित फिल्म करेंगे।  इस फिल्म का निर्देशन मिलाप ज़वेरी कर  रहे हैं।  अब इस एक्शन से भरपूर थ्रिलर फिल्म से पूजा हेगड़े को भी जोड़ लिया गया है।   दर्शकों ने पूजा हेगड़े को २०१६ में रिलीज़ हृथिक रोशन की फिल्म मोहनजोदड़ो में चानी की भूमिका में देखा था।  मोहनजोदड़ो बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई थी।  पूजा का फिल्म करियर ख़त्म हो गया होता अगर वह तमिल और तेलुगु फिल्मों में पहले से ही स्थापित नहीं होती।  अलबत्ता, हिंदी पेटी में पूजा का ज़िक्र उनके सोशल कार्यों के लिए हमेशा सुर्ख़ियों मे होता रहा।  पिछले दिनों यह खबर थी कि सलमान खान अपनी फिल्म रेस ३ में जैक्विलिन फर्नांडिस के अलावा एक दूसरी अभिनेत्री के रूप में पूजा हेगड़े को लेना चाहते हैं।  हालाँकि, अभी पूजा ने फिल्म साइन नहीं की है।  लेकिन, उनके नाम की सुर्खियां कम  नहीं हो रही।  अब खबर यह है कि निर्देशक मिलाप ज़वेरी ने पूजा हेगड़े को अपनी फिल्म में शामिल कर लिया है।  पूजा को फिल्म में हैंड टू हैंड कॉम्बैट यानि हाथों से गुत्थमगुत्था युद्ध लड़ने होंगे।  यानि  लड़ते समय उनके हाथों में कोई हथियार नहीं होगा।  इसके लिए फिटनेस काफी ज़रूरी होती है।  पूजा हेगड़े खुद को हमेशा से फिट रखने  में विश्वास रखती रही  हैं।  इसीलिए मिलाप ज़वेरी और निखिल अडवाणी को लगता है कि पूजा इस किरदार को कुशलतापूर्वक कर सकती हैं।  पूजा हेगड़े के  बारे में ताज़ातरीन खबर यह है कि उन पर विपुल शाह की भी निगाहें लगी हुई हैं।  विपुल शाह २००७ की हिट फिल्म नमस्ते लंदन की सीक्वल फिल्म नमस्ते कनाडा बना रहे हैं।  अब टाइटल मिल जाने के बाद इस फिल्म को नमस्ते इंग्लैंड के टाइटल से जाना जायेगा।  इस फिल्म में अर्जुन कपूर परिणीति चोपड़ा की जोड़ी पहले से ही है।  अब खबर यह है कि विपुल शाह इस फिल्म में एक दूसरी नायिका जोड़ना चाहते हैं।  इस दूसरी नायिका की भूमिका कौन करेगी ? विपुल को दिशा पाटनी और पूजा हेगड़े में से किसी एक को चुनना है।  जानकार बताते हैं कि पूजा हेगड़े का पलड़ा ज़्यादा भारी है।  अगर, पूजा हेगड़े को विपुल शाह की फिल्म भी मिल गई तो वह तीन तीन हिंदी फिल्मों की नायिका बन जाएंगी।  

No comments:

Post a Comment