Tuesday 19 December 2017

सोनाक्षी सिन्हा की हैप्पी के लिए जस्सी गिल

उडता पंजाब से दिलजीत दोसांझ और सेकंड हैंड हस्बैंड से गिप्पी ग्रेवाल के बॉलीवुड डेब्यू के बाद अब तीसरे पंजाबी पॉप सिंगर और पंजाबी फिल्म एक्टर जस्सी गिल का हिंदी फिल्म डेब्यू हो रहा है।  खन्ना,  लुधियाना के जसदीप सिंह गिल पॉप म्यूजिक के क्षेत्र में जस्सी गिल के नाम से मशहूर हैं।  बैचमेट उनका पहला एल्बम था, जो २०११ में रिलीज़ हुआ।  उनका पंजाबी फिल्म डेब्यू २०१४ में फिल्म मिस्टर  एंड मिसेज ४२० से हुआ।  अब वह हैप्पी भाग जाएगी (२०१६) की  सीक्वल फिल्म हैप्पी भाग जाएगी रिटर्न्स  से हिंदी फिल्म डेब्यू करने जा रहे हैं।  २०१६ की हैप्पी भाग जाएगी एक सिख लड़की हैप्पी की थी, जो  शादी की रात घर से भाग जाती है और संयोगवश पाकिस्तानी पहुँच जाती है।  फिल्म में हैप्पी का किरदार डायना पेंटी ने किया था।  सीक्वल फिल्म में भी डायना पेंटी है।  इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा को भी शामिल किया गया है।  सोनाक्षी सिन्हा भी फिल्म  में हैप्पी की भूमिका कर रही हैं।  इससे ऐसा प्रतीत होता है कि  हैप्पी भाग जाएगी रिटर्न्स में दो दो हैप्पी हैं।  जस्सी गिल सोनाक्षी सिन्हा वाली हैप्पी के साथ रोमांस कर सकते हैं।  इस फिल्म के निर्देशक मुदस्सर अज़ीज़ ही हैं।  जस्सी गिल को अभिनय से लगाव है।  वह हरचंद कोशिश करते हैं अपने अभिनय को मांजने की।  हैप्पी भाग जाएगी रिटर्न्स के डायरेक्टर मुदस्सर अज़ीज़ इस काम में जस्सी की काफी मदद  करते हैं।  सोनाक्षी सिन्हा के लिए यह पहला मौका होगा, जब वह किसी पंजाबी पॉप सिंगर के साथ अभिनय करेंगी।  सोनाक्षी सिन्हा को भी गाने का शौक हैं।  उनका एक सिंगल आज दिल इश्कहॉलिक है २०१५ में रिलीज़ हुआ है।  जस्सी के लिए सोनाक्षी सिन्हा के साथ फिल्म करना स्वप्न के सच  साबित होने जैसा है।  वह किसी भी दशा में ऐसा  सुनहरा मौक़ा जाने नहीं देंगे।  वह कहते हैं, "मैं पूरी मेहनत से अपना काम करूंगा और दिखा दूंगा।" जहाँ तक संगीत का सवाल है, अभिनय में व्यस्त  होने के बावजूद जस्सी संगीत रचना भी कर रहे हैं।  उनका एक सिंगल गिटार सिखदा  हाल ही में रिलीज़ हुआ है।  यह एक सरल रोमांटिक पंजाबी गीत है। 

No comments:

Post a Comment