Sunday 29 September 2019

कुछ बॉलीवुड की २९ सितम्बर २०१९



द स्काई इज पिंक के लिए प्रीतम के साथ गुलज़ार
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गीतकार गुलजार और लोकप्रिय फिल्म संगीतकार प्रीतम की जोड़ी का, फिल्म द स्काई इज पिंक के गीत का विडियो जारी हो चुका है। प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर पर फिल्माया गया दिल ही तो है मुखड़े वाला यह गीत सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। गीत की खासियत है इसके सार्थक बोल और मधुर संगीत। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, जय गंगाजल (२०१६) के बाद, बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं। द स्काई इज पिंक एक पारिवारिक संवेगों से भरपूर फिल्म है। ऎसी फिल्मो के गीतों का अर्थवान होना ज़रूरी होता है। इस लिहाज़ से, अपनी धुनों पर गुलज़ार से बोल लिखवाना, संगीतकार प्रीतम का सही फैसला लगता है। क्योंकि, गीत के बोलों को अर्थ देना गुलज़ार के बस की ही बात है।  इस गीत से, फिल्म के दो मुख्य किरदारों के बीच की केमिस्ट्री ख़ास तौर पर उभर कर आती है। दोनों के बीच का रोमांस, श्रोताओं के दिलों को रोमांस से भर देने वाला बन जाता है। गुलजार और प्रीतम की गीतकार-संगीतकार जोड़ी ने इस फिल्म से पहले जस्ट मैरिड (२००७), बिल्लू (२००९) और राजनीति (२०१०) के गीतों पर साथ काम किया है। अब द स्काई इज पिंक में गुलजार के साथ को लेकर प्रीतम कहते हैं, “गुलज़ार साब के साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है। दिल ही तो है बहुत ख़ास गीत है।प्रीतम ने, दिल ही तो है गीत की विशिष्टिता बनाए रखने के लिए इसे तीन गायक कलाकारों अरिजीत सिंह, निखिल दिसौज़ा और अन्तर माली से गवाया है।

गाँधी जयंती पर बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट मुक़ाबला !
इस साल गाँधी जयंती पर बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प वॉर होगी। हमेशा की तरह बॉलीवुड से एक बड़ी फिल्म गाँधी जयंती के राष्ट्रीय अवकाश का फायदा उठाने के लिए प्रदर्शित हो रही है। यशराज फिल्म्स की सिद्धार्थ आनंद निर्देशित एक्शन ड्रामा थ्रिलर फिल्म वॉर में हृथिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर मुख्य भूमिका में है। हिंदी बेल्ट के ज़्यादातर सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स थिएटरों में वॉर की धूम है। लेकिन, इस फिल्म को चुनौती दें प्रदर्शित हो रही है तेलुगु फिल्म अभिनेता चिरंजीवी की तेलुगु फिल्म सयेरा नरसिम्हा रेड्डी का हिंदी में डब संस्करण। सयेरा दक्षिण भारत से पहले स्वतंत्रता संग्राम पर बड़े बजट की पीरियड ड्रामा एक्शन फिल्म है। इस फिल्म का बजट २५० करोड़ है तथा चिरंजीवी और उनके बेटे रामचरण का महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट है। चिरंजीवी भी अपनी फिल्म को ख़ास तौर पर हिंदी बेल्ट में सफल बनाने को लेकर चिंतित है। दरअसल, वॉर भी हिंदी के अलावा तेलुगु और तमिल में डब कर रिलीज़ हो रही है। चिरंजीवी को लगता है कि तेलुगु वॉर उनकी फिल्म को हिंदी बेल्ट में नुकसान पहुंचा सकती है। यही चुनौती वॉर के सामने भी है। सयेरा हिंदी में रिलीज़ हो रही है। इस फिल्म को फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट जोरशोर से रिलीज़ करने जा रही है। इस कंपनी द्वारा पिछले साल प्रदर्शित फिल्म केजीएफ़ चैप्टर १ ने शाहरुख़ खान की फिल्म जीरो को उखाड़ दिया था। यशराज फिल्म की भी यही चिंता है। इसलिए, ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन बटोरने के प्रयास किये जा रहे हैं। हृथिक रोशन और टाइगर श्रॉफ का बहुचर्चित डांस मुकाबला गीत जय जय शिव शंकर रिलीज़ किया जा चुका है। उधर निर्माता रामचरण भी सयेरा नरसिम्हा रेड्डी के हिंदी ट्रेलर में अमिताभ बच्चन और तमन्ना भाटिया के किरदारों को तरजीह दे रहे हैं। इस लिहाज़ से, २ अक्टूबर का मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है।

अक्षय कुमार से आदित्य स्याल तक किआरा अडवाणी
बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री किआरा अडवाणी के लिए 'गुड न्यूज़; है कि वह 'लक्ष्मी बॉम्ब' होने के साथ साथ 'शेरशाह' की 'भूल भुलैया में भी शामिल हैं। जी हाँ, यह सब अभिनेत्री किअरा अडवाणी की फिल्मों के नाम हैं, जिनमे वह बॉलीवुड के बड़े छोटे अभिनेताओं के साथ नायिका बन कर आ रही हैं। बड़ी फ्लॉप फिल्म कलंक की अभिनेत्री होने के कलंक को शाहिद कपूर के साथ सुपरहिट फिल्म कबीर सिंह से धोने वाले किआरा अडवाणी की इस साल की आखिरी फिल्म गुड न्यूज़ है, जो २७ दिसम्बर को प्रदर्शित होगी। इस फिल्म के बाद, किअरा अडवाणी के प्रशंसक दर्शकों को उनकी अगली फिल्म के लिए ५ महीनों का इंतज़ार करना होगा। क्योंकि, उनकी अगली फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब ईद वीकेंड पर २२ मई २०२० को प्रदर्शित होगी। गुड न्यूज़ और लक्ष्मी बॉम्ब के नायक अक्षय कुमार है। फर्क इतना है कि किआरा अडवाणी, गुड न्यूज़ में अक्षय कुमार की नहीं दिलजीत दोसांझ की जोड़ीदार बनी हैं।  सोशल ड्रामा फिल्म गुड न्यूज़ और हॉरर कॉमेडी फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब के बाद, किआरा अडवाणी की दो फ़िल्में और रिलीज़ होनी है। बायोपिक वॉर फिल्म शेरशाह भारतीय सेना के कैप्टेन विक्रम बत्रा के जीवन पर है। सिद्धार्थ मल्होत्रा कैप्टेन की भूमिका में हैं। दूसरी फिल्म इन्दू की जवानी है, जिसमे किआरा आदित्य स्याल के साथ मुख्य भूमिका कर रही हैं। अब उन्हें, अनीस बज्मी ने अपनी कॉमेडी फिल्म भूल भुलैया २ में कार्तिक आर्यन की नायिका के तौर पर चुन लिया है। किआरा अडवाणी की फिल्मों की ख़ास बात यह नज़र आती हैं कि उनकी फिल्मे किसी ख़ास जॉनर और एक्टर के साथ नहीं हैं। बेशक अक्षय कुमार के साथ गुड न्यूज़ और लक्ष्मी बॉम्ब कर रही हैं। लेकिन दोनों की नायिका नहीं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और आदित्य स्याल जैसे एक्टरों के साथ फ़िल्में कर वह यह साबित कर पाने में कामयाब होती हैं कि उन्हें अपनी फिल्मों के नायकों से अधिक खुद पर भरोसा है।

संदीप वंगा के डेविल बनेंगे रणबीर कपूर
तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी और इसके हिंदी रीमेक कबीर सिंह को सफल बनाने वाले निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा, बॉलीवुड के एक्टरों की पहली पसंद बन गए हैं। बॉलीवुड का हर अभिनेता संदीप की फिल्म में काम करना चाहता है। लेकिन, संदीप की अपनी पसंद है कि वह किस अभिनेता को कैमरा के सामने पेश करना चाहते हैं। संदीप वंगा की अर्जुन रेड्डी और कबीर सिंह रोमांटिक ड्रामा फ़िल्में थी। लेकिन, अब संदीप थ्रिलर में हाथ आजमाना चाहते हैं। रुचिकर बात यह है कि संदीप ने अपनी थ्रिलर फिल्म का नाम डेविल रखा है। डेविल नाम से, पाठकों को सलमान खान का फिल्म किक में चरित्र देवी लाल सिंह उर्फ़ डेविल याद आ सकता है। संदीप वंगा की फिल्म डेविल का नायक सचमुच का डेविल है या कोई सुपर ह्यूमन अवतार ? लेकिन, संदीप वंगा इस डेविल को परदे पर लाने के लिए बॉलीवुड के रणबीर कपूर को लेना चाहते हैं। खबर है कि संदीप ने अपनी फिल्म की रूपरेखा रणबीर कपूर को सुनाई है। रणबीर कपूर, इससे काफी प्रभावित हैं। उन्होंने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। बताते हैं कि संदीप वंगा, पहले डेविल को तेलुगु में सुपरस्टार महेश बाबु के साथ बनाना चाहते थे। उन्होंने महेश बाबू को अपनी फिल्म का आईडिया सुनाया भी। महेश बाबु को यह आईडिया तो पसंद आया, लेकिन उन्हें लगा कि डेविल उनकी और उनके दर्शकों की पसंदगी के लिहाज़ से काफी डार्क है। उन्होंने, किसी दूसरे आईडिया के साथ फिल्म विक्सित करने के लिए कहा। लेकिन, वंगा का यह आईडिया रणबीर कपूर को भा गया। उन्होंने फिल्म पर सहमति दे दी। इसके साथ ही, संदीप वंगा ने डेविल को हिंदी में भी बनाने का फैसला ले लिया।

कोमा से बाहर आये युवा के किरदार में अर्जुन कपूर
इस स्वतंत्रता दिवस, जब हिंदी बेल्ट में बॉलीवुड की दो बड़ी फ़िल्में, अक्षय कुमार की मिशन मंगल और जॉन अब्राहम की बाटला हाउस  प्रदर्शित हुई थी, उसी तारीख़ को तमिलनाडु में एक तमिल फिल्म कमाली (विदूषक) रिलीज़ हुई थी। तमिल फिल्म स्टार जयमरवि की यह हास्य फिल्म प्रदीप रंगनाथन की बतौर निर्देशक पहली थी। इस फिल्म के सामने, तमिल सुपरस्टार अजित कुमार की, बॉलीवुड फिल्म पिंक की तमिल रीमेक नरकोंडा पारवाई भी रिलीज़ हुई थी।  इसके बावजूद, कमाली ने बॉक्स ऑफिस पर बहुत बढ़िया कारोबार किया था। इसे देखते हुए, नरकोंडा पारवाई के निर्माता बोनी कपूर ने, फिल्म कमाली के विश्व की सभी भाषाओं में रीमेक के अधिकार खरीद लिए । उन्होंने यह ऐलान किया है कि कमाली के हिंदी रीमेक के नायक उनके बेटे अर्जुन कपूर होंगे। हालाँकि,  फिल्म की बाकी की स्टारकास्ट और निर्देशक तय नहीं हुए हैं। फिल्म की कहानी खुशमिज़ाज़ स्कूली छात्र की है, जो एक दुर्घटना के बाद कोमा में  चला जाता है।  सोलह साल बाद, जब वह कोमा से बाहर आता है तो पाता है कि  उसका शहर काफी बदल गया है। वह अपने आधुनिक शहर की तकनीक के साथ तालमेल नहीं बैठा पा रहा है। यह कहानी काफी दिलचस्प लगती है। अर्जुन कपूर के लिए अपनी श्रेष्ठता साबित करने के भरपूर मौके होंगे।  उन्होंने आधुनिक शहर की उच्च तकनीक से तालमेल न बैठा पाने  वाले युवा की मनोभावनाओं को उभारने का मौका मिलेगा।  अगर हिट कमाली की रीमेक फिल्म हिट हो गई तो नमस्ते इंग्लैंड और इंडियाज मोस्ट वांटेड जैसी बड़ी फ्लॉप  फिल्मों का दंश झेल रहे अर्जुन कपूर का दर्द कुछ कम होगा।  अर्जुन कपूर की दो फ़िल्में संदीप और पिंकी फरार और पानीपत इसी साल रिलीज़ होंगी। 

फराह खान की फिल्म में हृथिक का भाई आयुष
जबसे रोहित शेट्टी ने, अजय देवगन के अलावा शाहरुख़ खान और रणवीर सिंह के साथ सफल फ़िल्में दी हैं और आज भी वह अक्षय कुमार के साथ सूर्यवंशी बना रहे हैं, यह खबरें फैलती रहती हैं कि सलमान खान, रोहित शेट्टी के साथ फिल्म करने के लिए खुले मन से तैयार हैं।  अलबत्ता, सलमान खान ने, फराह खान की कोरियोग्राफ की गई कुछ फिल्मों में डांस स्टेप्स किये हैं।  शायद, इसीलिए निर्माता रोहित शेट्टी का अपनी सह निर्माता और फिल्म की निर्देशक फराह खान की फिल्म सत्ते पे सत्ता के रीमेक में फिल्म के नायक हृथिक रोशन के भाई की भूमिका में, सलमान खान के बहनोई और लवयात्री के फ्लॉप एक्टर आयुष शर्मा को ले लिया है। यह फिल्म, १९८२ में प्रदर्शित राज एन सिप्पी निर्देशित फिल्म सत्ते पे सत्ता का रीमेक है।  यह फिल्म सात भाइयों की अपनी दुल्हनों की खोज की कहानी है। १९८२ की फिल्म के नायक अमिताभ बच्चन दोहरी भूमिका में थे। फराह खान निर्देशित सत्ते पे सत्ता मे यह भूमिका हृथिक रोशन कर रहे हैं। सत्ते पे सत्ता की दूसरी भूमिकाओं के लिए एक्टरों की तलाश की जा रही है।  इस लिहाज़ से यह कहना ज़रा मुश्किल है कि आयुष को किस भूमिका के लिए लिया गया है। लेकिन, सलमान खान के बहनोई होने के रुतबे को देखते हुए, उनके सचिन पिलगांवकर  वाली भूमिका करने की उम्मीद की जा सकती है। यह किरदार सबसे बड़े भाई के सबसे नज़दीक था। आयुष शर्मा, इस समय करण ललित बुटानी की फिल्म क्वाथा में एक सैन्य अधिकारी की एक्शन से भरपूर भूमिका कर रहे हैं।

कंचना ३ की हीरोइन बॉलीवुड मे
मामूली बजट में बनी, फिल्म कोरियोग्राफर, निर्देशक और अभिनेता राघव लॉरेंस की  तमिल फिल्म मुनि (२००७) की ब्लॉकबस्टर सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक उनकी इस फिल्म के तीन सीक्वल मुनि : कंचना, मुनि ३: कंचना २- गंगा और मुनि २: कंचना ३ काली प्रदर्शित हो चुके हैं। मुनि सीरीज की फिल्मों की इस सफलता से उत्साहित हो कर बॉलीवुड फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने, न केवल मुनि: कंचना का हिंदी रीमेक लक्ष्मी बॉम्ब बनाने का फैसला किया, बल्कि इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भी राघव लॉरेंस को सौंप रखी है। इस फिल्म में अक्षय कुमार खुद किन्नर लक्ष्मी की केंद्रीय भूमिका कर रहे हैं। मुनि सीरीज की फिल्मों की अखिल भारतीय सफलता का फायदा इस सीरीज की अभिनेत्रियों को भी हो रहा है। मुनि सीरीज की चौथी फिल्म मुनि २: कंचना ३ काली, इस साल १९ अप्रैल को प्रदर्शित हुई है। इस फिल्म में नायक राघव उर्फ़ काली की तीन बहने हैं। इन तीन बहनों की भूमिका वेदिका, ओविया और निक्की तम्बोली ने की है। वेदिका और ओविया दक्षिण की कई फिल्मों की जानी पहचानी हैं। लेकिन, कंचना ३, निक्की तम्बोली की डेब्यू फिल्मों में से एक है। हालाँकि, उनकी एक तमिल फिल्म कंचना ३ से पहले रिलीज़ हो चुकी थी। लेकिन, कंचना ३ की निक्की की शोहरत बॉलीवुड तक पहुँच गई है। वह लेखक और निर्देशक राजेश बजाज की फिलहाल अनाम फिल्म से बॉलीवुड को अपनी प्रतिभा से परिचित कराने जा रही हैं। राजेश बजाज ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाली फिल्म चिल्लर पार्टी को लिखा है।  खबर है कि राजेश बजाज की फिल्म बोल्ड विषय पर होगी। इस फिल्म से किसी सितारे के बच्चे का डेब्यू भी हो सकता है। लेकिन, निक्की तम्बोली को हिदायत दी गई है कि वह सख्त डाइटिंग करें, ताकि उनकी सेक्सी फिगर बन सके। इस हिदायत से इतना तो साफ़ हो जाता है कि निक्की तम्बोली का बॉलीवुड डेब्यू बोल्ड एंड ब्यूटीफुल होने जा रहा है।

No comments:

Post a Comment