Wednesday 18 September 2019

पांच भाषाओं में 'निशब्दम' Anushka Shetty


हेमंत मधुकर की हॉरर थ्रिलर फिल्म निशब्दम यानि साइलेंस की रिलीज़ की तारीख़ अभी तय नहीं है।  लेकिन, इस फिल्म के पोस्टर पांच भाषाओं तेलुगु, तमिल, मलयालम, हिंदी और इंग्लिश मे रिलीज़ हुए हैं।  निशब्दम, अंग्रेजी में साइलेंट टाइटल के साथ, इन्ही पांच भाषाओँ में रिलीज़ की जाएगी।  दिलचस्प बात यह है कि पांच भाषाओं में बोलती इस फिल्म की नायिका साक्षी एक गूंगी- बहरी पेंटर है।  इस भूमिका को बाहुबली की राजकुमारी अवंतिका अनुष्का शेट्टी कर रही हैं।

लेडी सुपरस्टार अनुष्का !
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में लेडी सुपरस्टार से मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी का हिंदी दर्शकों से पहला परिचय बाहुबली सीरीज की दो फिल्मों की अवंतिका से हुआ था।  हालाँकि, उनकी तेलुगु भाषा की कई फ़िल्में, टीवी के दर्शक हिंदी में डब संस्करण में देख चुके हैं।  बाहुबली जैसी बड़ी सफलता का बावजूद, २०१८ में उनकी सिर्फ एक फिल्म बागमती ही थी।  यह फिल्म भी एक्शन हॉरर थ्रिलर फिल्म थी।  फिल्म में अनुष्का दोहरी भूमिका में थी तथा उनकी इस भूमिका के लिए सराहना भी हुई। अनुष्का की दो फ़िल्में अरुंधति और नागवल्लि भी हॉरर फ़िल्में थी।

क्रॉसओवर निशब्दम
अनुष्का शेट्टी की हॉरर थ्रिलर फिल्म निशब्दम एक क्रॉसओवर फिल्म है।  इस फिल्म की पृष्ठभूमि सीएटल अमेरिका है।  फिल्म में भारतीय एक्टर माधवन, अंजलि पांडेय और सुब्बराजु के अलावा बाकी ज़्यादातर एक्टर हॉलीवुड से हैं।  फिल्म के निर्देशक हेमंत मधुकर हॉरर फ़िल्में बनाने में माहिर है। उन्होंने, इस फिल्म से पहले दो हिंदी फ़िल्में अ फ्लैट और मुंबई १२५ किलोमीटर ३डी थी।  यह दोनों ही फ़िल्में हॉरर जॉनर की फ़िल्में थी। अलबत्ता, उनकी इकलौती रिलीज़ तेलुगु फिल्म एक एक्शन रोमांस फिल्म थी।

गूंगी चित्रकार अनुष्का शेट्टी
फिल्म निशब्दम में अनुष्का शेट्टी ने गूंगी चित्रकार साक्षी की भूमिका की है। इस भूमिका के लिए उन्होंने साइन लैंग्वेज यानि संकेत भाषा सीखी है।  इस फिल्म में उनका सामना हॉलीवुड की रिजर्वायर डॉग्स, किल बिल, द हेटफुल हेट के वरिष्ठ एक्टर माइकल मैडसन से हो रहा है। इस फिल्म के अलावा, अनुष्का शेट्टी २ अक्टूबर को, चिरंजीवी की पीरियड ड्रामा तेलुगु फिल्म सयेरा नरसिम्हा रेड्डी में झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका में नज़र आएंगी।  

No comments:

Post a Comment