Friday 11 October 2019

Priyanka Chopra का माँ अवतार !


आज रिलीज़ हो रही फिल्म द स्काई इज पिंक से, लगभग चार साल बाद प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड मे वापसी हो रही है। प्रकाश झा निर्देशित कॉप ड्रामा फिल्म जय गंगाजल मे रफ़टफ पुलिस अधिकारी आभा माथुर की भूमिका के बाद, प्रियंका चोपड़ा द स्काई इज पिंक में माँ बन कर आ रही है। वह भी एक नहीं दो दो बच्चों की। हालाँकि, प्रियंका चोपड़ा, खुद को श्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जिताने वाली फिल्म मैरी कोम में भी माँ बन चुकी हैं।

रोमांटिक और माँ का २५ साल का सफर 
पल्मोनरी फाइब्रोसिस की बीमारी से ग्रस्त आयेशा माथुर (ज़यारा वसीम) की इस कहानी का २५ साल का विस्तार अदिति चौधरी और निरेन चौधरी के रोमांस से लेकर आयशा के बीमारी से संघर्ष तक, फैला हुआ है। प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर ने आयशा के माता- पिता की भूमिका की है। इस फिल्म में प्रियंका और फरहान के बीच लम्बे रोमांस दृश्य है। लेकिन, सब पर भारी है, उनका बेटी की बीमारी के लिए संघर्ष।

निर्देशक और एक्टर फरहान 
बॉलीवुड में फरहान अख्तर और प्रियंका चोपड़ा का दोहरा रिश्ता है। फरहान अख्तर ने, प्रियंका चोपड़ा को दो डॉन फिल्मों डॉन द चेज बैगिन्स और डॉन द किंग इज बेक में निर्देशित किया था। इन फिल्मों के नायक शाहरुख़ खान थे। फरहान अख्तर, अपनी बहन की फिल्म दिल धड़कन दो में प्रियंका के प्रेमी की भूमिका में थे। इस दूसरी फिल्म में इन दोनों का पति-पत्नी का रिश्ता है। दोनों के बीच की केमिस्ट्री फिल्म के ट्रेलर में नज़र भी आती है।

ज़ायरा वसीम की आखिरी फिल्म 
सैंतीस साल की प्रियंका चोपड़ा की १८ साल की ऑन स्क्रीन बेटी ज़ायरा वसीम अब बॉलीवुड को अलविदा कह चुकी हैं। इस लिहाज़ से, ज़ायरा के करियर की तीसरी फिल्म, उनकी आखिरी फिल्म बनने जा रही है। दंगल में पहलवान गीता फोगाट और सीक्रेट सुपरस्टार में गायिका इन्सिया मलिक की भूमिका से प्रशंसा बटोर चुकी जयरा के लिए आयशा की भूमिका काफी कठिन और महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता शोनाली 
पत्रकार प्रणव रॉय की बेटी शोनाली बोस, अपनी पहली ही फिल्म अमु से राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी हैं। द स्काई इज पिंक उनके लिए परीक्षा होगी कि वह मुख्य धारा की फिल्मों के दर्शकों को अपनी फिल्म से कितना लुभा पाती हैं ! 

No comments:

Post a Comment