Tuesday 11 June 2019

क्या ! २०० करोड़ के नीचे 'BHARAT' !!!



इसमे कोई शक नहीं कि भारत (BHARAT) अपने मंडे लिटमस टेस्ट में फेल हो गई है। इस फिल्म के सोमवार के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर सभी की निगाहें थी। जिस धमाकेदार तरीके से, फिल्म ने ईद के दिन (५ जून को) शुरुआत की थी, उससे ऐसा लगता था कि फिल्म पहले विस्तारित हफ्ते में २०० करोड़ क्लब बना लेगी। लेकिन, सोमवार को इस फिल्म ने अनुमानित ८.५० करोड़ का कारोबार दिखा कर, इस उम्मीद में पानी फेर दिया लगता है। अब अगर कोई चमत्कार नहीं हुआ तो भारत को २०० करोड़ क्लब में पहुँचना तक मुश्किल हो जाएगा।

कह सकते हैं कि भारत की स्टीम निकल गई है। इस फिल्म का ईद के दिन कारोबार ४२.३० करोड़ का था। यह कारोबार भी उस दिन था, जब शाम ३ बजे से भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच एक दिवसीय विश्व कप क्रिकेट खेला जा रहा था। इस कलेक्शन से ट्रेड और सलमान खान (Salman Khan) के प्रशंसक गदगद हो गए। दूसरे दिन ब्रहस्पतिवार को फिल्म ने ३१ करोड़ का कारोबार किया। इस गिरावट का अंदाजा सभी को था। वर्किंग डे जो था। शुक्रवार को इस कारोबार में लगभग ९ करोड़ की गिरावट हुई। कलेक्शन रहा २२.२० करोड़। ऎसी उम्मीद थी कि वीकेंड में फिल्म जोर लगाएगी। शनिवार को फिल्म ने २६.७० करोड़ का कलेक्शन किया। ट्रेड गदगद हो गया। दम लगा के भारत ! लेकिन, रविवार को, सुबह के शो में ३० प्रतिशत की बढ़ोतरी के बावजूद फिल्म ने २७.९० करोड़ का ही कारोबार किया। यह संकेत था कि भारत की स्टीम निकल गई थी। अब हवा, 'भारत' से  क्रिकेट की ओर बहने लगी थी। 

भारत में क्रिकेट दूसरा धर्म है। विश्व कप तो खैर चार साल में एक बार आता है। जबकि सलमान खान साल में दो फ़िल्में तो देते ही रहते हैं। जैसे इस बार दबंग ३ आने वाली है। उनकी अगले साल भी दो फ़िल्में रिलीज़ होंगी। सलमान खान की फिल्मों में कुछ होता नहीं है। कहानी नदारद होती है। पूरी फिल्म सलमान खान (Salman Khan) की इमेज को भुनाती रहती है। भारत में भी ऐसा ही कुछ था। फिल्म में कहानी भी नदारद थी। कोरियाई फिल्म ओड टू माय फादर (Ode To My Father) पर आधारित इस फिल्म का इमोशन सलमान खान के बस की बात नहीं थी। यहीं भारत मात खा गई। 

No comments:

Post a Comment